समाचार 01 फ़ोटो 01
अमरकंटक रोड पर अनाधिकृत खड़े बोरवेल्स वाहन अवैध बोरिंग के फिराक मे मौत को दे रहे आमंत्रण
अनूपपुर
जिला मुख्यालय में जिला परिवहन विभाग एवं यातायात विभाग भले ही अपनी कर्मठ कार्य शैली एवं ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त के मामले में वाह वाही लूट रही हो परंतु जिला मुख्यालय में चारों ओर यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। यातायात विभाग मात्र हाईवे पर गुजरने वाली वाहनों पर कार्यवाही करके चंदाखोरी करने में लगी हुई है।
आपको बता दें कि अनूपपुर से अमरकंटक रोड पर जेल बिल्डिंग के पास मुख्य मार्ग के बगल से बोरवेल संचालकों के द्वारा अपने पिताजी की जागीर समझकर बेतरतीब अनाधिकृत तरीके से बोरवेल्स वाहनों को खड़ी कर दी जा रही है और यह वाहन यहां तब तक पड़ी रहती है, जब तक की बरसात बाद बोर उत्खनन का कार्य प्रारंभ न हो जाए। अभी जिला दंडाधिकारी अनूपपुर द्वारा बोरवेल्स उत्खनन को लेकर प्रतिबंध लगा दिया गया है और जिले को जल अभावग्रस्त घोषित कर दी गई है, बहुत ही विषम परिस्थितियों में अनुविभागीय दंडाधिकारी द्वारा अनुमति प्राप्त करने के उपरांत ही उत्खनन किए जाएंगे। परंतु बोरिंग गाड़ी संचालकों के द्वारा जबरन का महीनो अमरकंटक मुख्य मार्ग में वाहनों को खड़ी कर दी गई है जबकि यह मार्ग व्यस्ततम मार्ग की श्रेणी में आता है, आए दिन इस मार्ग में कई दुर्घटना के मामले सामने आते रहते हैं, इनके द्वारा सड़क को हथिया लिए जाने के कारण दुर्घटना को आमंत्रित करना नहीं पड़ेगा बल्कि बड़ी वाहनों के आवागमन से साइड देने में छोटे वाहनों को भारी दिक्कत होती है और कहीं ना कहीं दुर्घटना संभावित हो जाती है, इस ओर ना तो यातायात व जिला परिवहन विभाग ध्यान दे रहा है, जब कोई बड़ी अप्रिय घटना हो जाएगी तब जिला प्रशासन के जिम्मेदार विभाग नींद से जागेंगे और तब तक पता नहीं कौन यमराज के दरवाजे में दस्तक दे रहा होगा। यातायात विभाग बड़ी-बड़ी ट्रैफिक सुरक्षा व्यवस्था नशे में वाहन न चलाना इस तरह के सुरक्षित रहने संबंधी लोगों को जागरूक करने का ढोल पीट रहा है, परंतु अमरकंटक रोड में कहानी कुछ और है इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। यातायात एवं जिला परिवहन विभाग को इन पर तत्काल कड़ी कार्यवाही करते हुए जुर्माना के साथ जप्ती की कार्यवाही करने की आवश्यकता है।
बोर संचालकों द्वारा इस तरह वाहन को सुरक्षित स्थान पर ना खड़े किया जाना यह जान पड़ता है कि यह रात के अंधेरे का सहारा लेकर जिला दंडाधिकारी के आदेशों की अवहेलना करते हुए कहीं अवैध बोर करके अनाधिकृत पैसा कमाने के फिराक में तो नहीं लगे हुए हैं।
समाचार 02 फ़ोटो 02
अंग्रेजी शराब तस्कारों के विरुद्ध पुलिस की कार्यवाही
अनूपपुर
चौकी फुनगा पुलिस को मुखबिर के सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम पाली सिटका टोला के मौहार में बेयर हाउस के पीछे कुछ लोग अवैध शराब लेकर आने की सूचना मिली, तसदीक पर हमराही स्टाफ एवं स्वतंत्र साक्षियों के ड्रैगन लाइट सहित तसदीक किया गया तो मुखबिर सूचना सही पायी गयी। मौहार जंगल में अवैध शराब का परिवहन करने वाले पुलिस को देखकर तथा शराब को छोड़कर एवं परिवहन करने बालो की एक अदद मोटरसाइकिल टीवीएस वाहन क्र. CG 31 B 8019 को छोड़कर अंधेरे का लाभ लेकर भाग गये, जंगल में कुल 11 पेटी विदेशी मदिरा जिसकी मात्रा 96.480 लीटर कुल कीमती करीब 91500 रुपय की एवं मोटरसाइकिल कीमती 80000 रुपये कुल कीमती 171500 रुपय का मशरूका समक्ष गवाहो के मौके पर जप्त कर अपराध धारा 34(2) आबकारी एक्ट का अपराध सदर पंजीवद्ध कर विवेचना में लिया गया।
समाचार 03 फ़ोटो 03
62 दिनों से जिले में ठहरे तीन हाथी, दिन में जंगल में विश्राम तो रात में गांव में पहुंचकर करते हंगामा
अनूपपुर
तीन हाथियों का समूह 62 दिनों से अनूपपुर जिले के अनूपपुर एवं जैतहरी क्षेत्र के इलाकों में निरंतर दिन के समय जंगल में बिताने बाद शाम रात होते ही जंगल से लगे ग्रामीण अंचलों में पहुंचकर ग्रामीणों की संपत्तियों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। निरंतर ठहरे हाथियों की निगरानी एवं गतिविधि को देखने के लिए वाइल्ड लाइफ स्टूटेनट आंफ इन्डिया पश्चिम बंगाल के हाथी विशेषज्ञों का एक दल ने विगत दिनों हाथियों के स्वभाव का निरीक्षण कर आगे की रणनीति बनाए जाने की बात कही, कई दिनों से तीनों हाथी एक एवं दो की संख्या में अलग-अलग होकर धनगवां बीट के जंगल में ही ठहरे हुए हैं।
विदित है कि 62 दिनों से तीन हाथियों का समूह छत्तीसगढ़ राज्य के मरवाही वन परिक्षेत्र की सीमा को पार कर एक माह 6 दिन बाद 23 दिसंबर की रात एक बार फिर से मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिला अंतर्गत क्षेत्र के गांव व उनसे लगे जंगल इलाके में प्रवेश कर जंगल में दिन के समय जंगल के अंदर विश्राम करने बाद साम रात होते ही खाने की तलाश में ग्रामीण अंचलों में पहुंच रहे हैं जबकि एक दांत वाला नर हाथी अक्सर अकेले निकल कर शाम से पूरी रात विचरण करता है, जबकि दो दो दांत वाले हाथी अलग होकर दिन एवं रात के समय अधिकतर दिनों से जंगल के अंदर ही दिन एवं रात के समय विचरण कर रहे हैं, शुक्रवार एवं शनिवार की मध्य रात्रि एक दांत वाला नर हाथी पड़रिया पंचायत के चोई गांव से लगे भलुवान टोला गोढाटोला एवं पडमनिया टोला में पहुंचकर ग्रामीणों के खेतों में लगे फसलों को रात भर खाता रहा है। हाथियों के निरंतर विचरण पर वन मंडलाधिकारी अनूपपुर के निर्देश पर वाइल्डलाइफ इंस्टीट्यूट आफ इंडिया के हाथी विशेषज्ञों का एक दल वन पर क्षेत्र अधिकारी जैतहरी विवेक मिश्रा के साथ जैतहरी के धनगवां बीट में पहुंचकर हाथियों के विचरण एवं हाथियों के स्वभाव का निरीक्षण कर हाथियों के दल को जिले से बाहर किए जाने हेतु योजना बनाए जाने की बात कही है। रविवार के दिन तीनों हाथी एक एवं दो की संख्या में अलग-अलग हो कर धनगवां के जंगल में विश्राम एवं विचरण कर रहे हैं।
समाचार 04 फ़ोटो 04
पीआरटी महाविद्यालय में भव्य लैम्पलाइटिंग सेरेमनी एवं वार्षिकोत्सव हुआ सम्पन्न
अनूपपुर
नगर स्थित पीआरटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस द्वारा लैम्पलाइटिंग सेरेमनी एवं वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम दो सत्रों में सम्पन्न हुआ। प्रथम सत्र लैम्पलाइटिंग सेरेमनी तथा द्वितीय सत्र वार्षिकोत्सव के रूप में आयोजित किया गया।
प्रथम सत्र को नर्सिंग की जनक एवं प्रणेता फ्लोरेंस नाइटिंगेल को समर्पित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं वंदेमातरम् गीत के साथ हुआ। इस अवसर पर नर्सिंग के विद्यार्थियों ने फ्लोरेंस नाइटिंगेल के आदर्शों का अनुसरण करते हुए बिना किसी भेदभाव के रोगियों एवं उनके परिजनों की सेवा करने की शपथ ली।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पीआरटी महाविद्यालय के संचालक, भारत विकास परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला अनूपपुर के सचिव डॉ. देवेंद्र कुमार तिवारी ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. तिवारी ने कहा कि लैम्पलाइटिंग सेरेमनी नर्सिंग विद्यार्थियों में सेवा, त्याग एवं समर्पण का भाव जागृत करती है। कार्यक्रम में नर्सिंग एवं पैरामेडिकल के विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही।
आयोजित द्वितीय सत्र वार्षिकोत्सव के रूप में सम्पन्न हुआ। विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दी गईं। नशामुक्ति एवं वीर शहीदों पर आधारित लघु नाटिकाएँ विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। वर्षभर विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।अतिथियों को शॉल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ एवं तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया तथा स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।
समाचार 05 फ़ोटो 05
शहडोल की मिलेट्स पहुंची विदेशों की रसोईयो तक शुभम को मिला केंद्र एवं राज्य सरकार का सहारा
*स्थापित की 2 करोड़ की मिलेट प्रोसेसिंग यूनिट*
शहडोल
केंद्र एवं राज्य सरकार युवा वर्ग को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए कृत संकल्पित है। शासन द्वारा युवाओं, महिलाओं, किसानों के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण योजनाओं का संचालन किया जा रहा है, जिससे हर वर्ग के लोग आत्मनिर्भर और स्वयं का रोजगार स्थापित कर दूसरों को रोज़गार दे सके।
शहडोल के रहने वाले 30 वर्षीय युवा उद्यमी शुभम तिवारी, संस्थापक ग्रेनॉक्सी ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि इरादे मजबूत हों तो असफलता भी सफलता की सीढ़ी बन जाती है। माइनिंग इंजीनियरिंग की नौकरी के लिए मेडिकल फिटनेस टेस्ट में कलर ब्लाइंडनेस के कारण असफल घोषित किए जाने के बाद उन्होंने निराश होने के बजाय स्वयं का मार्ग चुना और आज लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक मिलेट प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित कर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
शुभम तिवारी ने तहसील बुढार अंतर्गत ग्राम साबो में लगभग 2 करोड़ रूपये की लागत से अत्याधुनिक मिलेट्स प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना की है। उन्होंने बताया कि केंद्र एवं राज्य शासन के उद्यानिकी व एमएसएमई विभाग से सहयोग तथा बैंक से 50 लाख रुपये का वित्तीय लोन प्राप्त कर यह यूनिट स्थापित की थी। यूनिट में मिलेट आधारित आटा, सूजी, नूडल्स, पास्ता, क्रैकर्स, नमकीन, बेकरी उत्पाद एवं 14 प्रकार की कुकीज जैसे स्वास्थ्यवर्धक उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं, जो स्वाद और गुणवत्ता में उत्कृष्ट हैं।
उन्होंने बताया कि grainoxy.in ऑनलाइन के माध्यम से अमेरिका, श्रीलंका, गल्फ देशों एवं यूरोप से 42 टन का प्री-ऑर्डर तथा 50 हजार किलोग्राम से अधिक घरेलू बुकिंग हुई। आज शहडोल का मिलेट विदेशों की रसोई तक पहुंच रहा है। शुभम तिवारी ने बताया कि मिलेट् प्रोसेसिंग यूनिट में स्व सहायता समूह की महिलाओ को प्रशिक्षण एवं लगभग 45 लोगो को रोगजार के अवसर मिल रहे है।
शुभम तिवारी ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में युवाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए आभार जताया है।
समाचार 06 फ़ोटो 06
दो सड़क हादसे- चार युवक गंभीर,शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर
उमरिया
जिले के पाली थाना अंतर्गत सुंदर दादर गांव में दरमियानी रात करीब 2 बजे दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस हादसे में प्रदीप पिता श्याम दयाल प्रधान (21 वर्ष), मोनू पिता कमलेश प्रधान (17 वर्ष), लच्छू पिता दशरथ सिंह (16 वर्ष) सभी निवासी सुंदर दादर तथा पाली निवासी ब्रजभान सिंह गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि सभी युवक किसी वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। गांव के समीप न्यू हाउसिंग पुलिया के पास अचानक दोनों बाइकों की भिड़ंत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को पाली अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर सभी को शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इसी रात एक अन्य घटना में जीरो ढाबा के आगे एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसे भी 108 की मदद से पाली अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक किस परिस्थिति में घायल हुआ है।
समाचार 07 फोटो 07
घायल बाघ का सफल उपचार के बाद वन विभाग की टीम ने जंगल मे छोड़ा
शहडोल
29 जनवरी 2026 को वन मंडल उत्तर शहडोल के परिक्षेत्र जयसिंह नगर अंतर्गत वन चाचर बीट में लगभग 8 वर्ष आयु के एक वयस्क नर बाघ को आपसी संघर्ष में घायल अवस्था होने से बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के रेस्क्यू दल द्वारा रेस्क्यू किया गया था।
रेस्क्यू उपरांत घायल बाघ को उपचार हेतु बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व लाया गया, जहाँ उसे मगधी परिक्षेत्र स्थित बेहेरहा एनक्लोजर क्रमांक-1 में सुरक्षित रखा गया। विशेषज्ञ वन्यजीव चिकित्सकों की सतत निगरानी में उसका उपचार एवं नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
लगातार चिकित्सकीय देखरेख एवं गहन मॉनिटरिंग के पश्चात बाघ के स्वास्थ्य में संतोषजनक सुधार पाया गया। निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करते हुए दिनांक 22 फरवरी 2026 को बाघ को ट्रैंक्विलाइज कर पुनः विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आज ही सुरक्षित रूप से उपयुक्त प्राकृतिक आवास में पुनः छोड़ दिया गया है।
इस अवसर पर क्षेत्र संचालक, उप संचालक, डॉ. राजेश तोमर (वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारी, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व), डॉ. अभय सेंगर (वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारी, संजय टाइगर रिजर्व), सहायक संचालक ताला, सहायक संचालक धमोखर, सहायक संचालक पनपथा, परिक्षेत्र अधिकारी मगधी, परिक्षेत्र अधिकारी टूरिज्म, अन्य विषय विशेषज्ञ, बायोलॉजिस्ट सहित रेस्क्यू दल के अधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
अब वन क्षेत्र में मुक्त करने उपरांत स्थानीय वन अमले द्वारा निगरानी की जाएगी। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व वन्यजीव संरक्षण एवं बाघों की सुरक्षा हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा उपचार उपरांत नर बाघ को मुक्त करना एक सफल रेस्क्यू कार्यवाही को इंगित करता है।
समाचार 08 फ़ोटो 08
विधायक के आहवान पर जिला कांग्रेस ने किया रेल रोको आंदोलन , छावनी में तब्दील हुआ रेलवे स्टेशन
अनूपपुर
वेंकटनगर, निगौरा रेलवे स्टेशन में यात्री ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को के आहवान पर जिला कांग्रेस ने क्षेत्र वासियों के साथ वेंकटनगर स्टेशन में किया रेल रोको आंदोलन, लगातार प्रदर्शन के बाद, रेलवे ने दिया लिखित आश्वासन।
पुष्पराजगढ़ विधानसभा क्षेत्र के वेंकटनगर और निगौरा रेलवे स्टेशन में कोरोना काल के बाद बंद यात्री ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग लगातार स्थानीय व आसपास के ग्राम वासियों द्वारा की जा रही है परंतु आज दिनांक तक कोरोना काल से बंद यात्री ट्रेनों का स्टॉपेज पुनः चालू नहीं किया गया। क्षेत्र वासियों ने अपनी मांग क्षेत्रीय विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को के समक्ष रखी जिसे गंभीरता से लेते हुए विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को द्वारा रेलवे प्रशासन से लगातार 3 महीने से वेंकटनगर और निगौरा रेलवे स्टेशन में बंद यात्री ट्रेनों के स्टॉपेज को पुनः चालू मांग की जा रही है, जिसके संबंध में कई बार मंडल रेल प्रबंधक बिलासपुर के नाम ज्ञापन सौंप गया है। परंतु लगातार मांग के बाद भी वेंकटनगर और निगौरा रेलवे स्टेशन में ट्रेन ठहराव को लेकर कोई कार्यवाही नहीं की गयी। विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को ने पत्र के माध्यम से रेलवे प्रशासन को एवं जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्याम कुमार गुड्डू चौहान ने स्थानीय प्रशासन कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक को पत्र के माध्यम से रेल रोको आंदोलन का अल्टीमेटम भी दिया गया लेकिन फिर भी ट्रेन ठहराव के लिए ना ही कोई लिखित आश्वासन व ना ही कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई। दिए गए अल्टीमेटम अनुसार आज दिनांक 21 फरवरी को पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को के आहवान पर जिला कांग्रेस कमेटी अनूपपुर द्वारा वेंकटनगर रेलवे स्टेशन में रेल रोको आंदोलन किया गया। रेल रोको आंदोलन की पूर्व में प्राप्त सूचना के अनुसार वेंकटनगर में आज सुबह से पुलिस प्रशासन और रेलवे सुरक्षा बल भारी संख्या में तैनात रहा जिससे पूरा वेंकटनगर आज छावनी में तब्दील हो गया। रेल रोको आंदोलन के तहत विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को, जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डू चौहान के अगुवाई में जैसे कांग्रेसजन व स्थानीय जन ट्रेन रोकने के लिए आगे बढ़ने लगे तभी भारी संख्या में तैनात पुलिस व रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों ने घेराबंदी कर उन्हें वेंकटनगर चौराहे पर रोक दिया, जिसके बाद आंदोलनकारी चौराहे पर ही धरने पर बैठकर जमकर नारेबाजी करते हुए डटे रहे। कुछ घंटे बीत जाने के बाद रेलवे प्रशासन का एक दल अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के साथ पहुंचा और लिखित में 2 माह के भीतर 20 अप्रैल तक मांग अनुसार यात्री ट्रेनों के स्टॉपेज वेंकटनगर और निगौरा रेलवे स्टेशन में पुनः चालू करने का आश्वासन दिया गया। इस दौरान विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को ने कहा कि अगर 20 अप्रैल तक यात्री ट्रेन का स्टॉपेज पुनः चालू नहीं किया जाता तो 21 अप्रैल को हम पुनः रेल रोको आंदोलन करेंगे।
समाचार 09
घर मे घुसा अनियंत्रित ट्रक
शहडोल
कटनी से बुढ़ार की ओर जा रहा एक ट्रक ग्राम जमुई में टोल प्लाजा के पास अनियंत्रित होकर सीधे एक घर में जा घुसा। टक्कर के बाद ट्रक पलट गया और घर की दीवार ढह गई। हादसे के दौरान घर में मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची।