यात्रियों से खुलेआम लूट, अनाधिकृत व्यक्तियों के द्वारा बेंचा जा रहा खाद्य सामग्री, जिम्मेदार मौन
अनूपपुर
रेल प्रशासन की उदासीनता या मिलीभगत से रेल्वे जंक्शन अनूपपुर में संचालित कैंटीन संचालकों के द्वारा नियम को दरकिनार करते हुए दूर दराज की यात्रा करने जा रहे यात्रियों के साथ खुलेआम लूट की जा रही है। रेलवे स्टेशन व ट्रेनो पर गुणवत्ता विहीन खाद्य सामग्री बेची जा रही है जिस पर यात्रियों द्वारा लगातार आरोप लगाते आ रहे हैं इस तरह की लापरवाही रेल्वे प्रशासन की उदासीनता या मौन स्वीकृति से हो रहा है जिसके कारण यात्रियों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है।
अनूपपुर जंक्शन से कटनी, बिलासपुर व कोतमा मार्ग पर जाने वाली ट्रेन में अनाधिकृत लोग सवार होकर अमरूद, चाय, चना, मूंगफली व पानी के अलावा अन्य सामान बेचा जा रहा है जबकि ट्रेनों में आरपीएफ की गश्त होती हैं उसके बाबजूद इनके सामने खुलेआम यात्रियों के जान के साथ खिलवाड़ होता रहता है और आरपीएफ आंख बंद करके बैठी है। यात्रा कर रहे कुछ यात्रियों ने बताया कि उक्त कैंटीन संचालकों के द्वारा जहां रेटसूची अंकित किया गया है वह भी अंकित दाम से दो गुने रेट पर बेंच रहे हैं। इतना ही नही 1 बोतल पानी का दाम जहां कैंटीन में मूल्य 15 रुपये लिखकर रखा गया है उसे भी यात्रियों को 20 रुपये में बेंचकर लोगों के साथ खुलेआम लूट की जा रही है। पेय पदार्थ व खाद्य सामग्री भी मनमाने दर पर बेची जा रही है। कही पर तो रेट सूची ही गायब है।
इस समय प्लेटफार्म नं. 04 से प्लेटफार्म नं. 01 व बाहर जाने वाले फुट ओवरब्रिज को रेल प्रबंधन ने बंद करके रखा है जिस वजह से आमजन ही नही रेल विभाग के कर्मचारी परेशान हैं इसके अलावा रिस्क उठाकर लाइन पार कर के जाना पड़ रहा है। यात्री परेशान हैं रेल प्रशासन कुम्भकर्णी नींद में है इस लापरवाही से कभी भी बड़ी घटना घट सकती है।
*इनका कहना है*
अवैध खाद्य सामग्री बेचने व कीमत से ज्यादा सामान बेचने वालों के ऊपर रेलवे प्रशासन लगातार मुहिम चलाकर समय समय पर कार्यवाही करती है। आगे भी कार्यवाही करती रहेगी।
*अम्बिकेश साहू पीआरओ रेलवे बिलासपुर*
