समाचार 01 फ़ोटो 01
सेंदुरी से खांड़ा पहुंचा नर हाथी रात में तोड़े चार मकान, फसलों को बनाया आहार
*10 दिनों से धनगवां के जंगल के अंदर ठहरे दो हाथी*
अनूपपुर
विगत 51 दिनों से तीन हाथियों का समूह अनूपपुर जिले के जैतहरी एवं अनूपपुर इलाके में निरंतर विचरण कर रहे हैं, जिसमें दो समूह में बटे हाथियों में एक हाथी अनूपपुर नगर से लगे सेंदुरी बेलापार से भगतबांध होते हुए मंगलवार की सुबह भोलगढ से खांडा के जंगल में पहुंचकर रात होते ही खांड़ा गांव में चार मकानों में तोड़फोड़ कर ग्रामीणों के खेतों में लगी फसलों को आहार बनाया है, वही दो हाथी थाना तहसील एवं वन परिक्षेत्र जैतहरी के धनगवां बीट अंतर्गत जंगल में विगत 10 दिनों से ठहरे हैं जो रात में जंगल से बाहर नहीं निकल रहे हैं।
अनूपपुर एवं जैतहरी तहसील थाना एवं वन परिक्षेत्र के इलाके में निरंतर रात होते ही विचरण करते हुए ग्रामीणों के घरों में तोड़फोड़ कर खेत में लगे फसलों को अपना आहार बना रहे हैं, जिससे हाथी प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीण जन दहशत की स्थिति में रहने को बाध्य है, एक दांत वाला नर हाथी सोनमौहरी बीट के जंगल में 8 दिन बीतने बाद मध्य रात्रि सेंदुरी गांव से ग्राम पंचायत पिपरिया के बेलापार गांव में रात बिताने बाद सुबह सेंदुरी गांव से रेलवे लाइन पारकर भगतबांध गांव के समीप सोन नदी को पार कर मंगलवार की सुबह भोलगढ से राष्ट्रीय राजमार्ग पार करते हुए पोंड़ी बीट के जंगल में दिन में ठहरने बाद रात होते ही ग्राम पंचायत एवं ग्राम खांडा कच्चे मकान में तोड़फोड़ कर घर के अंदर रखे खाने की सामग्री को अपना आहार बनाते हुए, खेत एवं बाडियो में लगे गेहूं अरहर की फसलों गन्ना तथा केला को अपना आहार बनाते हुए बुधवार की सुबह से खांडा गांव से लगे खांडा बांध के ऊपर के जंगल में विश्राम कर रहा है, वही दो हाथियों का समूह थाना तहसील एवं वन परिक्षेत्र जैतहरी के धनगवां बीट के जंगल में विगत 10 दिनों से दिन एवं रात को जंगल के अंदर रहकर समय व्यक्तित्व कर रहे हैं।
हाथियों के निरंतर विचरण से ग्रामीण जन भयभीत एवं परेशान है, यह अकेला हाथी रात के समय 8 से 10 किलोमीटर की दूरी तय कर अचानक किसी भी गांव मोहल्ला में पहुंचकर घरों तथा खेतों में पहुंचकर नुकसान कर रहा है, हाथी ग्रामीणों द्वारा भगाए जाने पर अपनी सुरक्षा को देखते हुए बीच-बीच में चिघाड़ कर दौड़ाते हुए तेजी से आगे बढ़कर लेंटाना या छोटे जंगल में जाकर छुप कर कुछ देर आराम करने बाद फिर से नए इलाके में पहुंच जाता है, वन विभाग एवं पुलिस विभाग के द्वारा हाथियों के विचरण पर निरंतर नजर बनाए रखते हुए आम जनों को सचेत एवं सतर्क रहने की अपील की है। हाथियों द्वारा किए जा रहे ग्रामीण जनों के नुकसान पर अनूपपुर कलेक्टर हर्षल पंचोली के निर्देश पर राजस्व विभाग द्वारा नुकसानी का सर्वेक्षण कर राहत प्रकरण तैयार कर रहे है।
समाचार 02 फ़ोटो 02
सीएचसी परासी में वित्तीय प्रभार की उलझन से चरमराईं स्वास्थ्य सेवाएंपूर्व सरपंच ने उठाई आवाज
अनूपपुर
जमुना कोतमा विकासखंड अनूपपुर अंतर्गत स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परासी इन दिनों वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकारों के अभाव में गंभीर अव्यवस्था का सामना कर रहा है इस संबंध में पूर्व सरपंच वीरेंद्र सिंह परासी ने शासन और जिला प्रशासन को विस्तृत आवेदन सौंपते हुए तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में बताया गया है कि वर्तमान में अस्पताल का वित्तीय प्रभार बीएमओ डॉ. धनीराम के पास है, जो फूनगा अस्पताल में पदस्थ हैं और परासी में नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहते परिणामस्वरूप छोटी-छोटी आवश्यकताओं के लिए भी स्वीकृति प्रक्रिया लंबित रहती है, जिससे दवाइयों की उपलब्धता, वैक्सीन परिवहन, गंभीर मरीजों के रेफरल, एम्बुलेंस ईंधन प्रबंधन, भवन की लघु मरम्मत, बिजली-पानी व्यवस्था और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
वीरेंद्र सिंह ने स्पष्ट कहा कि CHC परासी केवल एक ग्राम का नहीं, बल्कि परोड़, धूरवासिन, तितरी, पौड़ी, लतार, हरद, कोटमी सहित आसपास के अनेक गांवों की बड़ी आबादी के लिए प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है ऐसे में वित्तीय अधिकारों की कमी का सीधा असर हजारों मरीजों पर पड़ रहा है।
उन्होंने मांग की है कि परासी में पदस्थ डॉक्टर को ही वित्तीय एवं प्रशासनिक प्रभार सौंपा जाए, ताकि त्वरित निर्णय लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सके यदि शीघ्र कदम नहीं उठाए गए तो जनआक्रोश बढ़ने की आशंका जताई गई है।
समाचार 03 फ़ोटो 03
बब्बा कॉलोनी में मिला अज्ञात युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी
अनूपपुर
जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 9 बब्बा कॉलोनी में बुधवार की सुबह एक अज्ञात पुरुष का शव पुलिस ने बरामद किया तथा अज्ञात पुरुष के पहचान का प्रयास पुलिस कर रही है।
बुधवार की सुबह अनूपपुर नगर के वार्ड क्रमांक 9 बब्बा कॉलोनी निवासी अविनाश दुबे को मोहल्ला वालों ने बताया कि खाली पड़े जमीन में रखें पुलिया वाले बड़े पाइप के टुकड़े के अंदर एक अज्ञात युवक जो लगभग 25 से 30 वर्ष की उम्र का है पड़ा हुआ है, जिसे नजदीक पर जाकर देखने पर वह मृत स्थिति में होना पाए जाने पर कोतवाली थाना अनूपपुर को सूचना दी गई, जिस पर सहायक उप निरीक्षक सतानंद रावत पुलिस दल के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर मृतक के शव का पंचनामा कर शव को जिला चिकित्सालय अनूपपुर भेजकर पता तलाश प्रारंभ की, आसपास के मोहल्ला वासियों ने बताया कि यह अज्ञात पुरुष जिसके बड़े बाल एवं बड़ी दाढ़ी काली सफेद पट्टेदार फुल शर्ट नीले रंग का पेंट खाकी रंग का जैकेट पहने हुए हैं, विगत कई दिनों से मोहल्ला के आसपास घूमता रहता रहा, जिसे देखने एवं बातचीत से मानसिक रोगी होना प्रतीत होता रहा है, कोतवाली पुलिस अज्ञात मृतक की पहचान हेतु विभिन्न माध्यमों से पहचान किए जाने का प्रयास कर रही है।
समाचार 04 फ़ोटो 04
राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता हेतु जल संसाधन से कामता कड़ियाम का हुआ चयन
अनूपपुर
खेल युवक कल्याण/सिविल सेवा प्रति०/2026 केन्द्रीय सिविल सेवा सांस्कृतिक एवं क्रीडा बोर्ड, नई दिल्ली के निर्देश के अनुसार 14 जनवरी 2026 को अखिल भारतीय सिविल सेवा कबड्डी (पुरुष) प्रतियोगिता वर्ष 2025-26 का आयोजन संचालनालय खेल और युवा कल्याण, म०प्र० तात्या टोपे स्टेडियम, भोपाल में किया गया। इस आयोजन में सैकड़ो विभागीय खिलाड़ियों ने भाग लिया। 09 फरवरी 2026 से 14 फरवरी 2026 तक कबड्डी ग्राउंड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सेक्टर- 42 चंडीगढ़ में होने वाले राष्ट्रीय स्तर की पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता हेतु म.प्र. सिविल सेवा कबड्डी पुरुष टीम का प्रतिनिधित्व करने हेतु चयन समिति राष्ट्रीय कबड्डी खेल के लिए मध्यप्रदेश से 14 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। इन खिलाड़ियों में कामता प्रसाद कड़ियाम कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग अनूपपुर का भी चयन हुआ है। श्री कड़ियाम छात्र जीवन से कबड्डी खेल में विशेष रुचि रखते थे, वर्ष 2010 में इनकी नियुक्ति जल संसाधन विभाग में हुई, और 2014 से ये विभागीय खेल में भाग लेने लग गए। राष्ट्रीय स्तर कबड्डी खेल में चयन होने पर जल संसाधन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी सहित सैकड़ों मित्रो ने आशा व्यक्त की है कि राष्ट्रीय कबड्डी खेल प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश कबड्डी टीम को शानदार जीत की सफलता दिलाकर जल संसाधन अनूपपुर सहित मध्यप्रदेश का नाम रोशन करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।कबड्डी टीम में चयन होने पर सभी लोगो कामता प्रसाद कड़ियाम को शुभकामनाएं सन्देश प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
समाचार 05 फ़ोटो 05
तालाब में नहा रहे अधेड़ की डूबने से हुई मौत, एसडीईआरएफ ने रेस्क्यू कर निकाला शव
शहडोल
पपौंध थाना क्षेत्र के निपनिया गांव में हादसे में 52 वर्षीय व्यक्ति की तालाब में डूबने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार निपनिया निवासी लल्लू उर्फ ललुआ कोल मंगलवार दोपहर अपने घर के पास स्थित तालाब में नहा रहे थे। इसी दौरान वे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें डूबते देखा तो तुरंत शोर मचाया और तालाब में उनकी तलाश शुरू की, लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण उन्हें बाहर निकालना संभव नहीं हो सका। बुधवार सुबह शव को पानी से बाहर निकाला लिया गया है।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पपौंध थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। देर शाम तक तलाश जारी रही, लेकिन गहराई और पानी की स्थिति के चलते सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद एसडीईआरएफ (राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल) की टीम को सूचना दी गई।
शाम हो जाने के कारण एसडीईआरएफ द्वारा रेस्क्यू अभियान शुरू नहीं किया जा सका। बुधवार सुबह टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू दल ने लल्लू उर्फ ललुआ कोल का शव तालाब से बरामद कर बाहर निकाला। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। थाना प्रभारी विजेंद्र मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आगे की विवेचना की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
समाचार 06 फ़ोटो 06
दीवार गिरने से किसान की दबकर हुई मौत, मवेशी बांधते समय हुआ हादसा
शहडोल
ब्यौहारी थाना क्षेत्र के आखेटपुर गांव में एक दर्दनाक हादसे में 53 वर्षीय किसान की मौत हो गई। किसान मवेशी को घर के पास स्थित एक पुराने सार की दीवार में बांध रहा था तभी उसी समय अचानक दिवाल गिरने से उसके नीचे दब गया, जिससे उसकी जान चली गई। घटना से गांव में शोक की लहर है।
पुलिस के अनुसार आखेटपुर निवासी अयोध्या कोल पिता स्व. रामप्यारे कोल मंगलवार सुबह रोज की तरह मवेशियों को जंगल चराने ले गए थे। देर शाम करीब 7 बजे वे मवेशियों को लेकर घर लौटे और उन्हें सार में बांधने लगे। एक मवेशी को उन्होंने दिवाल में लगे लोहे के सहारे बांध दिया था। इसी दौरान मवेशी ने अचानक जोरदार झटका दिया और रस्सी छुड़ाने की कोशिश की। झटके के कारण कमजोर दिवाल अचानक भरभराकर किसान के ऊपर गिर गई।
दिवाल के मलबे में दबने से अयोध्या कोल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला। आनन-फानन में अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही ब्यौहारी थाना प्रभारी जिया उल हक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बुधवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस का कहना है कि पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।इस दुखद घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सहायता देने की मांग की है।
समाचार 07 फ़ोटो 07
वित्तीय साक्षारता सप्ताह के तहत जन जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
उमरिया
वित्तीय साक्षरता सप्ताह अंतर्गत कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन ने कलेक्टर सभागार से एल ई डी. मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर जिले में जन जागरूकता हेतु रवाना किया।
एलडीएम सेवकराम सोनवानी ने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक के मार्गदर्शन में 13 फरवरी तक वित्तीय साक्षारता सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है जिसमे भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा इस वर्ष वित्तीय साक्षारता सप्ताह की थीम केवायसी सुरक्षित बैंकिंग कि ओर पहला कदम” रखी गई है। कार्यक्रम अंतर्गत आम नागरिको को ग्राहक पहचान प्रक्रिया (केवायसी, सी-केवायसी),खाता स्वच्छता एवं वित्तीय अनुशासन कि जानकारी दी जा रही है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्राहकों को बैंकिंग से जुड़े धोखाधड़ी जैसे डिजिटल अरेस्ट ,यूपीआई स्कैम, फोन काल फ्राड ,फिशिंग लिंक ( फर्जी इमेल , लिंक पर क्लिक कराकर पासवर्ड /ओ टी पी या पिन निकालना,सिम कार्ड कि क्लोनिंग, स्क्रीन शेयरिंग एप से ठगी इत्यादि मामलों से सतर्क करना तथा सुरक्षित और जिम्मेदार बैंकिंग को बढ़ावा देना है। एस. बी.आई., जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक सेवक राम सोनवानी ने सभी ग्राहकों से अपील की है कि वे वित्तीय साक्षरता सप्ताह में भाग लेकर सुरक्षित बैंकिंग से जुडी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त करें क्योकि आपकी सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है।
समाचार 08
हाथों में हथकड़ी, दिल में पढ़ाई की ललक
उमरिया
मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं आज 10 फरवरी से शुरू हो चुकी हैं। इसी बीच उमरिया जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। उमरिया जिला जेल का विचाराधीन कैदी भी 12वीं की परीक्षा देने परीक्षा केंद्र पहुंचा। पीएमश्री शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कालरी में पुलिस सुरक्षा के बीच उसकी परीक्षा दिलाई गई। उमरिया जिले में इन परीक्षाओं के दौरान एक अनोखा और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
समाचार 09
सुलभ यातायात हेतु एकांकी मार्ग घोषित
उमरिया
कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन ने मोटर यान अधिनियम 1988 की धारा 115 में विहित प्रावधनो के तहत म.प्र. मोटर यान नियम 1994 के नियम 215 के आधीन एवं पुलिस अधीक्षक उमरिया अनुशंसा के आधार पर गांधी चौक शिवालय होटल से छोटी पुल खलेसर तक के मार्ग को जाने का तथा छोटी पुल से विसर्जन स्थल होते हुये खलेसर रोड, गोपाल पुस्तक भंडार वाला मार्ग आने के लिये सुलभ यातायात संचालन हेतु समय सुबह 9 बजे से रात्रि 9 बजे तक के लिए एकांकी मार्ग घोषित किया जाता है। यह आदेश तत्काल प्रभवशील हो गया है।
समाचार 10
पांच हजार रूपये का ईनाम घोषित
उमरिया
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार भागवानी ने कहा है कि जो कोई व्यक्ति ऐसी सूचना देगा जिसके आधार पर अपृहता कि दस्तयाबी, गिरफ्तारी संभव हो सके उसे पांच हजार रूपये के पुरस्कार से पुरस्कृत किया जाएगा। ईनाम वितरण के संबंध में पुलिस अधीक्षक जिला उमरिया का अंतिम निर्णय मान्य होगा।