5 माह से बंद किरर घाट सड़क मार्ग पर कल से शुरू होगा आवागमन


 

अनूपपुर

जिला मुख्यालय अनूपपुर से तहसील मुख्यालय पुष्पराजगढ़ और पवित्र नगरी अमरकंटक को जोड़े वाली स्टेट हाईवे मार्ग अंतर्गत किरर घाट जो 8 जुलाई को भूस्खलन और बांध टूटने से घाट की सड़क़ का कटाव हो जाने से रास्ता आवागमन के लिए अवरुद्घ हो गया था वह अब पांच माह बाद गुरुवार से शुरू किया जा रहा है। इस मार्ग के क्षतिग्रस्त हो जाने से जिले वासियों सहित अमरकंटक जाने वाले पर्यटकों, व्यापारियों और मुख्य रूप से पुष्पराजगढ़ तहसील क्षेत्र की ग्रामीण जनता को खासी मुश्किलों का सामना करना पड़़ा। किरर घाट तीन स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई थी। 9 जुलाई से इस मार्ग को जिला कलेक्टर द्वारा पूरी तरह से आवागमन के लिए प्रतिबंधित कर दिया था। राजेंद्र ग्राम एवं अमरकंटक जाने के लिए वैकल्पिक रास्ता जैतहरी बैहार घाट होकर किया जा रहा है। यह रास्ता अधिक दूरी के साथ दुर्घटना का केंद्र बना हुआ है। नवंबर माह में विधायक पुष्पराजगढ़ फुंदेलाल सिंह ने किरर घाट के जल्द निर्माण किए जाने के लिए लगातार प्रयास किए। धरने पर बैठे दबाव बढ़ने से 19 नवंबर को कमिश्नर शहडोल संभाग द्वारा किरर घाट में चल रहे निर्माण कार्य का अवलोकन किया था और सड़क़ निर्माण एजेंसी के अधिकारियों से चर्चा की थी तब एमपीआरडीसी विभाग द्वारा 15 दिसंबर तक कार्य पूर्ण करते हुए रास्ता आवागमन के लिए खोलने का आश्वासन दिया था। विभाग द्वारा ठेकेदार के माध्यम से रिटेलिंग वॉल बनाने के साथ ही टूटी सड़क़ की मरम्मत करा ली गई है। कुछ कार्य अभी यहां बाकी हैं लेकिन अब इस रास्ते को आमजन के आवागमन के लिए प्रारंभ किया जा रहा है पहले बुधवार को यह रास्ता खोला जा रहा था लेकिन सड़क़ निर्माण एजेंसी एमपीआरडीसी विभाग के इंजीनियर मुकेश बेले ने गुरुवार को किरर घाट से आवागमन शुरू करने की जानकारी दी है।

पंचायत चुनाव के मतदान केन्द्रों पर मूलभूत सुविधा की उपलब्धता सुनिश्चित हो- सीईओ पंचोली

*मतदान केन्द्र के मूलभूत सुविधाओं तथा मतदाता जागरूकता कार्यों की जिपं. सीईओ ने की समीक्षा*


अनूपपुर

त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2021-22 को दृष्टिगत रख मतदान केन्द्रों में आवश्‍यक मूलभूत सुविधाओं पानी, विद्युत, रैम्प व निर्देशों के अनुरूप आवष्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत मतदान केन्द्रों का स्वयं व अन्य अमले के माध्यम से अवलोकन कर बिन्दुवार जानकारी संग्रहित कर मूलभूत सुविधाओं को उपलब्ध कराने के कार्य को प्राथमिकता में लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराएं। उक्‍ताशय के निर्देश जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा ए.एम.एफ. व सेन्स के नोडल अधिकारी श्री हर्षल पंचोली ने जिला पंचायत में आयोजित बैठक में जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को दिए। बैठक में अनुविभागीय दण्डाधिकारी अनूपपुर श्री कमलेश पुरी, जिला पंचायत के अतिरिक्‍त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री के.के. सोनी, विद्युत विभाग के अधीक्षण यंत्री, महिला बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री विनोद परस्ते, सहायक संचालक श्रीमती मंजूषा शर्मा, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री एन.के. परते, जनसम्पर्क अधिकारी श्री अमित श्रीवास्तव सहित सर्व संबंधित उपस्थित थे। 

    बैठक में त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन को दृष्टिगत रख मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने हेतु जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने, कम मतदान प्रतिशत वाले क्षेत्रों में ईव्हीएम का प्रदर्षन कर जागरूकता की पहल सुनिश्चित कराने को कहा गया। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री पंचोली ने कहा कि मतदान केन्द्रों के मूलभूत सुविधाओं तथा मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के लिए जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विकासखण्ड स्तर पर नोडल अधिकारी होंगे। उन्होंने जिले के सभी मतदान केन्द्रों में रैम्प की व्यवस्था, शेड की व्यवस्था, पहुंच मार्ग, व्हील चेयर की उपलब्धता का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश जनपद सीईओ को दिए। उन्होंने जनपद सीईओ को ईव्हीएम प्रदर्शन के लिए अपने विकासखण्ड स्तर के मास्टर टेªनर का उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा किए गए कार्यों की रिपोर्टिंग समय-समय पर करने को कहा। जि.पं. सीईओ ने कहा कि जिला स्तरीय अधिकारी, विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी तथा निर्वाचन से जुड़े अधिकारी जब भी अपने क्षेत्र भ्रमण में जांए तो मतदान तिथि के संबंध में आवष्यक प्रचार-प्रसार जरूर सुनिश्चित करें ताकि लोगों को मतदान तिथि की जानकारी हो सके। उन्होंने ग्राम स्तरीय अमले के माध्यम से भी मतदान तिथि के प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए।

सीईओ व कलेक्टर से शिकायत के बाद भी न हुई कार्यवाही, दोषियों के हौसले हैं बुलंद

*मामला: उमरिया जिले के ग्राम पंचायत उजान का, अब कमिश्नर से न्याय की आस*


उमरिया

ग्राम पंचायतों में किस तरह शासकीय धन की होली खेली जा रही है, यह बात आये दिन सामने आती रही है। कहीं कागजों में निर्माण हुआ है, तो कहीं निर्माण कार्य के नाम पर फर्जी बिल लगाकर लाखों रुपए की राशि आहरण कर लिया जाना सामने आया। गौरतलब है कि संबंधित मामलों की शिकायत एवं जानकारी दिये जाने के पश्चात भी वरिष्ठ आला अफसर कार्यवाही किए जाने को लेकर गुरेज रखते हैं। यही वजह है कि, संभाग भर के ग्राम पंचायतों में भ्रष्टाचार चरम पर है।

*भुरभुरी व घुलनशील सफेद पत्थरों का हुआ है उपयोग*

ऐसा ही एक मामला वर्तमान में सामने आया है, जिसमें मनरेगा के तालाब निर्माण कार्यों में फर्जी बिल लगाकर लाखों रुपए की राशि आहरण कर लिए जाने का आरोप लगाते हुए कमिश्नर से शिकायत की गई है। शिकायतकर्ता अभिषेक शुक्ला ने कमिश्नर राजीव शर्मा से उमरिया जिले के करकेली जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत उजान में हुए संबंधित भ्रष्टाचार की जांच कराकर, दोषीजनों को दंडित किए जाने की मांग की है। शिकायत पत्र में बताया कि, ग्राम पंचायत उजान में तत्कालीन सचिव व सरपंच द्वारा मनरेगा के तालाब निर्माण कार्यों में फर्जी बिल लगाकर 5,15,766 रुपये की राशि आहरण कर अनियमित्ता की गई है। बिंदुवार जानकारी देते हुए बताया कि, रामकृपाल के खेत के पास बरहाई नाला तालाब निर्माण, मंगल सिंह के खेत के पास वाटर हार्वेस्टिंग टैंक निर्माण, बुल्ला के खेत के पास तालाब निर्माण एवं अन्य तालाब निर्माण में पिचिंग स्टोन की जगह, जंगल एवं गांव के ही नाले से निकाले गए सफेद पत्थर का उपयोग किया गया है। जो कि भुरभुरी एवं घुलनशील है और निर्धारित गुणवत्ता के विपरीत है। सरपंच व सचिव द्वारा उजान खेर माता के पास एक स्टाप डेम बनाया गया है। जिसकी बिग-बॉल में सरिया ही नहीं लगाई गई है, बेस भी नदारद है। जिसके कारण नीचे से पूरा पोल दिखाई दे रहा है।

*पिचिंग बोल्डर खरीदे नहीं, पर लगे हुए हैं बिल*

सभी तलाब कार्यों पर इनके द्वारा लगाए गये 50mm से 200mm के पिचिंग बोल्डर, खरीदे ही नहीं गए हैं बल्कि गांव से लगे नाला से खोदकर उपयोग किए गए हैं। बावजूद, इनके द्वारा बिल क्रमांक 202 राशि 94,164 रुपये, बिल क्रमांक 177-178 राशि 1,21,812 रुपये, बिल क्रमांक 201 राशि 81572.4 रुपए, बिल क्रमांक 258-259 राशि 65,889.60 रुपए, बिल क्रमांक 189 राशि 71,728 तथा बिल क्रमांक 252 राशि 80,601 रुपये के लगाकर कुल राशि 5,15,766 रुपए का फर्जी तरीके से आहरण कर लिया गया है। उक्त ग्राम पंचायत में सीसी रोड निर्माण कार्य भी गुणवत्ता विहीन और निर्धारित मापदंडों के विपरीत कराया गया है। सीसी रोड जो पलटू राम के घर से बनाई गई थी, वह 6 माह में ही पूरी तरह से उखड़ गई है। यदि निष्पक्ष रूप से जांच कराई गई तो, उक्त ग्राम पंचायत के लाखों रुपए का भ्रष्टाचार खुलकर सामने आ सकेगा है।

*कार्यवाही नहीं होने से भ्रष्टाचारियों के हौसले हैं बुलंद*

उक्त ग्राम पंचायत में हुए संबंधित भ्रष्टाचार की शिकायत सीईओ जिला पंचायत उमरिया से दिनांक 13/7/21 को व कलेक्टर, उमरिया से 25/11/21 को भी किया। लेकिन संबंधित मामले में दोषियों के विरुद्ध अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई। जिसके चलते जिले के ग्राम पंचायतों में इस तरह के भ्रष्टाचार चरम पर हैं, वहीं ऐसे भ्रष्टाचारियों के हौसले बुलंदी पर हैं। शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि, संबंधित भ्रष्टाचार उजागर होने के डर से मुझे भयभीत किए जाने के लिए ग्राम पंचायत उजान के सरपंच द्वारा झूठा आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक उमरिया से शिकायत भी की गई। साथ ही जब भ्रष्टाचार की उक्त जानकारी कलेक्टर उमरिया को दी गई तो राजनीतिक दबाव बनाकर उल्टा मुझे भी झूठा साबित करने का प्रयास किया गया। अभिषेक ने जांच कराकर दोषी जनों पर एफआईआर दर्ज कराने तथा अनियमितता की राशि वसूली की मांग की है।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget