समाचार 01 फ़ोटो 01

बिना छत आसमान के नीचे पढ़ाई करने के लिए मजबूर छात्र- छात्राएं, बुनियादी सुविधाएं नदारद

*सांसद व विधायक निवास से नजदीक विद्यालय*

हाथ में किताब-सिर पर आसमान: अनूपपुर में खुले मैदान में आदिवासी बच्चों की पढ़ाई, सिस्टम की नाकामी की मिसाल बना यह स्कूल

अनूपपुर

जिले की लखौरा ग्राम पंचायत के बरटोला प्राथमिक स्कूल में शिक्षा आज भी खुले आसमान के नीचे दम तोड़ती नजर आ रही है। जहां मासूम बच्चे किताबें हाथ में लेकर तो स्कूल पहुंचते हैं, लेकिन उनके सिर पर न छत है, न सुरक्षा और न ही बुनियादी सुविधाएं। प्राथमिक स्कूल में शिक्षा यहां पढ़ने वाले मासूम बच्चों के सिर पर आज तक पक्की छत नहीं है। शिक्षा का मंदिर खुले मैदान में सिमटकर रह गया है, जहां किताबें तो हैं, शिक्षक भी हैं, लेकिन सुरक्षा, सुविधा और सम्मान नदारद है।

दरअसल, दो वर्ष पहले जर्जर हालत में पहुंच चुके पुराने स्कूल भवन को कलेक्टर के आदेश पर डिस्मेंटल कर दिया गया था। आदेश के बाद उम्मीद जगी थी कि जल्द ही नया भवन बनेगा, लेकिन दो साल बीत जाने के बावजूद फाइलें दफ्तरों में ही धूल फांक रही हैं। नतीजा यह है कि बच्चे आज भी खुले आसमान के नीचे पढ़ने को मजबूर हैं। बरसात में कभी किसी ग्रामीण के घर तो कभी अस्थायी छप्पर के नीचे कक्षाएं लगाई जाती हैं, जबकि तेज धूप और कड़ाके की ठंड में बच्चों की पढ़ाई सीधे प्रभावित होती है।

विद्यालय परिसर में पीने के पानी की कोई ठोस व्यवस्था नहीं है। हैंडपंप मौजूद जरूर है, लेकिन वह भी हवा उगल रहा है। प्यासे बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ मूलभूत सुविधाओं की कमी से भी जूझ रहे हैं। इस स्कूल में अध्ययनरत सभी बच्चे आदिवासी समुदाय से हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि यही वजह है कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा।

सबसे हैरानी की बात यह है कि स्थानीय विधायक फुंदेलाल सिंह का निवास मात्र 4 से 5 किलोमीटर की दूरी पर है और वे कांग्रेस के कद्दावर नेता माने जाते हैं। बावजूद इसके इस मुद्दे पर कोई ठोस पहल नहीं हुई। वहीं शहडोल संभाग की भाजपा सांसद हिमाद्रि सिंह का निवास भी स्कूल से महज 5 से 6 किलोमीटर दूर बताया जाता है, लेकिन उनका भी ध्यान इस ओर नहीं गया।

समाचार 02 फ़ोटो 02

मंगल भवन का लोकार्पण, 9.30 करोड़ के निर्माण कार्यों का लोकार्पण पूर्व मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने किया उद्घाटन

अनूपपुर

पसान नगर पालिका क्षेत्र में नगर विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। नगर पालिका अध्यक्ष रामअवध सिंह के कार्यकाल में जमुना वार्ड क्रमांक-7 (जमुना कॉलोनी) में मंगल भवन सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का भव्य लोकार्पण समारोह 3 फरवरी को दोपहर करीब 2 बजे आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में नागरिकों की मौजूदगी रही, जिससे नगर में चल रहे विकास कार्यों को व्यापक जनसमर्थन मिलने का संकेत मिला। लोकार्पण कार्यक्रम पूर्व मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रामअवध सिंह सहित पार्षदों ने मुख्य अतिथि का पुष्प-मालाओं और आतिशबाजी के साथ स्वागत किया।

कार्यक्रम में बताया गया कि नगर पालिका क्षेत्र में कुल 9.30 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया है। इनमें मंगल भवन, सड़कें, मॉडल रोड, सौंदर्यीकरण, पेयजल एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। मुख्य अतिथि बिसाहूलाल सिंह ने निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर गुणवत्ता की सराहना करते हुए इसे “श्रेष्ठ एवं टिकाऊ निर्माण” बताया।

नगरवासियों ने कहा कि अब तक क्षेत्र में मांगलिक कार्यक्रमों, सामाजिक बैठकों, महिला समूहों की गतिविधियों एवं सार्वजनिक आयोजनों के लिए स्थायी भवन की कमी महसूस होती थी। मंगल भवन बनने के बाद जमुना वार्ड-7 सहित आसपास के क्षेत्रों के नागरिक विवाह, तिलक, धार्मिक आयोजन, सामाजिक कार्यक्रम एवं सामुदायिक बैठकों को व्यवस्थित रूप से संपन्न कर सकेंगे। नगर पालिका अध्यक्ष रामअवध सिंह ने कहा, “मंगल भवन जनता की वर्षों पुरानी मांग थी। यह भवन अब हर सामाजिक और मांगलिक आयोजन का केंद्र बनेगा। नगर विकास और जनसुविधाएं हमारी प्राथमिकता हैं। 

समाचार 03 फ़ोटो 03

कुएं में गिरा पति की हुई मौत, बचाने के लिए कूदी पत्नी हुई घायल, अस्पताल में भर्ती

शहडोल 

जिले के सीधी थाना क्षेत्र से पति-पत्नी के बीच गहरे प्रेम और साहस को दर्शाने वाली एक मार्मिक घटना सामने आई है। ग्राम तेन्दुडोल में कुएं में गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पति को बचाने के लिए कुएं में कूदने वाली पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका उपचार अस्पताल में जारी है। मृतक गांव का पंच था।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सीधी थाना क्षेत्र के ग्राम तेन्दुडोल निवासी राकेश सिंह पिता दशरथ सिंह (32), जो गांव के पंच भी थे, अपने घर में स्थित कुएं से पानी निकाल रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ा और वे कुएं में गिर गए। घटना के समय उनकी पत्नी सुमिला सिंह कुएं के पास ही मौजूद थीं। पति को कुएं में गिरता देख सुमिला ने बिना किसी परवाह के अपनी जान की बाजी लगाते हुए उन्हें बचाने के लिए कुएं में छलांग लगा दी।

कुएं से आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से सुमिला सिंह को किसी तरह कुएं से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन राकेश सिंह को बाहर निकालने में देर हो गई। जब तक उन्हें बाहर निकाला गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

सीधी थाना प्रभारी शिवेंद्र राम भगत ने बताया कि राकेश सिंह की मौत कुएं में डूबने से हुई है। महिला को परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। बुधवार को पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। गांव के पंच की असामयिक मौत से ग्रामीणों में गहरा दुख है। वहीं पत्नी द्वारा दिखाए गए साहस और प्रेम की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं।

समाचार 04 फ़ोटो 04

संपत्ति को लेकर परिवार के लोगो का ड्रामा, सड़क से लेकर थाना तक हुई गाली-गलौच व मारपीट

*दोनो पक्षो ने थाना में कई शिकायत*

शहडोल 

जिले में पारिवारिक संपत्ति विवाद उस वक्त सरेआम तमाशा बन गया, जब एक ही परिवार के लोग सड़क से लेकर थाना परिसर तक आपस में भिड़ते नजर आए। यह विवाद सिर्फ सड़क तक सीमित नहीं रहा, बल्कि थाना परिसर तक जा पहुंचा। जहां खुलेआम हाथापाई और गाली-गलौज होती रही। झगड़े, हाथापाई और गाली-गलौज का यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया और अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोगों की बेखौफ हरकतें और उन्हें संभालने में जूझती पुलिस साफ दिखाई दे रही है।

मामला बुढ़ार और धनपुरी थाना क्षेत्र से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, धनपुरी थाना के पीछे स्थित माली मोहल्ला निवासी परिवार के सदस्यों के बीच संपत्ति और मुआवजा राशि को लेकर विवाद शुरू हुआ। झगड़े की शुरुआत बुढ़ार थाना क्षेत्र के जैन झरोखा के सामने सड़क पर हुई। जहां दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हुई। सड़क पर हो रहे इस विवाद को वहां से गुजरने वाले लोग देखते रहे और किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया।

विवाद यहीं नहीं थमा और दोनों पक्ष धनपुरी थाने पहुंच गए। थाने के भीतर भी आरोप-प्रत्यारोप, अपशब्दों और झूमा-झपटी का दौर चलता रहा। वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह पुलिसकर्मी विवाद कर रहे लोगों को शांत कराने और थाने से बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हालात काबू में करना उनके लिए मुश्किल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि माली मोहल्ला निवासी अजय माली की कुछ वर्ष पहले करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी। उसकी पत्नी सोनम बाद में अपने प्रेमी के साथ पुणे चली गई थी। अब सोनम के धनपुरी लौटने पर पति की मौत के बाद मिली मुआवजा राशि और संपत्ति को लेकर देवर विजय और देवरानी से विवाद खड़ा हो गया। जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा। 

समाचार 05 फ़ोटो 05

पीआरटी महाविद्यालय में वार्षिक खेल महोत्सव का भव्य आयोजन, खिलाड़ियों में दिखा जबरदस्त उत्साह

अनूपपुर

नगर में संचालित पीआरटी महाविद्यालय, अनूपपुर में वार्षिक खेल महोत्सव का आयोजन अत्यंत उत्साह, ऊर्जा और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूरा महाविद्यालय परिसर खेल भावना और प्रतिस्पर्धात्मक जोश से सराबोर नजर आया। खेल महोत्सव के अंतर्गत कबड्डी, खो-खो, 100 मीटर दौड़ एवं रस्साकशी जैसी रोमांचक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के संचालक डॉ. देवेंद्र कुमार तिवारी ने की।

मुख्य अतिथि  कमलेश तिवारी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि “खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। इससे न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि अनुशासन, टीम भावना एवं नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। आज के युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय सहभागिता करनी चाहिए, जिससे वे एक सशक्त, आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बन सकें।” उन्होंने पीआरटी महाविद्यालय द्वारा आयोजित इस सराहनीय आयोजन की प्रशंसा की। विशिष्ट अतिथि डॉ. इंद्र नारायण काक्षी ने अपने संबोधन में कहा कि “खेलों से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संभव है। खेल मानसिक तनाव को दूर करते हैं, आत्मविश्वास बढ़ाते हैं 

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के संचालक डॉ. देवेंद्र कुमार तिवारी ने कहा कि “पीआरटी महाविद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान प्रदान करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक विकास भी सुनिश्चित करना है। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, सहयोग, समर्पण एवं नेतृत्व की भावना विकसित होती है, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखती है।

समाचार 06 फ़ोटो 06

बाघ-बाघिन मौत के मामले 7 आरोपी गिरफ्तार, तार, खूंटी बरामद, भेजे गए जेल

शहडोल 

जिले में मृत हालत में मिले बाघ और बाघिन मामले में वन विभाग ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। इन आरोपियों में वह लोग भी शामिल हैं जिनके खेत से तार और खूंटी को बरामद किया गया था। उत्तर वन मंडल की डीएफओ तरुणा वर्मा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम सरमन यादव, उम्र 38 वर्ष, मोरन लाल यादव, उम्र 43 वर्ष, राजेश यादव, उम्र 49 वर्ष, रामभगत यादव उम्र 37 वर्ष, मातादीन यादव, उम्र 27 वर्ष, जमुना सिंह गोंड़ उम्र 66 वर्ष और रामचरण सिंह गोंड़ उम्र 59 वर्ष हैं। उन्होंने बताया कि बाघ और बाघिन का शव मिलने के बाद घटना स्थल और उसके आसपास के क्षेत्र में डॉग स्क्वायड से सर्चिंग कराई गई थी और निशानदेही पर संदिग्धों को हिरासत में लेकर कर पूछताछ की गई और उनके द्वारा शिकार में प्रयोग किए गए तार, खूँटी इत्यादि सामग्री को जब्त कर लिया गया। सभी आरोपियों को न्यायालय जयसिंहनगर के समक्ष न्यायालयीन रिमाण्ड हेतु प्रस्तुत किया गया जिस पर न्यायालय द्वारा आरोपियों को न्यायिक हिरासत में मऊ (ब्यौहारी) जेल भेज दिया गया। उपरोक्त प्रकरण में वन विभाग द्वारा अभी और विवेचना की जा रही है। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि राजस्व भूमि ग्राम करपा बीट बनचाचर वन परिक्षेत्र जयसिंहनगर के अंतर्गत बाघ और बाघिन मृत पाए गए थे। जिस पर वन विभाग द्वारा कार्यवाही करते हुए घटना स्थल को सुरक्षित किया गया व डॉग स्क्वाड की सहायता से घटना स्थल एवं उसके आस-पास छानबीन की कार्यवाही की गई थी। विशेषज्ञ वन्य जीव चिकित्सक डॉ. राजेश तोमर बी.टी.आर और डॉ. अभय सेंगर एस. टी. आर. के द्वारा पोस्टमार्टम किया गया था, जिसमें उनके शरीर के सभी अंग सुरक्षित पाए गए थे।

समाचार 07 फ़ोटो 07

शोले वाले स्टाइल में पानी की टंकी चढ़ा, कर रहा था 100 रुपए की मांग, सकुशल किया रेस्क्यू

शहडोल 

जिले के धनपुरी थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वार्ड क्रमांक 3 विलियस नंबर-1 निवासी मो. गोलू ने शोले फिल्म के वीरू की तरह पानी की टंकी पर चढ़कर हाई-वोल्टेज ड्रामा शुरू कर दिया। मानसिक रूप से कमजोर बताए जा रहे इस युवक ने टंकी के ऊपर से कभी पानी में कूदने तो कभी नीचे छलांग लगाने की धमकी देकर इलाके में सनसनी फैला दी।

मो. गोलू हाल ही में अपनी मां और भाई पर कुल्हाड़ी लेकर हमला करने दौड़ा था, इसी के चलते परिवार के लोग उसकी हरकतों से परेशान होकर उसके हाथ-पांव रस्सी से बांधकर रखते थे। .मंगलवार को वह किसी तरह खुद को रस्सियों से मुक्त कराकर घर से भाग निकला और स्टेट हॉस्पिटल के पीछे स्थित पानी की टंकी पर जा चढ़ा। परिवार द्वारा हाथ-पांव बांधने से नाराज गोलू ऊपर चढ़कर लगातार हंगामा करता रहा और तरह-तरह की मांगें करता रहा। 

मामले की सूचना मिलते ही धनपुरी थाना प्रभारी खेम सिंह पेंद्रो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे,पुलिस ने उसे समझाने-बुझाने के लिए हर संभव प्रयास किए। कभी बातचीत तो कभी प्रलोभन देकर नीचे उतरने की कोशिश की गई, लेकिन युवक टंकी में भरे पानी में कूदने और ऊपर से छलांग लगाने की धमकी देता रहा। रेस्क्यू के प्रयासों में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन वह काफी देर तक टस से मस नहीं हुआ,इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और यह नजारा कौतूहल का विषय बना रहा। गौरतलब है कि इससे पहले 17 जनवरी को भी मो. गोलू इसी तरह पास के मोनाली टावर पर चढ़ गया था और 100 रुपये की मांग कर रहा था। तब थाना प्रभारी ने सूझबूझ दिखाते हुए 100 रुपये देकर उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया था।

समाचार 08

मां काली की पावन धरा पर अद्भुत रामायण महायज्ञ का शुभारंभ

अनूपपुर 

जिले के जमुना क्षेत्र स्थित मां काली मंदिर परिसर, कोतमा में बुधवार 4 फरवरी 2026 से भव्य एवं दिव्य धार्मिक आयोजन “अद्भुत रामायण महायज्ञ” का शुभारंभ हो गया। शुभारंभ अवसर पर मंदिर परिसर में विधिवत पूजन-अर्चन, यज्ञ एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो गया। आयोजन शुरू होते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा स्थल पर पहुंचे और भगवान श्रीराम के नाम से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

आयोजन के अंतर्गत संगीतमयी श्रीराम कथा का आयोजन भी प्रारंभ हो गया है, जो 12 फरवरी 2026 तक प्रतिदिन श्रद्धा एवं भक्ति के साथ संपन्न होगी। आयोजन समिति के अनुसार यह कार्यक्रम मां काली की पावन धरा पर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रतिदिन यज्ञ, पूजन, आरती, धार्मिक अनुष्ठान तथा श्रीराम कथा का वाचन किया जाएगा। कथा वाचन का समय प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से निर्धारित किया गया है। कथा का वाचन सुप्रसिद्ध कथावाचक परम पूज्य जगत मिश्रा द्वारा किया जा रहा है। समिति ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में धर्म, संस्कृति, संस्कार एवं आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करना है, ताकि समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सद्भावना का वातावरण बने।

समाचार 09 

अवैध रेत उत्तखनन व परिवहन करने पर ट्रैक्टर ट्रॉली जप्त

अनूपपुर

चौकी वेकंटनगर को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई की ऐवन सिंह गोड़ निवासी आमाडाड़ अलान तिपान नदी संगम ग्राम गोधन से अवैध रेत अपने ट्रेक्टर की ट्राली में लोड कर आमाडाड़ से कदमसरा की ओर रेत बेंचने जाने वाला है, सूचना पर स्थान अनूपपुर गौरेला रोड कदमसरा में रोड किनारे अंधेरे में रूककर वाहन का इन्तजार किया तो आमाडाड़ तरफ से एक ट्रेक्टर अंधेरे में आता दिखाई दिया जिसकी सामने की लाईट जल रही थी जिसे रोककर चेक किया गया तो बिना नं. का ट्रेक्टर एवं पीछे लगी नीले रंग की ट्राली लगी जिसमें 03 घन मीटर अवैध रेत खनिज रेत लोड मिली वाहन चालक से नाम पता पूछां गया तो अपना नाम  ऐवन सिंह गोंड़ पिता लाल सिंह गोंड उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम आमाडाड़ केन्द्र  वेंकटनगर थाना जैतहरी जिला अनूपपुर का होना बताया एवं उक्त वाहन स्वयं के नाम पर रजिस्टर्ड होना बताया, ट्रेक्टर की ट्राली में लोड 03 घन मिटर रेत का कोई कागजात टी.पी. नही मिला, उक्त ट्राली में तिपान नदी से रेत लोड करके ग्राम आमाडाड़ बेचने  ले जा रहा था मेरे ट्रेक्टर का रजि. नं. MP 65ZB9608 है। उक्त मामले में धारा 303(2),317(5), 305(ई) बीएनएस एवं  4/21 मामला दर्ज किया गया।

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget