पुरानी रंजिश पर धारदार हथियार से हमला, हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
अनूपपुर/कोतमा
अनूपपुर जिले के कोतमा थाना अंतर्गत एक व्यक्ति को पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगो ने लहूलुहान कर दिया। घायल को उपचार के लिए कोतमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। मामला बिगड़ता देख डॉक्टरों ने जबलपुर रेफर कर दिया। हालांकि इसकी शिकायत घायल के परिजनों ने कोतमा थाने पर दर्ज कराई है। जिस पर पुलिस ने धारा 341, 294, 323, 324, 307, 506, 34 आईपीसी का मामला पंजीबद्ध करते हुए जांच शरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राकेश साहू निवासी सारंगढ़ और इसके चाचा गुलाब साहू गांव के बगल में हुए एक्सीडेंट को देख कर लौट रहे थे। इस दौरान निगवानी रतन साहू की मुर्गा दुकान के पास कुछ आरोपी घात लगाए बैठे हुए। आरोपी रतन साहू, लल्लन साहू, छबि लाल साहू अपने हाथ में गड़ासा, सरिया और डंडा रखे थे। राकेश साहू के चाचा को देखते ही रास्ते में आ गए और गुलाब का रास्ता रोककर गालियां देते हुए शिवरतन साहू हाथ में रखे गड़ासे से गुलाब के सिर में जोरदार प्रहार किया।
इससे लहूलुहान हालत में गुलाब साहू गिर गया। इस दौरान लल्लन साहू लोहे के सरिया से गुलाब साहू के ऊपर वार किया। छविलाल साहू और ब्रज किशोर साहू अपने हाथ में रखे डंडा से गुलाब साहू के शरीर में मारने लगे। इस दौरान गुलाब साहू का भतीजा राकेश साहू बीच-बचाव करना चाहा। जिस पर आरोपियों ने इन्हें भी जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से अपने चाचा को छुड़ाते हुए कोतमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इलाज के लिए लाया। जहां से मामला गंभीर होता देख डॉक्टरों ने जबलपुर रेफर कर दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
