सोशल मीडिया आपको देता है अभिव्यक्ति का विस्तृत प्लेटफॉर्म -- मनोज द्विवेदी

*नव निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों ने सीखे सोशल मीडिया के गुर*


अनूपपुर 

प्रिंट ,इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से दो कदम आगे सोशल मीडिया आपको अभिव्यक्ति का विस्तृत प्लेटफॉर्म उपलब्ध करवाता है। आज प्रत्येक वह व्यक्ति जिसके हाथ में छोटा ,बड़ा मोबाईल फोन है और उसे इंटरनेट की जानकारी है ,सूचना का आदान - प्रदान करने वाला सक्रिय मीडियाकर्मी बन गया है। मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी द्वारा विधानसभा स्तरीय ग्रामीण निकाय जनप्रतिनिधि प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जयसिंहनगर, जैतपुर विधानसभा के नव निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को शहडोल एवं बुढार में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग में क्रमश: 29 और 30 नवम्बर 2022 को संबोधित करते हुए अनूपपुर भाजपा के पूर्व मीडिया प्रभारी एवं भारत विकास परिषद के पूर्व अध्यक्ष मनोज द्विवेदी ने उपरोक्त विचार व्यक्त किये। 

      शहडोल और बुढार में आयोजित दो अलग - अलग प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए श्री द्विवेदी ने सोशल मीडिया की विस्तृत जानकारी देते हुए बतलाया कि आपके द्वारा किये जा रहे कार्यों, गतिविधियों, सरकार और पार्टी की योजनाओं , कार्यों को बहुत बार प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में उचित स्थान नहीं मिल पाता। सोशल मीडिया आपको महीने के तीस दिन ,चौबीस घंटे, साठ मिनट , प्रतिक्षण व्यक्ति, व्यक्ति समूह, लोगों तक , सरकार, प्रशासन के अधिकारियों तक अपनी बातें पहुंचाने के लिये अवसर प्रदान करता है। किसी भी वक्त अपने कार्यों का प्रचार - प्रसार करके हजारों लोगों तक उसे पहुंचा सकते हैं। फेसबुक, व्हाट्स एप, मैसेंजर, ट्विटर, इंस्टाग्राम, कू एप, यू ट्यूब  सहित ऐसे तमाम सोशल प्लेटफॉर्म सुलभ हैं ,जिनके माध्यम से आप अपने कार्य, संदेश , समाचार, लेख, कविताएँ , आडियो, वीडियो आदि शेयर करके लोगों तक पहुंचा सकते हैं। प्रचार, प्रसार, त्वरित  संपर्क के लिये सोशल मीडिया एक मजबूत माध्यम है।

श्री द्विवेदी ने सोशल मीडिया के उपयोग की विस्तृत जानकारी देते हुए आगाह किया कि इसके प्रयोग में यथासंभव सावधानी रखना चाहिए । कोई विषय शेयर करने के पूर्व उसके स्रोत और सत्यता की पुष्टि कर लेनी चाहिए। व्यक्तिगत विषयों के साथ पार्टी की रीति, नीति, विचारधारा, योजनाओं और कार्यों को प्रसारित करना चाहिए । इंटरनेट में मैटर शेयर होने के बाद उसका स्क्रीन शाट लेने की सुविधा है। इसलिए गलत विषय या गलतियो को डिलीट करने से राहत नहीं मिलती। लोग उसका दुरुपयोग कर सकते हैं। इसलिए मैटर शेयर करने के पहले दो बार अवश्य चेक कर लें।

       प्रशिक्षण वर्ग की संभागीय प्रभारी अमिता चपरा , विधायक द्वय जयसिंह मरावी, मनीषा सिंह, जिलाध्यक्ष कमल प्रताप सिंह, प्रमिला सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल गुप्ता, मिथिलेश पयासी, दौलत मनवानी, संतोष लोहानी, शीतल पोद्दार ,मनोज आर्मो, राकेश तिवारी, आदित्य पाण्डेय के साथ सैकड़ों पंचायत प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सोशल मीडिया विषय पर आयोजित दो प्रशिक्षण वर्ग की अध्यक्षता जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती फूलवती सिंह और मनमोहन चौधरी ने की। 

      ग्रामीण निकाय जनप्रतिनिधि विधानसभा प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ सर्वप्रथम मां भारती एवं भाजपा के पितृपुरुष श्रद्धेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी, डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के छायाचित्र पर तिलक, माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। प्रशिक्षण वर्ग की प्रस्तावना व संचालन  जिला महामंत्री श्री संतोष लोहानी ने किया एवं वर्ग गीत जिला महामंत्री मनोज सिंह आर्मो ने गया।

      विधानसभा जैतपुर ग्रामीण निकाय जनप्रतिनिधि विधान सभा प्रशिक्षण वर्ग में 4 सत्र हुए। जिसमे मुख्य वक्ता श्री पदम् खेमका , श्री मिथलेश पयासी ,  मनोज द्विवेदी  अनिल गुप्ता  का उद्बोधन प्राप्त हुआ। वर्ग की अध्यक्षता अमिता चपरा, मनीषा सिंह , मनमोहन चौधरी जी , पुष्पेंद्र ताम्रकार द्वारा किया गया । मंच संचालन भाजपा जिला महामंत्री दीपक शर्मा एड के द्वारा किया गया । वहीं आभार प्रदर्शन जैतपुर विधायक मनीषा सिंह जी द्वारा किया गया।

देश की सांस्कृतिक विरासत और प्रकृति संरक्षण को समर्पित रहा बाल भारती स्कूल का वार्षिकोत्सव


अनूपपुर

हिंदुस्तान पावर परिसर स्थित बाल भारती पब्लिक स्कूल का यादगार वार्षिकोत्सव समारोह प्रकृति संरक्षण और देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति समर्पित रहा।‌ बीती रात संपन्न मनमोहक रंगारंग प्रस्तुतियों वाले इस समारोह में कंपनी के प्लांट हेड और सीओओ बसंता कुमार मिश्रा समेत शिक्षकों, अभिभावकों और कंपनी के अधिकारियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों को खूब सराहा। 

इस मौके पर प्लांट हेड ने कहा," शिक्षा का मतलब सिर्फ शैक्षिक और पेशेवर विकास नहीं, बल्कि प्रकृति और प्राणियों के प्रति संवेदनशीलता भी है। मुझे खुशी है कि बाल भारती स्कूल प्रकृति के साथ शैक्षिक संतुलन को उच्च प्राथमिकता देता है।" इस मौके पर न्यायाधीश और डिस्ट्रिक्ट लीगल सर्विस ऑथोरिटी, अनूपपुर के सचिव विवेक शुक्ला और कंपनी के उच्च प्रबंधन के सदस्यों ने विद्यार्थियों को उनकी शैक्षिक व गैर-शैक्षिक उपलब्धियों के लिए स्कूल प्रबंधन की ओर से प्रमाणपत्र देकर पुरस्कृत किया।‌ कंपनी के मानव संसाधन एवं प्रशासन विभाग के महाप्रबंधक आरके खटाना ने बाल भारती स्कूल की गौरवपूर्ण शैक्षिक उपलब्धियों पर रोशनी डालते हुए स्कूल को सर्वांगीण विकास का आदर्श केंद्र बताया।  

बच्चों ने फ्लटरिंग जिम जैम्स, जंगल फिएस्टा, पंचमहाभूतम, बरखा रास, अहीर डांस, हल्ला बोल, हरित योद्धा आदि जैसी नृत्य-सगीत-नाट्य प्रस्तुतियों से माहौल को जीवंत और मनमोहक बनाए रखा। भगवान विष्णु के दशावतार और चार्ल्स डार्विन के सिद्धान्त के बीच दिलचस्प कलात्मक समन्वय वाली प्रस्तुति को खूब सराहा गया। समारोह में स्कूल के प्रिंसिपल हितेश तिवारी ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पेश कर शैक्षणिक उपलब्धियों पर रोशनी डाली।

1 करोड़ 90 लाख की लागत से 20 आंगनबाड़ी केंद्रों का होगा निर्माण, मिली स्वीकृति


अनूपपुर

6 वर्ष तक के आयु वर्ग के बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा संबंधी आवश्‍यकताओं की पूर्ति के लिए संचालित एकीकृत बाल विकास सेवाओं के माध्यम से अनुपूरक पोषण, टीकाकरण, शिक्षा और स्वास्थ्य शिक्षा, संस्कार, उनकी बेहतर देखभाल के साथ ही 3 से 6 वर्ष की आयु के बच्चों को अनौपचारिक विद्यालयपूर्व शिक्षा प्रदान करने के लिए आंगनबाड़ी केन्द्रों की स्थापना की गई है। 

प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पहल पर आंगनबाड़ी केन्द्रों में सुविधा विस्तार तथा जन सहयोग से सुपोषण आदि की सुव्यवस्था के लिए अनेक कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। जिले में नौनिहालों के लिए संचालित आंगनबाड़ी केंद्र के सुविधा विस्तार तथा बेहतर संचालन-संधारण हेतु महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारण्टी परिषद की जिला कार्यक्रम समन्वयक एवं कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना ने मनरेगा एवं महिला बाल विकास मद से संयुक्त अभिसरण से जिले के चारों विकासखण्डों के अंतर्गत 20 आँगनबाड़ी भवन निर्माण कार्य बाउण्ड्रीवाल सहित प्रति निर्माण लागत 9.50 की तकनीकी स्वीकृति के आधार पर प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। 

*एक आंगनबाड़ी निर्माण से होगा 534 मानव दिवस का सृजन* 

जहां एक ओर जिले को 20 नवीन आंगनबाड़ी बनने से नौनिहालों की सुविधाएओ में वृद्धि होंगी। वहीं दूसरी ओर इसके निर्माण से प्रति आंगनबाड़ी के निर्माण में 534 मानव दिवस का सृजन होगा। आंगनबाड़ी निर्माण में मनरेगा से प्रति आंगनबाड़ी निर्माण अकुशल श्रम पर 1.09 लाख सामग्री पर व्यय 3.91 व महिला बाल विकास मद अभिसरण से 4.50 खर्च किये जायेंगे। इस तहत जिले मे बनाये जाने वाली 20 आंगनबाड़ी केंद्र सह बांड्रीवाल के निर्माण में 9.50 लाख के मान से एक करोड़ नब्बे लाख रुपये व्यय किए जायेंगे। 20 आंगनवाड़ी केंद्रों के निर्माण मे 10 हजार 6 सौ 80 मानव दिवस का सृजन होगा।

*इन स्थानों पर होगा नवीन आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण*

जिले के पुष्पराजगढ़ जनपद क्षेत्रांतर्गत ग्राम पंचायत पिपरहा, बसंतपुर, लेढ़रा, दमेहड़ी, चरकूमर, गिरारीखुर्द, भमरहा, फरहदा, अतरिया, खाल्हेदूधी, पड़रिया, जैतहरी जनपद अंतर्गत धनगवां पष्चिमी, खांड़ा, पिपरिया, छुलहा, बीड, अनूपपुर जनपद क्षेत्रांतर्गत फुलकोना, खोड़री क्रमांक 01, कोतमा जनपद क्षेत्रांतर्गत कोठी, सिलपुर में नवीन आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्य बाउण्ड्रीवाल सहित होगा।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget