प्रेमी युगल ने की आत्महत्या, एक ही फंदे में लटकता मिला शव, मामले की जांच में जुटी पुलिस
शहडोल
जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक-युवती का शव फंदे से लटका मिला। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के टेटका गांव में एक महुआ के पेड़ की डाली में साड़ी का फंदा बनाकर दोनों ने आत्महत्या कर ली है। दोनों शव एक ही फंदे में लटकते मिले हैं। शवों को मवेशी चरा रहे व्यक्ति ने शनिवार की सुबह देखा। उसने गांव के लोगों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद लोगों ने मामले की जानकारी जयसिंहनगर पुलिस को दी है। जानकारी लगते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच जांच में जुटी हुई है।
थाना प्रभारी एसपी चतुर्वेदी ने बताया कि युवक की पहचान संदीप पिता शंभू सिंह उम्र 20 वर्ष निवासी बस नगरी के रूप में हुई है। युवती की पहचान करवाई जा रही है दोनों शवों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। दोनों की उम्र लगभग 20 वर्ष है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम जांच में ऐसा लग रहा है कि यह दोनों प्रेमी युगल हैं। युवती की पहचान होने पर ही बात स्पष्ट होगी। मृतक युवक के परिजनों को मामले की जानकारी देकर मौके पर बुलवाया गया है।
घटना की जानकारी लगते ही गांव के लोग मौके पर पहुंच गए हैं तो वहीं मृतक युवक के भी परिजन काफी संख्या में घटना स्थल पहुंचे हैं। पुलिस ने दोनों शवों को पेड़ से नीचे उतरवा लिया है। पुलिस ने बताया है कि युवती की साड़ी से ही दोनों ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। पेड़ के नीचे दोनों की चप्पल भी पुलिस ने बरामद की है। पुलिस ने मामले पर फिलहाल मर्ग कायम कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।