शराब तस्करी कर रहे युवक का नेशनल हाइवे 43 में बस से टकराकर हुई मौत


अनूपपुर

एमसीबी जिले का निवासी अमित श्रीवास, जो लेदरी गांव का रहने वाला था, वह नेशनल हाईवे 43 पर एक सड़क दुर्घटना में मौत का शिकार हो गया। यह घटना जिला अनूपपुर के कोतमा क्षेत्र में हुई। मृतक की पहचान अमित श्रीवास के रूप में हुई, जो मनेन्द्रगढ़ के ग्रीन पार्क बार में काम करता था।

पुलिस के अनुसार अमित पल्सर मोटरसाइकिल से सफर कर रहा था और उसके पिट्ठू बैग में 12 बोतल महंगी शराब थी। कोतमा थाना क्षेत्र के सेंट जोसेफ स्कूल के पास उसकी मोटरसाइकिल एक बस से टकरा गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। दुर्घटना में बैग में रखी 5 बोतल शराब टूट गई, जबकि बाकी 7 बोतल को कोतमा पुलिस ने जब्त कर लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रीन पार्क बार के संचालक अस्पताल पहुंचे। हालांकि, उन्होंने मृतक को पहचानने से इनकार करते हुए कहा कि वह अब उनके बार में काम नहीं करता था। लेकिन बार के अन्य कर्मचारियों ने यह पुष्टि की कि अमित बार में काम करता था।

शराब तस्करी पर उठे सवाल:इस मामले ने गंभीर मोड़ तब लिया, जब यह स्पष्ट हुआ कि मृतक शराब तस्करी में शामिल था। सवाल यह भी उठता है कि बार में काम करने वाले के पास महंगी मोटरसाइकिल कहां से आई? क्या बार संचालक इस अवैध गतिविधि में लिप्त हैं, या वे घटना से अपना नाम बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

कोतमा पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच के बाद शराब तस्करी और हादसे के अन्य कारणों की गहराई से जांच की जाएगी। स्थानीय प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की जा रही है, ताकि मृतक के परिवार को न्याय मिल सके और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

वन की अवैध कटाई मामले में दोषियों पर कार्रवाई अधूरी, वसूली के आदेश अब तक लंबित

*8 माह बाद भी वसूली अधूरी, दोषियों को मिला अभयदान, ग्रामीणों में आक्रोश*


अनूपपुर। 

जिले के कोतमा वन परिक्षेत्र के लतार सर्किल बीट, धुरवासिन कोटमी जंगल में अवैध वृक्ष कटाई का मामला सामने आने के बाद दोषी कर्मचारियों पर विभागीय कार्रवाई के बावजूद शासन को हुई आर्थिक हानि ₹77,740 की वसूली अब तक नहीं हो पाई है।

*क्या है मामला*

टास्क फोर्स शहडोल द्वारा 10 मार्च 2024 को की गई जांच में अवैध वृक्ष कटाई के मामले में शासन को ₹77,740 की आर्थिक हानि की रिपोर्ट वन मंडल अधिकारी, अनूपपुर को सौंपी गई। इसके आधार पर वनरक्षक सोमपाल सिंह कुशराम, उप वन क्षेत्रपाल अशोक कुमार निगम, और सर्किल प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा के खिलाफ क्रमशः 11 अप्रैल 2024 को नोटिस और आरोप पत्र जारी किए गए।

*8 माह बाद भी वसूली अधूरी*

हालांकि, कार्रवाई के बाद भी दोषियों से हानि की वसूली के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। वन विभाग की सुस्त कार्यशैली और भ्रष्टाचार के आरोपों ने इस मामले को और गंभीर बना दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि दोषी कर्मचारियों को संरक्षण मिल रहा है, जिससे उनकी हिम्मत बढ़ती जा रही है।

*ग्रामीणों का आक्रोश*

समाज के रक्षक माने जाने वाले ये वन अधिकारी कथित रूप से अवैध गतिविधियों में शामिल हैं। स्थानीय निवासियों ने लिखित शिकायतें दी हैं, लेकिन इन्हें नजर अंदाज किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि ये कर्मचारी वर्षों से एक ही स्थान पर पदस्थ हैं और जंगलों के संरक्षण की बजाय अतिक्रमण कारियों के साथ साठगांठ कर रहे हैं।

*विभाग पर सवाल*

वन विभाग द्वारा अब तक वसूली के आदेश जारी न करना शासन की मंशा पर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों का कहना है कि दोषी कर्मचारियों से तुरंत हानि राशि की वसूली कर उन्हें पदमुक्त किया जाना चाहिए। सरकार और वन विभाग को इस मामले में त्वरित और कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए ताकि जंगलों की रक्षा सुनिश्चित हो सके और दोषियों को सजा दी जा सके।

सोनाली मिश्रा राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता में हुई चयनित, जिले का नाम किया रौशन


अनूपपुर

जिले के कोतमा क्षेत्र के कोयलांचल के वार्ड-13 लहसुई कैम्प की सोनाली मिश्रा ने राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर कोतमा का नाम रोशन किया है। पूर्व में कोतमा में जिला स्तरीय उसके उपरांत अनूपपुर में संभाग स्तरीय व जबलपुर में प्रदेश स्तरीय बाधाओं को पार करते हुए कोतमा की बेटी ने राष्ट्रीय स्तर पर होने वाले शतरंज प्रतियोगिता में अपना स्थान पक्का किया है, जहां पश्चिमी जोन राष्ट्रीय विश्वविद्यालय महिला शतरंज प्रतियोगिता एस ए एम ग्लोबल यूनिवर्सिटी भोपाल में 2 जनवरी 2025 से 5 जनवरी 2025 तक आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

लहसुई कैम्प निवासी सोनाली मिश्रा जो कि मेवालाल मिश्रा जी की सुपुत्री हैं और महाराजा मार्तंड महाविद्यालय, कोतमा की छात्रा हैं। सोनाली मिश्रा का चयन राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता के लिए एक बड़ी उपलब्धि है और यह उनकी कड़ी मेहनत और प्रतिभा का परिणाम है। सोनाली मिश्रा ने अपनी इस उपलब्धि के लिए महाविद्यालय के प्राचार्य, क्रीड़ा प्रभारी एवं अन्य शिक्षकों सहित अपने परिजनों को इसका श्रेय दिया है। क्षेत्र की बेटी सोनाली की इस उपलब्धि पर समूचा जिला गौरवान्वित महसूस कर रहा है एवं क्षेत्रीय जनों, महाविद्यालय परिवार, परिजनों एवं मित्रगणों ने सोनाली की इस उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget