वित्तीय अधिकार एवं मानदेय बढ़ाने जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व सदस्यों ने सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन
अनूपपुर
जनपद में चुने हुए जनप्रतिनिधियों का पंचायतों में अहम भागीदारी होती हैं उसके बाद भी उनके अधिकार ग्राम पंचायत में न के बराबर है जिसके विरोध में जनपद के जनप्रतिनिधियों को इसका विरोध करने के लिए जिला मुख्यालय पहुँचना पड़ा। अनूपपुर जिले के जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के अध्यक्ष उपाध्यक्ष एवं जनपद सदस्यों ने 3 फरवरी को वित्तीय अधिकार एवं मानदेय सहित पांच सूत्री मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम अपर कलेक्टर सरोधन सिंह को ज्ञापन सौंपा गया। सौपे गए ज्ञापन पत्र में मांग की गई है कि हाल ही में आपके द्वारा प्रदेश में सदस्यों सरपंच गणों के सम्मेलन में ग्रामीण विकास को दृष्टिगत रखते हुए सरपंच गणों के मानदेय मे बढ़ोतरी एवं 25 लाख तक के निर्माण कार्य कराने के अधिकार दिए गए हैं जो सराहनीय है किंतु हम जनपद पंचायत सदस्य गण भी पंचायत राज व्यवस्था के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं ।एक जनपद सदस्य 5 से 6 पंचायतों से निर्वाचित होकर आते हैं इसके बाद अध्यक्ष उपाध्यक्ष जनप्रतिनिधियों को ग्राम के विकास एवं निर्माण कार्यों हेतु कोई अधिकार नहीं दिए गए हैं जो अधिकार दिए गए हैं वह ना के बराबर हैं अतः हम समस्त जनपद पंचायत पदाधिकारियों अध्यक्ष उपाध्यक्ष एवं जनपद सदस्य गणों को उनके क्षेत्र के विकास के लिए विकास निधि एवं शिक्षा अनुदान राशि के अधिकार दिए जाएं । जनपद पंचायत अध्यक्ष को विकास निधि से डेढ़ करोड़ एवं स्वेच्छानुदान 25 लाख जनपद पंचायत उपाध्यक्ष को विकास निधि 50 लाख एवं स्वेच्छानुदान 2.5 लाख जनपद सदस्य गणों को विकास निधि 25 लाख एवं स्वेच्छानुदान 1लाख के बजट प्रदान किए जाएं। जनपद पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले समस्त विभागों के विभागीय बजट के अनुमोदन का अधिकार जनपद पंचायत की सामान्य सभा व सामान्य प्रशासन समिति को दिया जाए। जनपद पंचायत के समस्त योजनाओं वित्तीय नस्ती एवं प्रशासनिक नस्ती के अनुमोदन का अधिकार जनपद पंचायत के अध्यक्षों को दिया जाए ।जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ क्षेत्र में आर्थिक सहायता से अनुदान वितरण का अधिकार दिया जाकर एक करोड़ के बजट की व्यवस्था की जाए। जनपद पंचायत अध्यक्ष का वेतन 45 हजार एवं स्टेशनरी भत्ता 15 हजार जनपद पंचायत उपाध्यक्ष का वेतन 25 हजार स्टेशनरी भत्ता 20 हजार जनपद सदस्य गणों का मानदेय 15 हजार एवं स्टेशनरी भत्ता 1 हजार दिया जाए।
