नवनिर्मित शासकीय महाविद्यालय भवन जनता को समर्पित


अनूपपुर 

उच्च शिक्षा मंत्री डाॅ. मोहन यादव एवं खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह ने आज बिजुरी में 650 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित शासकीय महाविद्यालय भवन जनता को समर्पित किया। श्री यादव कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री सिंह ने की। 

इस मौके पर उच्च शिक्षा मंत्री श्री यादव ने कहा कि महाविद्यालय में शिक्षा की समुचित व्यवस्था के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। महाविद्यालय में विद्या अध्ययन के समुचित इंतजाम किए जाएंगे।

श्री यादव ने कहा कि महाविद्यालय रूपी शिक्षा के मंदिर मानवता के कल्याण के लिए बनाए गए हैं। इनमें विद्यार्थियों को बेहतरीन शिक्षा देने के लिए राज्य सरकार कृत संकल्प है। आपने आश्वस्त किया कि विद्यार्थियों को रोजगारमूलक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए महाविद्यालयों में रोजगारमूलक कोर्स प्रारंभ किए जाएंगे। आपने कहा कि जिले के वेंकटनगर महाविद्यालय के लिए भवन निर्माण हेतु राशि स्वीकृत कर एजेंसी तय कर ली गई है और इसका निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। श्री यादव ने जिले के बिजुरी सहित अन्य महाविद्यालयों में स्नात्कोत्तर कक्षाओं के विषयों एवं उनके लिए जरूरी स्टाॅफ की स्वीकृति दिलाने हेतु प्रयास करने का आश्वासन दिया। आपने कहा कि महाविद्यालय की परीक्षा के लिए अब परीक्षा केन्द्र बिजुरी को ही बनाया जाएगा। 

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि महाविद्यालय को सर्वसुविधायुक्त बनाने और शिक्षा के स्तर को बढ़ाने के लिए शैक्षणिक संस्थाओं में मूलभूत संसाधन जुटाना जरूरी है। विषयवार शिक्षा मुहैया कराने के लिए विषय से संबंधित शिक्षकों की नियुक्ति किया जाना आवश्यक है, ताकि विद्यार्थियों को विषय के अनुरूप शिक्षा प्राप्त हो सके। आपने बताया कि बिजुरी में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का उन्नयन कर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बनाया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य मंत्री से चर्चा की जा चुकी है। कार्यक्रम में विधायक कोतमा श्री सुनील सराफ, पूर्व विधायक कोतमा श्री दिलीप जायसवाल, जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक के पूर्व संचालक श्री बृजेश गौतम समेत विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं नागरिकगण उपस्थित थे। 

उच्च शिक्षा मंत्री का बिजुरी जाते समय ग्राम फुनगा, बदरा एवं कोतमा में आत्मीय स्वागत किया गया।

निजी महाविद्यालय संघ तीन मॉगो को लेकर उच्च शिक्षा मंत्री को दिया ज्ञापन 


अनूपपुर

अनूपपुर जिले संचालित निजी महाविद्यालय कोरोना काल में बहुत ही ज्यादा वित्तीय बोझ से लदे हैं इस विषय में संघ के अध्यक्ष व डिजिटल महाविद्यालय के संचालक श्री उमेश विश्वकर्मा ,पारस नाथ महाविद्यालय  के संचालक व संघ के सचिव व पीआरटी महाविद्यालय के संचालक डॉ देवेन्द्र कुमार तिवारी व सहायक संचालक एवं निजी महाविद्यालय संघ के कोषाध्यक्ष श्री शिवेन्द्र कुमार तिवारी उच्च शिक्षा मंत्री से मिलकर निजी महाविद्यालय की समस्यायों से अवगत कराते हुए 3 विषयों समाधान हेतु ज्ञापन दिया।

१. जिला अनूपपुर, प्रदेश के सुदूर अंचल में स्थापित पूर्ण आदिवासी जिला है, यहाँ पर पड़ने वाले विद्यार्थियों की वित्तीय स्थिति मजबूत नहीं रहती है | प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों के शुल्क विद्यार्थी, छात्रवृत्ति प्राप्त होने के उपरांत ही दे पाते है पर विद्यार्थियों को दी जाने वाली शिक्षण शुल्क की राशि प्रदेश के अन्य जिलों की तुलना में बहुत कम होती है | अस्तु निवेदन है कि प्रत्येक पाठ्यक्रम के शुल्क की राशि पूरे प्रदेश में एक समान हो | प्रत्येक पाठ्यक्रम के शुल्क का निर्धारण उच्च शिक्षा विभाग या AFRC  जैसे किसी शासकीय निकाय के द्वारा किया जाना चाहिए | 

 २. Covid-19 महामारी के कारण निजी महाविद्यालयों की स्थिति द्यनीय हो गई है, न जिले के महाविद्यालयों में प्रवेश हुये है और न ही शेष विद्यार्थियों से शुल्क ही ले पाये है , क्योंकि विद्यार्थियों के पास भी पैसे नहीं हैं, और न ही अभी तक उन्हे  छात्रवृत्ति का भुगतान ही हो पाया है कि उसी से महाविद्यालय को शुल्क जमा कर सके ताकि महाविद्यालय का बित्तीय भार कम हो | अस्तु आग्रह है कि इस वर्ष विश्वविद्यालय को दी जाने वाली संबद्धता शुल्क माफ की जाय या बिना अधिभार के वर्ष में कभी भी जमा करने की अनुमति प्रदान की जाय |

 ३. महाविद्यालय विश्वविद्यालय से संबद्ध होकर विद्यार्थियों को शिक्षा देती है, विश्वविद्यालय द्वारा संबध्ध्ता शुल्क में 18% की GST  ली जाती है | जबकि हमारी संस्थानो में अध्ययनरत विद्यार्थी गरीब तबके से आते है जो कालेज की मूल शुल्क ही नहीं दे पाते है 18% GST तो दूर की बात है | अस्तु निवेदन है कि महाविद्यालय को GST से मुक्त रखा जाय |

उच्च शिक्षा मंत्री जी द्वारा ध्यान से उक्त समस्यायों को को सुना और उस पर आवश्यक कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।

उच्च शिक्षा मंत्री और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री द्वारा नव निर्मित बालक एवं बालिका छात्रावास भवन तथा जिला प्रशिक्षण संस्थान केन्द्र भवन जनता को समर्पित

विद्या अध्ययन हेतु शैक्षणिक संस्थान जुटाने में सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी- उच्च शिक्षा मंत्री


अनूपपुर 

 उच्च शिक्षा मंत्री डाॅ. मोहन यादव ने कहा है कि ग्रामीण अंचल में खासकर जनजातीय बहुल ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा सुलभ कराने के लिए भरसक प्रयास किए जाएंगे। अगर शहरी क्षेत्रों में उच्च शिक्षा के लिए संसाधन मुहैया कराए जाएंगे, तो ग्रामीण क्षेत्रों में भी छात्रावास भवन, कालेज भवन, लाइब्रेरी, खेल मैदान जैसे संसाधन जुटाने में राज्य सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी। 

      उच्च शिक्षा मंत्री ने सोमवार को एक समारोह में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह के साथ 683 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित 100 सीटर बालक एवं 100 सीटर बालिका संयुक्त छात्रावास भवन तथा जिला प्रशिक्षण संस्थान केन्द्र भवन जनता को समर्पित करते हुए कही। श्री यादव कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री सिंह ने की। 

उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश जैसा राज्य भौगोलिक दृष्टि से बड़ा राज्य है, जहां की मिट्टी में ताजगी है, तो लोगों के मिजाज में सरलता है। यही वजह है कि जरूरत पड़ने पर सब मिलकर खड़े हो जाते हैं। आपने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री से कहा कि आप अपने क्षेत्र की सेवा करते रहें और क्षेत्र विकास के लिए राज्य सरकार से आपको संसाधन मिलते रहेंगे। 

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री सिंह ने कहा कि अनूपपुर जिला एक विकासशील जिला है और मुख्यमंत्री जी ने जिले को विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए 2 हजार करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई है। मुख्यमंत्री जी ने अनूपपुर में 200 बिस्तर का अस्पताल स्वीकृत किया है, तो कन्या महाविद्यालय की स्वीकृति भी दी है। कन्या महाविद्यालय में इस शिक्षा सत्र से छात्राओं के प्रवेश शुरु करा दिए जाएंगे। 

श्री सिंह ने कहा कि अनूपपुर के लिए 8 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला पाॅलीटेक्निक कालेज भवन भी मंजूर हो गया है, जिसका आगामी समय में भूमिपूजन कराया जाएगा। आपने कहा कि जिले में विभिन्न विकास कार्यों को हाथ में लिया गया है और जिले के विकास के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। कार्यक्रम को जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक के पूर्व संचालक श्री बृजेष गौतम ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में विंध्य विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष श्री रामदास पुरी एवं पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष पसान श्री रामअवध सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, जनप्रतिनिधिगण एवं नागरिकगण उपस्थित थे।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget