समाचार 01 फ़ोटो 01

अमरकंटक–जालेश्वर मार्ग पर बाघिन की दस्तक, दहशत का माहौल, वन विभाग ने सतर्क रहने के दिए निर्देश

अमरकंटक।

पवित्र नगरी अमरकंटक में बाघिन की मौजूदगी से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। वन परिक्षेत्र अमरकंटक की अमरकंटक बीट अंतर्गत पीएफ कक्ष क्रमांक 235–236 के मध्य अमरकंटक–जालेश्वर–शहडोल मुख्य मार्ग के जंगलों में बीते कुछ दिनों से मादा बाघिन देखे जाने की लगातार सूचनाएं मिल रही हैं।

गुरुवार, 5 फरवरी 2026 की रात्रि लगभग 8:30 बजे अमरकंटक–जालेश्वर मार्ग पर सड़क पार करती मादा बाघिन को मार्ग से गुजर रहे लोगों ने देखा। राजेंद्रग्राम निवासी गुप्ता परिवार ने वाहन रोककर बाघिन को फेंसिंग तार पार करने का प्रयास करते हुए देखा। बताया गया कि पहले प्रयास में बाघिन तार पार नहीं कर सकी, किंतु कुछ देर बाद उसने छलांग लगाकर फेंसिंग पार की और दुर्गाधारा जंगल की ओर चली गई। इस दौरान बाघिन के आसपास एक सियार भी घूमता दिखाई दिया।

बाघ के देखे जाने की सूचना गुप्ता परिवार द्वारा तत्काल अपने परिचित नगर परिषद पार्षद देवानंद खत्री को दी गई। पार्षद खत्री ने बिना विलंब किए इस संबंध में वन विभाग के परिक्षेत्राधिकारी को जानकारी दी। अमरकंटक वन क्षेत्र में बाघिन की मौजूदगी की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में भय और सतर्कता दोनों बढ़ गई हैं। इसी दौरान पेंड्रा से अमरकंटक की ओर आ रहे पेंड्रा निवासी एक शिक्षक दंपति ने भी अपनी कार रोककर बाघिन का वीडियो रिकॉर्ड किया। 

वीडियो फुटेज में देखा जा सकता है कि बाघिन जंगल की ओर जाने का प्रयास कर रही थी, लेकिन सड़क किनारे वन विभाग द्वारा लगाए गए कांटेदार तार के कारण वह कुछ समय तक इधर-उधर चहलकदमी करती रही। बाद में बाघिन ने छलांग लगाकर तार पार किया और जंगल की ओर चली गई। छह माह पूर्व इसी क्षेत्र में एक मादा बाघिन द्वारा कई मवेशियों का शिकार किए जाने की घटनाएं भी सामने आई थीं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना था।

मादा बाघिन अचानकमार टाइगर रिजर्व से भटककर इस क्षेत्र में पहुंची है। वन विभाग द्वारा क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है तथा मुनादी कराकर ग्रामीणों और यात्रियों को सतर्क किया गया है। उन्होंने बताया कि अब तक बाघिन द्वारा किसी पशु का शिकार नहीं किया गया है और संभावना है कि वह दिन के समय किसी झाड़ी या घने वन क्षेत्र में छिपी रहती हो। शुक्रवार सुबह निरीक्षण के दौरान पीएफ कक्ष क्रमांक 235–236 के मध्य बाघ के पैरों के निशान भी पाए गए हैं। वन विभाग ने नागरिकों से विशेष रूप से रात्रि के समय अनावश्यक आवागमन से बचने की अपील की है।

समाचार 02 फ़ोटो 02

संत दादा गुरु महाराज के सानिध्य में अमरकंटक में विराट हिंदू सम्मेलन सम्पन्न

*जहां विज्ञान का अंत होता है, वहीं से धर्म, अध्यात्म व सनातन संस्कृति की शुरुआत*

अनूपपुर

पवित्र नगरी अमरकंटक के रामघाट तट पर गुरुवार 5 फरवरी 2026 को नर्मदा पुत्र परिक्रमावासी संत दादा गुरु महाराज के सानिध्य में विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में देश-प्रदेश से आए संतों, जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों एवं बड़ी संख्या में सनातन धर्मावलंबियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यसभा सदस्य (गुजरात) भरत सिंह परमार रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि हिंदुस्तान का भविष्य उज्ज्वल है, किंतु आने वाले समय में चुनौतियाँ भी होंगी, जिनका सामना जाति-पात से ऊपर उठकर एकजुट होकर करना होगा। उन्होंने सनातन संस्कृति की रक्षा हेतु सर्वस्व समर्पण का आह्वान किया। सनातन समाज पर पाँच बिंदुओं पर आत्ममंथन करने का संदेश दिया गया। पर्यावरण संरक्षण पर बल देते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आग्रह किया तथा कहा कि राष्ट्र की पहचान उसकी संस्कृति, भाषा और ध्वज से होती है।

अपने ओजस्वी उद्बोधन में परम तपस्वी संत दादा गुरु महाराज ने कहा कि भारत भूमि वह पावन धरा है जहाँ दिव्य शक्तियों का प्राकट्य हुआ है। गंगा और नर्मदा हमारे लिए मात्र नदियाँ नहीं, बल्कि प्रत्यक्ष भगवती शक्ति हैं। उन्होंने नर्मदा परिक्रमा को साधना और संस्कृति का जीवंत स्वरूप बताते हुए कहा कि यह परंपरा हमें अपनों के साथ जीना सिखाती है।

विराट हिंदू सम्मेलन धार्मिक, सांस्कृतिक और वैचारिक चेतना का सशक्त संगम बनकर अमरकंटक की पावन धरा पर एक ऐतिहासिक आयोजन के रूप में स्मरणीय रहा। उल्लेखनीय है कि मां नर्मदा के अनन्य भक्त नर्मदा पुत्र संत दादा गुरु महाराज के साथ हजारों श्रद्धालु परिक्रमा कर रहे हैं।

मां नर्मदा जी के अनन्य भक्त, नर्मदा पुत्र खंडवा के दादा धूनी वाले महाराज परंपरा के भैया जी सरकार, परम तपस्वी संत दादा गुरु महाराज ने आज प्रातः हजारों समर्थकों एवं नर्मदा परिक्रमावासियों के साथ पवित्र नगरी अमरकंटक में मां नर्मदा जी का विधिवत पूजन-अर्चन कर तट परिवर्तन एवं जल परिवर्तन की पावन धार्मिक परंपरा का श्रद्धापूर्वक निर्वहन किया। उत्तर तट स्थित रामघाट में विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजन-अर्चन एवं महाआरती संपन्न की। तत्पश्चात उन्होंने मां नर्मदा उद्गम स्थल मंदिर में दर्शन कर उद्गम कुंड में विशेष पूजन किया।

समाचार 03 फ़ोटो 03

राष्ट्रव्यापी हड़ताल को सफल बनाने सीटू जिला समिति ने झोकी ताकत

अनूपपुर

सीटू नेताओं ने  ताबड़तोड़  मीटिंगें कर  कर्मचारियों से हड़ताल में बढ़-चढ़कर शामिल होने का आह्वान किया। उक्त आशय की जानकारी सीटू जिला समिति अनूपपुर, के महासचिव कामरेड इन्द्र पति सिंह ने देते हुए बताया कि कोयला मजदूर संगठनों के नेतृत्व कारी साथियो ने 12 फरवरी को होने वाली राष्ट्रीय आम हड़ताल की तैयारी में जगह जगह मीटिंग एवं सभाएं की जा रही है। उन्होंने बताया कि यह हड़ताल ऐतिहासिक एवं अभूतपूर्व होगी। उन्होंने यह दावा गुरुवार को हड़ताल की तैयारियों को लेकर विभिन्न एसोसिएशन के नेतृत्व कारी साथियों को अपील पत्र देते हुए एवं हड़ताल को सफल बनाने में श्रमिकों की रूझान को देखते हुए किया है। उन्होंने जगह जगह श्रमिकों से सहयोग की अपील करते हुए हड़ताल को सफल बनाने का अपील किया। नेतृत्वकारी साथियों ने कोयला कंपनियों के स्थाई  वा ठेका मजदूरों से गेट मीटिंग की एवं संबोधित करते हुए हड़ताल को सफल बनाने का अपील किया। इस अभियान में जमुना कोतमा क्षेत्र, आमाडाड ओ सी एम, बरतराई,9/10/खदान, नारायण खदान,जे एम एस प्राईवेट कोल माइंस बसखला में गेट मीटिंग की गई। इस अभियान में एच एम एस के कौशला धीश ,कौशलेंद्र तिवारी रामाधार केवट,एटक के कामरेड प्रमोद खंडई मुबारक अली, इंटक के मोहन पाव, रमेश कुशवाहा, इकरार, कोयला श्रमिक संघ सीटू से कामरेड अनिल शर्मा, कामरेड उत्तम तिवारी कामरेड तेजभान पांडेय कामरेड सुखदयाल, कामरेड रघुबर, कामरेड प्रदीप मिश्रा, एवं महासचिव कामरेड इंद्रपति सिंह सहित आदि मजदूर नेता शामिल रहे।

समाचार 04 फ़ोटो 04

श्री राम वन पथ गमन स्थल में शबरी माता की प्रतिमा का सीएम करेंगे अनावरण

शहडोल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शबरी जयंती के अवसर पर 8 फरवरी को प्रस्तावित कार्यक्रम को दृष्टिगत रखते हुए कमिश्नर शहडोल संभाग सुरभि गुप्ता एवं कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने जनपद पंचायत जयसिंहनगर के ग्राम गांधिया में की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर की बेहतर साफ सफाई एवं मंदिर की रंगाई पुताई सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि ग्राम गांधिया में प्रस्तावित कार्यक्रम में शबरी माता की मूर्ति का अनावरण, हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण जैसे अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे इसके लिए सभी तैयारियां सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 8 फरवरी को प्रस्तावित कार्यक्रम को दृष्टिगत रखते हुए कमिश्नर शहडोल संभाग सुरभि गुप्ता ने हेलीपैड लालपुर का जायजा लिया एवं आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। 

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को दृष्टिगत रखते हुए विधायक शरद कोल ने जनपद पंचायत जयसिंहनगर के सभागार में अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में  तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

समाचार 05 फोटो 05

अमरकंटक में आयोजित होने वाले पांच दिवसीय महाशिवरात्रि मेला के सभी व्यवस्थाएं हो चाक-चौबंद- कलेक्टर

*कलेक्टर होने वाले मेले की व्यवस्थाओं का लिया जायजा*

अनूपपुर

कलेक्टर हर्षल पंचोली ने आज नगर पालिका परिषद अमरकंटक में महाशिवरात्रि के अवसर पर आयोजित होने वाले पांच दिवसीय मेले की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेले के ले-आउट, पार्किंग व्यवस्था, फायर ब्रिगेड, कचरा वाहन, साफ-सफाई एवं कचरा निस्तारण, विद्युत कनेक्शन, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमरकंटक से प्राप्त की।

इस दौरान कलेक्टर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले में लगने वाली सभी दुकानों के विद्युत कनेक्शनों की जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना न रहे। साथ ही उन्होंने नगर पालिका के अधिकारियों को सभी दुकानों का क्रमांक निर्धारण कर व्यवस्थित रूप से जांच एवं निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुकानों के आवेदन एवं आवंटन प्रक्रिया की जानकारी भी प्राप्त की।

मेले में लगाए जाने वाले झूलों के संबंध में संबंधित इंजीनियर से फिटनेस जांच कर प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के निर्देश दिए, अमरकंटक के सभी तालाबों, कपिलधारा, सोनमुड़ा, नर्मदा कुंड सहित अन्य प्रमुख स्थलों की साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं बेहतर बनाने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि मेले तथा अमरकंटक क्षेत्र में रोस्टर के अनुसार पांच अलग-अलग डॉक्टरों की टीम एवं पांच एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। 

कलेक्टर ने मेले में विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रदर्शनी लगाने तथा बीजापुरी आर्ट अमरकंटक की कोदो सहित अन्य स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रोत्साहित एवं प्रेरित करने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने मेले के दौरान यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की तथा यातायात को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के निर्देश दिए। 

समाचार 06 फ़ोटो 06

परीक्षा पर चर्चा, पीएम मोदी के कार्यक्रम में पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल में छात्र-अभिभावक व जनप्रतिनिधि हुए शामिल

समाचार

जमुनाकोतमा भालूमाडा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम परीक्षा पर चर्चा में पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल भालूमाडा के छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को परीक्षा के तनाव से मुक्त कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन कर माँ सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर की गई। इस अवसर पर भाजपा पसान मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र उर्फ मिंटू मंडल विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री के संदेश को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि परीक्षा पर चर्चा छात्रों को सकारात्मक सोच, समय प्रबंधन और लक्ष्य निर्धारण की दिशा में मार्गदर्शन देता है।

विद्यालय के प्राचार्य सतीश सिंह ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का यह संवाद विद्यार्थियों के मानसिक विकास और आत्मबल को सशक्त करता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक मौजूद रहे। सभी ने प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए सुझावों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

समाचार 07 

जिले में संकल्प से समाधान अभियान के तहत 13929 आवेदनों का किया गया निराकरण 

शहडोल

पात्र हितग्राहियों को भारत सरकार एवं राज्य शासन की हितग्राहीमूलक योजनाओं एवं उन योजनाओं में जिनके लक्ष्य निर्धारित हैं, लक्ष्य अनुरूप लाभ एवं शासन द्वारा प्रदाय की जा रही सेवाओं का लाभ प्रदान करने के लिए प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन हेतु शासन द्वारा संकल्प से समाधान अभियान संचालित किया गया है।  अभियान का प्रथम चरण में 12 जनवरी से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में दल गठित कर जन सामान्य से आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं। 

सीईओ जिला पंचायत शिवम प्रजापति ने बताया कि संकल्प से समाधान अभियान के तहत अभी तक जिले में 15636 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जनपद पंचायत ब्यौहारी में 1393 आवेदन,  जयसिंहनगर जनपद में 3711 आवेदन, गोहपारू जनपद पंचायत में 2472 आवेदन, बुढ़ार जनपद पंचायत में 1510 आवेदन, सोहागपुर जनपद पंचायत में 2472 आवेदन, ब्यौहारी नगर परिषद में 859 आवेदन, धनपुरी नगरपालिका में 1558 आवेदन, खांड़ नगर परिषद में 115 आवेदन तथा बकहो नगर परिषद में 547 आवेदन, बुढ़ार नगर परिषद में 100 आवेदन, शहडोल नगर पालिका में 1778, जयसिंहनगर नगर परिषद में 72 आवेदन प्राप्त हुए हैं। आपने अभियान के संचालन हेतु गठित दलों का भ्रमण कार्यक्रम निर्धारित कर प्रभावी रूप से घर-घर संपर्क कर आवेदन प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं तथा संबंधित निकायों के अधिकारियेां को दैनिक रूप से मानीटरिंग करने को कहा। 

प्राप्त आवेदनों में से जनपद पंचायत जयसिंहनगर में 3711, जनपद पंचायत सोहागपुर में 1776, आवेदनों का, जनपद पंचायत गोहपारू में 1169 आवेदन, जनपद पंचायत ब्यौहारी में 1388, जनपद पंचायत बुढ़ार में 1509 आवेदनो का तथा नगरपालिका शहडोल में 1454 आवेदन, धनपुरी नगरपालिका में 962 आवेदन तथा नगर परिषद ब्यौहारी में 859, बकहो नगर परिषद में 429, नगर परिषद जयसिंहनगर में 53, नगर परिषद बुढ़ार में 95, आवेदनो का निराकरण किया जा चुका है।

समाचार 08 फ़ोटो 08

सीएमओ को नवीन नपा भवन पर अवमानना नोटिस, 1 माह में मांगा जबाब

अनूपपुर

जिले की नगर पालिका अनूपपुर के मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रदीप कुमार झरिया को उद्यान की भूमि पर पालिका भवन निर्माण पर उच्च न्यायालय जबलपुर ने अवमानना का नोटिस जारी कर 4 सप्ताह में जबाब मांगा हैं। याचिकाकर्ता के अधिवक्ता दीपक कुमार पांडे ने बताया कि याचिकाकर्ता ने नगरपालिका अनूपपुर द्वारा उद्यान की भूमि पर नए भवन को लेकर उच्च न्यायालय जबलपुर में 28 अप्रैल 2025 को याचिका दायर की थी, जिस पर उच्च न्यायालय ने 90 दिनों के अंदर नियमानुसार स्पीकिंग ऑर्डर जारी करने का आदेश दिया था, परन्तु याचिकाकर्ता के आवेदन पर बिना कोई निर्णय लिए भूमि पर नए भवन का गम दिनों उद्घाटन कर दिया गया। जिससे व्यथित होकर याचिकाकर्ता ने पुनः उच्च न्यायालय जबलपुर में अवमानना याचिका प्रस्तुत की थी, जिस पर शुक्रवार को सुनवाई करते हुए उच्च न्यायालय ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रदीप कुमार झरिया को नोटिस जारी किया हैं।

समाचार 09

बालिका संप्रेक्षण गृह व शिशु गृह का किया निरीक्षण 

शहडोल

किशोर न्याय अधिनियम 2015 की धरा 54 के तहत  गठित जिला स्तरीय निरीक्षण समिति के सदस्यों द्वारा शासकीय बालिका संप्रेक्षण गृह एवं अशासकीय शिवालय शिशु गृह शहडोल का त्रैमासिक निरीक्षण किया गया है।  संस्‍था में निवासरत बच्‍चों को शासन के नियमानुसार  मिल रही मलभूत सुविधाओं के साथ-साथ बच्‍चों के स्‍वास्‍थ्‍य,पोषण एवं शिक्षा संबंधी जानकारी ली गई। 

समाचार 10

आरोपियो पर 10 हजार रूपये का ईनाम घोषित

उमरिया

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार भागवानी ने धारा 457, 380 भादावि के आरोपी कुलदीप सिंह पिता स्व० धीरज सिंह उम्र 26 साल ग्राम बिजौरी थाना मानपुर, मनोज व्दिवेदी पिता मुनी महेश व्दिवेदी उम्र 38 साल ग्राम बिजौरी थाना मानपुर पर पांच हजार रूपये तथा धारा 363, 70 (क)भादावि एवं 3 (2) (व्ही) एससीएसटी एक्ट के आरोपी ऋषि सिंह पिता बरफ सिंह निवासी दयालपुर वल्लभगढ जिला फरीदाबाद हरियाणा पर पांच हजार रूपये का ईनाम घोषित किया है । ईनाम वितरण के संबंध में पुलिस अधीक्षक का अंतिम निर्णय मान्य होगा।

समाचार 11

नेशनल लोक अदालत का होगा आयोजन

 शहडोल

म0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार तथा माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शहडोल के0एन0सिंह के मार्गदर्शन में वर्ष 2026 की प्रथम नेशनल लोक अदालत का आयोजन  14 मार्च को जिला न्यायालय शहडोल एवं सिविल न्यायालय ब्यौहारी, बुढ़ार तथा जयसिंहनगर में किया जाएगा। उक्त नेशनल लोक अदालत में राजीनामा योग्य आपराधिक प्रकरण, सिविल प्रकरणों, चेक बाउन्स के प्रकरणों, पारिवारिक एवं वैवाहिक प्रकरणों, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरणों, बैंक एवं वित्तीय संस्थानों के प्रीलिटिगेशन प्रकरणों आदि का निराकरण किया जायेगा।  

        

 *ग्राउंड रिपोर्ट: सीएम का रूट 'सैनिटाइज' करने में चूका प्रशासन? कागजों पर सुरक्षा के दावे, जमीन पर धधकता खतरा*


*बुढार/शहडोल: 

8 फरवरी को माननीय मुख्यमंत्री का काफिला लालपुर हवाई पट्टी से नेशनल हाईवे होते हुए धनपुरी की ओर बढ़ेगा। सुरक्षा एजेंसियां (आईबी, स्पेशल सेल और जिला पुलिस) इस रूट को 'जीरो टॉलरेंस जोन' घोषित कर चुकी हैं। लेकिन, हाईवे किनारे स्थित शिव बर्मन की जली दुकान और वहां रात भर जलता गैस सिलेंडर सुरक्षा के इन दावों पर एक बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर रहा है। 

सुरक्षा एजेंसियों के 'ब्लू बुक' प्रोटोकॉल के अनुसार, मुख्यमंत्री के गुजरने वाले मार्ग पर निम्नलिखित सुरक्षा उपाय अनिवार्य हैं। एंटी-सबोटैज चेक (AS चेक) दौरे से 48 घंटे पहले बम निरोधक दस्ता (BDDS) पूरे मार्ग की जांच करता है। मार्ग में आने वाले हर गड्ढे, पुलिया और दुकान की तलाशी ली जाती है। सवाल: क्या इस जांच में जलता हुआ सिलेंडर नहीं दिखा।

मार्ग के किनारे से हर संदिग्ध वस्तु, लावारिस वाहन या ज्वलनशील पदार्थ को हटा दिया जाता है। चूक: घटनास्थल से मात्र 100 मीटर दूर पेट्रोल पंप है और वहां रात भर सिलेंडर का जलना एक बड़े धमाके को न्यौता दे रहा था। रूट पर हर 500 मीटर पर पुलिस पॉइंट होता है और मोबाइल पेट्रोलिंग वैन लगातार गश्त करती है। यदि गश्त हो रही थी, तो बुढार पुलिस को रात 2 बजे लगी इस आग और जलते सिलेंडर की गंभीरता का अंदाजा क्यों नहीं हुआ।

*स्ट्रीट ऑडिट: रूट पर पड़ने वाले पेट्रोल पंपों और गैस गोदामों के लिए विशेष सुरक्षा निर्देश जारी किए जाते हैं।*


*पत्रकारों का तीखा सवाल:* 

*'वीवीआईपी रूट' पर इतनी बड़ी ढिलाई क्यों?आज जब हमने हेलीपैड की चाक-चौबंद व्यवस्था देखी, तो लगा कि प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। लेकिन उसी मार्ग पर एक गरीब की दुकान जला दी गई और विस्फोटक स्थिति पैदा करने वाला सिलेंडर घंटों जलता रहा।*

*क्या यह महज एक हादसा है या सुरक्षा में जानबूझकर की गई सेंध?**

*क्या मुख्यमंत्री के आगमन से पहले इस मार्ग को सुरक्षित बनाने की जिम्मेदारी सिर्फ कागजों तक सीमित थी?*

मुख्यमंत्री की सुरक्षा का मतलब सिर्फ उनके आसपास कमांडो की तैनाती नहीं है, बल्कि उस पूरे मार्ग का सुरक्षित होना है जिससे वे गुजरेंगे। शिव बर्मन की दुकान की आग बुझ गई होगी, लेकिन सुरक्षा में हुई इस चूक की तपिश प्रशासनिक गलियारों तक जरूर पहुंचनी चाहिए। 8 फरवरी को जब मुख्यमंत्री का काफिला यहां से गुजरेगा, तो यह जली हुई दुकान सुरक्षा एजेंसियों की विफलता का मौन गवाह बनेगी।*

समाचार 01 फ़ोटो 01

राज्यमंत्री ने 911.99 लाख रुपये के लागत से नवीन संयुक्त तहसील कार्यालय भवन का किया भूमि पूजन 

अनूपपुर

मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा है कि अनूपपुर जिला विकास के क्षेत्र में निरंतर अग्रसर हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व तथा जिले के समस्त अधिकारियों के सामंजस्यपूर्ण प्रयासों से जिला प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राज्यमंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा अनूपपुर जिले को अनेक विकास कार्यों की सौगात प्रदान की गई है। इन्हीं में से एक महत्वपूर्ण परियोजना कोतमा में नवीन संयुक्त तहसील कार्यालय परिसर का निर्माण है, जिसका आज भूमि पूजन संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि कोतमा में प्रशासनिक ढांचे को नया तहसील भवन मजबूत करेगा। राज्यमंत्री श्री जायसवाल आज अनूपपुर जिले के कोतमा में आयोजित नवीन संयुक्त तहसील कार्यालय भवन के भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

राज्यमंत्री ने कहा कि जब विधायिका, कार्यपालिका एवं न्यायपालिका पूर्ण मनोयोग और समर्पण के साथ कार्य करती हैं, तो सभी योजनाएँ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण होती हैं। उन्होंने संबंधित निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि संयुक्त तहसील कार्यालय परिसर का निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि कोतमा क्षेत्र के नागरिकों को शीघ्र इसका लाभ प्राप्त हो सके।

इस अवसर पर कलेक्टर हर्षल पंचोली ने कहा कि कोतमा में नवीन तहसील भवन के निर्माण से आम नागरिकों एवं अधिवक्ताओं को राजस्व संबंधी अनेक सुविधाएँ सुलभ हो सकेंगी। उन्होंने बताया कि अनूपपुर जिले में विकास कार्य तीव्र गति से संचालित हो रहे हैं तथा जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का समुचित लाभ सभी नागरिकों तक पहुँचे। राज्यमंत्री दिलीप जायसवाल ने अनूपपुर जिले के कोतमा में 911.99 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले नवीन संयुक्त तहसील कार्यालय भवन का भूमि पूजन किया। 

समाचार 02 फ़ोटो 02

संपदा अधिकारी का तानाशाही रवैया, पूर्व कर्मचारी के साथ अमानवीय व्यवहार का गंभीर मामला

अनूपपुर

जमुना कोतमा एसईसीएल के जमुना–कोतमा क्षेत्र में प्रबंधन की कार्यशैली एक बार फिर विवादों में घिर गई है। माइनर्स कॉलोनी, जमुना टाउनशिप निवासी वरिष्ठ पूर्व कर्मचारी जगन्नाथ प्रसाद गर्ग ने प्रबंधन, विशेष रूप से संपदा अधिकारी एवं जी.एम. ऑपरेशन अजय कुमार सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि न्यायालयीन प्रकरण लंबित होने के बावजूद बिना किसी पूर्व सूचना के उनके आवास का बिजली और पानी कनेक्शन काट दिया गया, जो नियमों और मानवीय संवेदनाओं दोनों के विपरीत है।

पीड़ित के अनुसार, उनका मामला वर्ष 2014 से उच्च न्यायालय जबलपुर में लंबित है। कंपनी के नियम 25.3 के तहत न्यायालयीन प्रकरण लंबित रहने तक आवास सुरक्षा का प्रावधान है, इसके बावजूद प्रबंधन द्वारा लगातार दबाव बनाया जा रहा है और बेदखली की मानसिक प्रताड़ना दी जा रही है।

जगन्नाथ प्रसाद गर्ग का आरोप है कि 30 जनवरी 2026 को वे अपने पुत्र के साथ बिजली-पानी की समस्या और नोटिस के संबंध में सुनवाई के लिए संपदा अधिकारी के कार्यालय पहुंचे, जहां न तो उनकी बात सुनी गई और न ही कोई वैधानिक समाधान दिया गया। उलटे अधिकारी द्वारा ऊंची आवाज में डांटते हुए पिता-पुत्र का घोर अपमान किया गया और उन्हें कार्यालय से बाहर कर दिया गया। एक वरिष्ठ नागरिक का अपने ही पुत्र के सामने इस प्रकार अपमान किया जाना निंदनीय बताया जा रहा है।

पीड़ित का कहना है कि बिजली-पानी काटना न केवल अमानवीय कृत्य है, बल्कि यह न्यायालय की अवमानना की श्रेणी में भी आता है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि मानसिक तनाव, अपमान या मूलभूत सुविधाओं के अभाव के कारण उन्हें या उनके परिवार को किसी भी प्रकार की क्षति होती है, तो इसकी जिम्मेदारी एसईसीएल प्रबंधन और संबंधित अधिकारी की होगी।

समाचार 03 फ़ोटो 03

तीन हाथी दिन में जंगल में करते हैं आराम, रात में फसलो व घरो को बनाते है निशाना

अनूपपुर

विगत 45 दिनों से तीन हाथियों का समूह दो अलग-अलग भागों में बट कर अनूपपुर एवं जैतहरी तहसील के इलाके में विचरण कर रहे है जो दिन के समय जंगल में रहकर रात होते ही एक हाथी जंगल से निकल कर खेतों में लगी फसलो को अपना आहार बनाता है जबकि दो हाथी विगत 5 दिनों से दिन एवं रात के समय जंगल में ही बिता रहे हैं। 

एक दांत वाला एक नर हाथी विगत 5 दिनों से तहसील थाना एवं वन परिक्षेत्र अनूपपुर के सोनमौहरी बीट के जंगल में दिन के समय विश्राम करने बाद शाम एवं रात होने पर जंगल से निकल कर जंगल से लगे ग्राम पंचायत अमगवां में गेहूं अरहर की फसल को निरंतर चार दिनों से आहार बना रहा है जिसे खेत से भगाने के लिए ग्रामीण जनों द्वारा हो-हल्ला एवं अन्य तरह के साथ हाथी के पास खेत में पटाखा जलाकर फेंकते हैं जिसे होशियार हाथी खेत में गेहूं खाते समय जलता पटाखा की ओर तेजी से बढ़कर अपने पैरों से जलता हुआ पटाखा को दबा कर नष्ट कर देता है तथा ग्रामीणों को तेजी से चिंघाड़ थे हुए दौड़ाता है 

ग्राम पंचायत सेंदुरी के संजय पिता तरेरा चर्मकार के घर के पास पहुंचकर ईट की दीवार तोड़कर आंगन में लगे केला के पेड़ों तथा दो बोरी में रखें धान को खाते हुए, खेतों में लगी गेहूं की फसल को खा कर पेट भरने पर गुरुवार की सुबह होने के पूर्व पांचवें दिन सोनमौहरी के बांस एवं अन्य तरह के वृक्षारोपण वाले जंगल में जाकर विश्राम कर रहा है। वहीं इसके दो हाथी विगत पांच दिनों से तहसील थाना एवं वन परिक्षेत्र जैतहरी के वन बीट धनगवां अंतर्गत ग्राम पंचायत क्योटार के कुसुमहाई ग्राम पंचायत पड़रिया के चोई एवं भलुवान टोला तथा ग्राम पंचायत कुकुरगोड़ा के बेल्हाटोला कोशम टोला से लगे जंगल में दिन एवं रात के समय विचरण कर रहे है।

समाचार 04 फ़ोटो 04

पटवारी संघ ने विभिन्न समस्याओं पर कलेक्टर को सौपा ज्ञापन, निराकरण नही तो अनिश्चित कालीन हड़ताल

अनूपपुर

मध्य प्रदेश पटवारी संघ जिला इकाई अनूपपुर में कलेक्टर को अवगत कराया कि जिला-अनूपपुर में पदस्थ पटवारी अपनी सेवा का निर्वहन पूरी निष्ठा से लगातार कर रहे है परन्तु उनके कार्य के दौरान आने वाली कुछ न्यायोचित समस्याएं है जिनका निराकरण किया जाना अति आवश्यक है ।

 अनूपपुर जिले की समस्त तहसीलों में विगत 100 दिवस से अधिक समय से एवं रविवार व अन्य शासकीय अवकाश के दिनों में भी शाम 6:00 बजे से रात 9 या 10:00 तक बैठक का आयोजन किया जा रहा है जो नियम विरुद्ध होकर पटवारी को प्रताड़ित करने की योजना बन चुका है ऐसी योजना का हम विरोध करते हैं और असमय बैठक करने से पटवारी के सामान्य जीवन एवं स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है और उसकी कार्य क्षमता घट चुकी है विभिन्न पारिवारिक आवश्यकता की पूर्ति नहीं कर पा रहे हैं केवल एक शाम की बैठक में न जाने पर तीन दिवस का वेतन मन माने ढंग से काटा जा रहा है।

जिला प्रशासन के द्वारा पटवारी को स्पष्ट तौर पर निशाने में लिया जा रहा है पटवारी की गलती है या नहीं इसकी जांच किए बिना उनके ऊपर अत्यधिक मात्रा में मनमाने अर्थदंड अध्यारोपित करने के आदेश प्रसारित किया जा रहे हैं बिना कार्य करने का अवसर दिए ही समीक्षा की जाती है जिससे अपेक्षित प्रगति स्वाभाविक रूप से कम होती है फिर सीधे निलंबन कर दिया जाता है जांच किया जाना उचित प्रतीत नहीं होता है ऐसी समस्त नियम विरुद्ध कार्रवाई वापस लिया जाए। और भी दर्जनों समस्याओ पर पर विचार कर निराकरण किया जाए।

 उक्त के संबंध में दो दिवस में निराकरण नहीं किया जाता है तो दिनांक 09 फरवरी 2026 को समस्त पटवारी अनूपपुर जिले की संपूर्ण कार्यों का बहिष्कार का सामूहिक अवकाश व् उसके पश्चात अनिश्चित कालीन हड़ताल पर जाने हेतु विवश होंगे।

समाचार 05 फ़ोटो 05

कुए में मिला था शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, न्याय की मांग को लेकर कलेक्टर आफिस में धरना

शहडोल

जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र के कुंड गांव में करीब एक माह पहले कुएं में मिली एक युवक की लाश को लेकर अब मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पुलिस जहां इस घटना को सामान्य मौत मान रही है, वहीं परिजन इसे साजिशन हत्या बताते हुए न्याय की मांग पर अड़े हुए हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को मृतक के परिजन, गांव के सरपंच सहित दर्जनों ग्रामीण जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए।

जानकारी के अनुसार कुंड गांव निवासी भगवान दिन सिंह गोड 2 जनवरी को घर से दुकान जाने की बात कहकर निकला था। अगले दिन 3 जनवरी को उसका शव घर से महज 200 मीटर दूर स्थित एक कुएं में उतराता हुआ मिला था। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद इसे सामान्य मौत मानते हुए कार्रवाई की, लेकिन परिजनों ने शुरू से ही इस पर सवाल उठाए।

मृतक की पत्नी भागवती सिंह ने आरोप लगाया कि उनके पति की हत्या कर शव को कुएं में फेंका गया है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद से ही उन्होंने कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के नाम पुलिस को दिए थे, लेकिन आज तक न तो उन्हें थाने बुलाया गया और न ही उनसे पूछताछ की गई। इसी उपेक्षा से आहत होकर वे गांव के लोगों के साथ धरने पर बैठने को मजबूर हुई हैं।

धरने की सूचना मिलते ही अपर कलेक्टर (एडीएम) सरोधन सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर ज्ञापन लिया। एडीएम ने निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। हालांकि परिजनों का कहना है कि जब तक उनके द्वारा बताए गए संदेहियों पर हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वे धरने से नहीं उठेंगे। फिलहाल कलेक्टर कार्यालय परिसर में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। प्रशासन परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहा है, वहीं ग्रामीणों की मांग है कि मामले की दोबारा गंभीरता से जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए और दोषियों को कड़ी सजा मिले।

समाचार 06 फ़ोटो 06

गल्ला व्यापारी से क्रिप्टो करेंसी के नाम पर 91 लाख की धोखाधड़ी, मामला दर्ज

अनूपपुर

राकेश अग्रवाल, निवासी जैतहरी द्वारा थाना जैतहरी में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह गल्ला व्यापारी है। दिनांक 19 जनवरी 2026 को वाट्सएप कॉल के माध्यम से एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा स्वयं को “पीटर पॉल” बताते हुए तथा क्रिप्टो करेंसी मार्केट का सीनियर अकाउंट मैनेजर होना बताकर क्रिप्टो करेंसी मार्केट में निवेश कर अधिक मुनाफा दिलाने का प्रलोभन दिया गया। उक्त अज्ञात व्यक्ति द्वारा छलपूर्वक क्रिप्टो करेंसी में निवेश कराकर फरियादी से कुल 91 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। रिपोर्ट पर थाना जैतहरी द्वारा तत्परता से धोखाधड़ी का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक अनूपपुर द्वारा विशेष टीम गठित कर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया। विवेचना के दौरान अब तक धोखाधड़ी की गई राशि में से लगभग 25 लाख रुपये को पुलिस द्वारा होल्ड/लीन कराया जा चुका है। उक्त राशि को वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कर फरियादी को वापस दिलाने हेतु आवश्यक कार्रवाई जारी है।

प्रकरण में संलिप्त आरोपियों की तलाश की जा रही है तथा शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। प्रकरण की विवेचना निरंतर जारी है।

समाचार 07 फ़ोटो 07

मवेशी चराने गई महिला पर जंगल मे भालू ने किया हमला, हुई मौत, दूसरे दिन मिला शव

शहडोल 

जिले के केशवाही वन परिक्षेत्र अंतर्गत कूड़ेली जंगल में भालू के हमले से एक महिला की मौत हो गई। मवेशी चराने जंगल गई महिला का शव अगले दिन घर से करीब तीन किलोमीटर दूर जंगल में मिला है। मृतका की पहचान कूड़ेली गांव निवासी विमला सिंह गोड (32) पति पप्पू सिंह के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार विमला सिंह मंगलवार दोपहर रोज की तरह अपने मवेशियों को जंगल चराने गई थी। शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। फिर से परिजन जंगल की ओर खोजबीन के लिए निकले, तभी दोपहर के समय महिला का शव जंगल में मिला। शव पर भालू के हमले के गहरे और बड़े घाव पाए गए। सूचना मिलने पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच के बाद पुष्टि की कि महिला की मौत भालू के हमले से हुई है।

केशवाही रेंजर अंकुर तिवारी ने बताया कि मृतका के परिजनों को तत्काल राहत के रूप में 10 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई है। इसके अलावा शासन से मिलने वाले 8 लाख रुपये के मुआवजे की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, जो परिजनों के खाते में भेज दी जाएगी।

वन विभाग ने बताया कि कूड़ेली जंगल और आसपास के क्षेत्रों में भालुओं की मौजूदगी पहले से ज्ञात थी। इसी को देखते हुए कुछ दिन पहले गांवों में मुनादी कराई गई थी और लोगों को जंगल की ओर न जाने की सलाह दी गई थी। रेंजर ने कहा कि केशवाही वन परिक्षेत्र में भालुओं की संख्या अधिक है, इसलिए विभाग लगातार गश्त कर रहा है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है।

गौरतलब है कि लगभग तीन माह पहले भी इसी वन परिक्षेत्र में खेत में काम कर रही एक महिला पर भालू ने हमला कर उसकी जान ले ली थी। ताजा घटना उस स्थान से करीब 15 किलोमीटर दूर जंगली रास्ते पर हुई है।

समाचार 08

कोयले के अवैध खनन एवं परिवहन पर कार्यवाही

 शहडोल

कलेक्टर डॉ. केदार सिंह के निर्देशानुसार शहडोल में रेत एवं कोयले सहित अन्य खनिजो के अवैध उत्खनन एवं परिवहन की रोकथाम के लिए मैदानी अमले द्वारा निरंतर कार्यवाही की सुनिश्चित की जा रही है। जिला खनिज अधिकारी राहुल साडिल्य ने जानकारी दी है कि कलेक्टर डॉ. केदार सिंह के निर्देशानुसार जनपद पंचायत बुढार के गाम बुटरा में खनिज एवं पुलिस विभाग के द्वारा संयुक्त रूप  से कोयले के अवैध खनन एवं परिवहन पर कार्यवाही की गई जिसमें कोयला खनिज का अवैध खनन एवं परिवहन करने पर एक जेसीबी एवं एक ट्रक जप्त किया गया। वाहन मशीन के चालकों के द्वारा बताया गया की दोनों वाहन, मशीन श्री विजय यादव निवासी बटूरा का है, जिनके कहने पर कोयला खनिज का अवैध खनन, परिवहन कराया जा रहा था। वाहनों को मौके पर इनके चालकों से जप्त किया गया  एवं वाहनों को थाना अमलाई की अभिरक्षा मे खड़ा करवाया गया है। उक्त कार्यवाही में खनि निरीक्षक अभिषेक पटले एवं अमलाई थाना प्रभारी भूपेंद्रमणि पांडेय की भूमिका रही।

समाचार 09 

परीक्षा व्यवस्था व निरीक्षण हेतु उडनदस्ता दल गठित

उमरिया 5 फरवरी । कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन ने हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्डरी परीक्षा की पवित्रता, गुणवत्ता एवं विश्वसनीयता बनाये रखने के लिये मण्डल द्वारा निर्धारित 45 परीक्षा केन्द्रों में परीक्षा संचालन व्यवस्था के औचक निरीक्षण किये जाने हेतु निरीक्षण दलों (उड़नदस्ता) का गठन किया है। 

समाचार 10

पांच हजार रूपये का ईनाम घोषित

उमरिया 5 फरवरी । पुलिस अधीक्षक विजय कुमार भागवानी ने कहा है कि जो कोई व्यक्ति ऐसी सूचना देगा  जिसके आधार पर अपृहता कि दस्तयाबी, गिरफ्तारी संभव हो सके उसे पांच हजार रूपये के पुरस्कार से पुरस्कृत किया जाएगा। ईनाम वितरण के संबंध में पुलिस अधीक्षक जिला उमरिया का अंतिम निर्णय मान्य होगा।

समाचार 11

अवैध रेत से भरी ट्रेक्टर ट्राली जब्त, मामला दर्ज

उमरिया

जिले के तहसीलदार बांधवगढ दिलीप सोनी ने बताया कि राजस्व निरीक्षक उमरिया  लखनसिंह के साथ फार्मर रजिस्ट्री हेतु क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्राम कछरवार - खेरवाखुर्द मार्ग पर रेत से भरी हुई ट्रेक्टर नीले रंग की ट्राली (जिस पर वाहन नंबर अंकित नही था) में लोड खनिज (रेत) को अवैध परिवहन करते हुए पाया गया।  मौके पर आवश्यक दस्तावेज (ट्रांजिट पास/ड्राइविंग लायसेंस/वर्क आर्डर इत्यादि) प्रस्तुत नही किये गये और न ही ट्रेक्टर वाहन में आगे एवं पीछे रजिस्ट्रेशन नंबर लगा होना पाया गया जिस कारण वाहन को जप्त किया गया। वाहन चालक  द्वारा ट्रेक्टर मालिक का नाम वाजिद अली उर्फ पिंटू भाई जान पिता स्व० मो० अली निवासी रमपुरी तहसील बांधवगढ़ बताया गया। मौके पर कार्यवाही का पंचनामा तैयार किया गया ट्रेक्टर वाहन को चौकी प्रभारी उप थाना भरौली की सुर्युदगी में दिया गया है।



MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget