समाचार 01 फ़ोटो 01
थाना व एसपी के चक्कर काटकर परेशान, न्याय नही मिलने पर, महिला ने सीएम हेल्पलाइन में की शिकायत
अनूपपुर
जैतहरी थाना के ग्राम पंचायत चोरभठी निवासी पीड़ित महिला गीता बाई राठौर पति गेंदालाल राठौर ने थाना और पुलिस अधीक्षक से न्याय नहीं मिलने पर मजबूर होकर सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई है।
गीता बाई राठौर का कहना है की 21 अप्रैल 2026 को सुबह जब अपने घर में झाडू पोंछा कर रही थी, पति डेबरी तालाब के तरफ़ चले गए थे। उसी समय जेठ पंचराम राठौर और जेठानी प्रमिला राठौर घर के पार्टीशन में बने ईंट के दिवाल को गैंती और सब्बल से तोड़ रहे थे, जिसका पीड़िता ने वीडियो बनाकर रखी है जिसे थाना प्रभारी जैतहरी को दिखाईं है। दिवाल तोड़ने के बाद जेठ पंचराम राठौर पीड़िता के पास पहुंच कर पीड़िता के स्तन को दोनों हाथों से मसलने लगा जिससे पीड़िता गीता बाई राठौर जोर जोर से चिल्लाने लगी। पंचराम राठौर अपने गंदी मंशा को असफल होने पर पीड़िता के साथ मारपीट करने लगा, यहां तक की सब्बल से दायां पैर के जंघा पर जोरदार वार किया। किसी तरह जेठ के चंगुल से छुटकारा पाईं और गली की तरफ भाग गयी, जेठ गली में लगे दरवाजा को अंदर से बंद कर दिया।
पीड़िता का कहना है कि गली निकलकर 112 नम्बर पर फोन कर पुलिस को बुलाई। मौके पर पास पड़ोस के लोग एकत्र हुए जिन्हें पीड़िता ने आप बीती घटना के विषय में बताईं तब तक मौके पर पुलिस पहुंची और दरवाजा में लगे ताला खुलवाया और घटना स्थल की मुआयना करने के बाद पीड़िता को थाना पहुंचकर रिपोर्ट करने की सलाह दी।
पीड़िता का कहना है कि पति के साथ थाना पहुंचकर आप बीती घटना के विषय में थाना प्रभारी जैतहरी को बताईं हूं उन्होंने रिपोर्ट लिखने के बजाय उसे ही गुनहगार ठहरा रहे थें। पीड़िता उसी एसपी अनुपपुर को चोट को दिखाया और कार्यवाही करने की अनुरोध किया है। पीड़िता का कहना है कि जब कही से उसे न्याय मिलने की उम्मीद नहीं दिखी तो विवश होकर सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई है। देखना यह है कि महिला सुरक्षा का ढिंढोरा पीटने वाले भाजपा सरकार पीड़िता को न्याय दिलाने में क्या कुछ करतीं हैं।
समाचार 02 फ़ोटो 02
कार में मिला था गांजा, कुएं में मिला था तीन शव मामले में छटवां आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार
शहडोल
जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र में 13-14 अप्रैल की रात कुएं में मिले तीन युवकों के शव के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी माइकल को गिरफ्तार किया है। इस बहुचर्चित घटना में अब तक कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, लेकिन मौत की परिस्थितियों को लेकर उठ रहे सवाल अब भी शांत नहीं हुए हैं।
मृतकों की पहचान तनुज शुक्ला, सचिन सिंह बघेल और रोहित शर्मा के रूप में हुई थी। पुलिस का दावा है कि गांजा तस्करी के दौरान पुलिस को देखकर तीनों युवक भागे और करीब 60 फीट दूर स्थित कुएं में गिरने से उनकी मौत हो गई। हालांकि, स्थानीय लोगों और परिजनों का कहना है कि जब पुलिस मौके पर मौजूद थी और वाहनों की तलाशी लेकर गांजा जब्त कर रही थी, तब पास ही कुएं में डूब रहे युवकों की भनक तक नहीं लगना कई सवाल खड़े करता है।
गिरफ्तार किया गया माइकल वही व्यक्ति है, जो घटना की रात दुर्घटनाग्रस्त क्रेटा कार में ड्राइवर के बगल वाली सीट पर बैठा था। इस कार को सुनील टांडिया चला रहा था, जिसे पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार, माइकल इस पूरे गांजा नेटवर्क की अहम कड़ी हो सकता है और उससे पूछताछ में तस्करी के स्रोत और सप्लाई चैन को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।
इस मामले में सबसे पहले सड़क किनारे खड़ी कार के मालिक शंकर विश्वकर्मा को पकड़ा गया था। उसके इनपुट पर आगे की कार्रवाई करते हुए सुनील टांडिया, हीरासिंह (जिसके घर से 200 किलो गांजा बरामद हुआ), सोनू बैगा और रामपाल सिंह को गिरफ्तार किया गया। अब माइकल की गिरफ्तारी के साथ यह संख्या छह हो गई है, जबकि तीन अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है।
समाचार 03 फ़ोटो 03
बायपास NH-43, जर्जर सड़क, जानलेवा गड्ढा और विभागीय असमंजस से बढ़ा हादसों का खतरा
अनूपपुर
कोतमा नगर अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-43 का बायपास इस समय गंभीर बदहाली का शिकार है। बसखली तिराहा से शुक्ला ढाबा तक लगभग एक किलोमीटर मार्ग गहरे गड्ढों, उखड़ी डामर परत और उड़ती धूल के कारण अत्यंत जोखिमपूर्ण हो चुका है। जायसवाल कबाड़ दुकान और शुक्ला ढाबा क्षेत्र के आगे कई स्थानों पर सड़क की संरचना कमजोर हो चुकी है, जबकि बीच का बड़ा गड्ढा “जानलेवा” रूप ले चुका है, जिससे लगातार दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
यह मार्ग मध्य प्रदेश में कटनी, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर से होकर गुजरता है, जहां कोतमा बायपास इसका अहम हिस्सा है। इसके बाद यह छत्तीसगढ़ में अंबिकापुर से होकर झारखंड को जोड़ता है। लंबे समय से मरम्मत न होने के कारण सड़क कई स्थानों पर 1 से 2 फीट गहरे गड्ढों में तब्दील हो गई है। दिन में धूल दृश्यता कम करती है, जबकि रात में प्रकाश और चेतावनी संकेतों की कमी से जोखिम और बढ़ जाता है।
इस समस्या के पीछे लोक निर्माण विभाग (PWD) और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के बीच अधिकार क्षेत्र को लेकर असमंजस बना हुआ है, जिससे मरम्मत कार्य प्रभावित हो रहा है।स्थानीय नागरिकों के अनुसार यह मार्ग अब दुर्घटनाओं का केंद्र बन चुका है। वाहन लगातार गड्ढों में फंसते हैं और हादसे हो रहे हैं, जिससे दोपहिया वाहन चालक सबसे अधिक प्रभावित है। कोतमा बायपास का यह हिस्सा अत्यंत उच्च जोखिम दुर्घटना क्षेत्र बन चुका है, जहां कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है।
समाचार 04 फ़ोटो 04
अवैध प्लॉटिंग पर एसडीएम की सख्ती, पूर्व पार्षद, मंडल अध्यक्ष की माँ समेत अन्य को नोटिस जारी
अनूपपुर
नगर में लंबे समय से चल रही अवैध प्लॉटिंग और जमीन विक्रय के खेल पर अनुविभागीय दंडाधिकारी कोतमा द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आधार पर प्रकरण पंजीबद्ध कर कई प्रभावशाली लोगों के खिलाफ नोटिस जारी किए गए हैं। इस कार्रवाई से भूमाफियाओं में हड़कंप मच गया है।
नगर के वार्ड क्रमांक 8 में बिना वैधानिक अनुमति के प्लॉटिंग कर जमीन बेचने का मामला सामने आया है। इसमें भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष पुष्पेंद्र जैन की मां पूर्व पार्षद ममता जैन द्वारा कथित रूप से अवैध रूप से भूमि का विभाजन कर विक्रय किए जाने की शिकायत मिली थी। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ प्लॉटों का पंजीयन कर बिक्री भी कर दी गई है, जो सीधे-सीधे राजस्व नियमों का उल्लंघन है।
इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 10 में भी भुमेश प्रसाद पिता अगस्त मुनि, संतन पाल एवं रुकमणी देवी सोनी द्वारा अवैध प्लॉटिंग कर जमीन बेचे जाने का मामला उजागर हुआ है। तहसीलदार एवं पटवारी की संयुक्त रिपोर्ट के आधार पर एसडीएम कार्यालय ने इन सभी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर विधिवत नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
जांच में पाया गया कि संबंधित लोगों ने बिना लेआउट स्वीकृति, बिना डायवर्सन और बिना सक्षम प्राधिकरण की अनुमति के भूमि का छोटे-छोटे टुकड़ों में विभाजन कर विक्रय किया। यह कृत्य मध्यप्रदेश भू-राजस्व संहिता एवं नगर एवं ग्राम निवेश अधिनियम के प्रावधानों का स्पष्ट उल्लंघन है। एसडीएम ने स्पष्ट किया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इनका कहना है।
संबंधित जनों को नोटिस जारी कर दिया गया है अग्रिम कानूनी कार्यवाही जारी है।
*सतीश वर्मा, एसडीएम, कोतमा*
समाचार 05 फ़ोटो 05
युवती से शारीरिक शोषण करने वाला आरोपी गिरफ्तार
अनूपपुर
कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा 27 वर्षीय नवयुवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने के अपराध में आरोपी टीकम सिहं मरावी पिता धीरेन्द्र सिहं मरावी उम्र 30 साल निवासी ग्राम घाटा धोपगढ़ थाना करनपठार अनूपपुर को गिरफ्तार किया गया है।
27 वर्षीय नवयुवती द्वारा थाना कोतवाली अनूपपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि आरोपी टीकम सिहं मरावी पिता धीरेन्द्र सिहं मरावी उम्र 30 साल निवासी ग्राम घाटा भोपगढ थाना करनपठार अनूपपुर ने मित्रता की और शादी करने का विश्वास दिलाकर पिछले दो साल से शारीरिक शोषण किया जा रहा है। जो उक्त रिपोर्ट पर तत्काल अपराध क्रमांक 233/26 धारा 69 बी.एन.एस. पंजीबद्ध किया जाकर टी.आई. कोतवाली निरीक्षक अरविन्द जैन के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सरिता लकड़ा, प्रधान आरक्षक शेख रसीद, आरक्षक अब्दुल कलीम की टीम के द्वारा आरोपी टीकम सिहं मरावी को ग्राम घाठा धोबगढ़, करनपठार से गिरफ्तार किया गया है।
समाचार 06 फ़ोटो 06
राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर कार्यक्रम संपन्न, लखपति दीदियों व सरपंच सचिवों को किया गया सम्मानित
उमरिया
पंचायती राज व्यवस्था देश के लोकतंत्र की मजबूत नींव है, जो ग्रामीण स्तर पर विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ग्राम पंचायतों को सशक्त बनाकर ही आत्मनिर्भर और विकसित गांवों का निर्माण संभव है। इसके लिए पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उक्त आशय के विचार कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय ने कलेक्टर सभागार में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर कलेक्टर सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए व्यक्त किए ।
उन्होने कहा कि महिलाएं समूह से जुड़कर समाज मे बेहतर काम कर रही है तथा स्वयं कार्य करते हुए दूसरों को भी रोजगार उपलब्ध करा रही है , जिससे महिलाओं के जीवन में स्वमेव ही बदलाव देखा जा सकता है। उन्होंने महिलाओं का उत्साह वर्धन करते हुए कहा कि आप सभी इसी तरह मेहनत करते हुए अपने अपने कार्य को अंजाम दें और बेहतर ढंग से अपने परिवार का संचालन करें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीईओ जिला पंचायत अभय सिंह ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंच रहा है । कार्यक्रम के अंत में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायत एवं विभिन्न विभाग के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओ ने अपने अपने अनुभवों को साझा किया । कार्यक्रम का संचालन जिला परियोजना समन्वयक खेमलाल साहू राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान जिला पंचायत उमरिया द्वारा किया गया । इस अवसर पर जिला समन्वयक एन आर एल एम चंद्रभान सिंह सहित समूह की दीदीयां उपस्थित रही।
समाचार 07 फ़ोटो 07
स्वास्थ्य सेवाएँ वेंटिलेटर पर, डॉ. दीनबंधु के जाते ही रीजनल अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था हुई खराब
अनूपपुर
एसईसीएल जमुना-कोतमा क्षेत्र की लाइफलाइन कहे जाने वाले रीजनल अस्पताल भालूमाड़ा में इस वक्त स्वास्थ्य सुविधाओं का सूरज ढल चुका है। क्षेत्र के चहेते और अनुभवी चिकित्सक डॉ. दीनबंधु की सेवानिवृत्ति के बाद से यह अस्पताल केवल एक इमारत बनकर रह गया है। अनुभव के अभाव और व्यवस्थाओं की कमी ने कोलकर्मियों और उनके परिवारों को दर-दर भटकने पर मजबूर कर दिया है।
डॉ. दीनबंधु केवल एक डॉक्टर नहीं, बल्कि इस क्षेत्र के मरीजों के लिए भरोसे का दूसरा नाम थे। उनके इलाज में वो तजुर्बा और संवेदनशीलता थी, जिससे मरीज आधा तो उनकी बातों से ही ठीक हो जाता था। उनके रिटायर होते ही अस्पताल की रीढ़ की हड्डी टूट गई है। आज उनकी कमी हर उस मरीज को खल रही है, जो कभी निश्चिंत होकर अस्पताल आता था।
अस्पताल में वर्तमान में पदस्थ नए डॉक्टरों पर सवाल उठाते हुए स्थानीय लोगों और कर्मचारियों का कहना है कि नए डॉक्टरों के पास चिकित्सा का वह व्यावहारिक ज्ञान नहीं है जो गंभीर स्थितियों को संभाल सके। मरीज परेशान: सही निदान जांच न होने के कारण मरीजों को बार-बार अस्पताल के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। बेहतर इलाज के अभाव में कर्मचारी महंगे प्राइवेट अस्पतालों या फिर रिस्क लेकर झोलाछाप डॉक्टरों के पास जाने को विवश हैं।
"मैनेजमेंट ने हमें अस्पताल की सुविधा तो कागजों पर दी है, लेकिन धरातल पर डॉक्टर दीनबंधु के जाने के बाद अब सिर्फ खाली कमरे और अनुभवहीनता बची है। हम अपने परिवार की जान जोखिम में डाल रहे हैं।
समाचार 08 फ़ोटो 08
रामलाल रौतेल बने अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष लोगो ने दी शुभकामनाएं
अनूपपुर
अनूपपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक, मध्य प्रदेश कोल विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष तथा पूर्व अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल को एक बार फिर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने विश्वास जताते हुए मध्य प्रदेश अनुसूचित जनजाति आयोग का अध्यक्ष मनोनीत किया है। गत दिवस उनके मनोनयन संबंधी पत्र जारी होने के बाद पूरे क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का वातावरण देखा जा रहा है।
रामलाल रौतेल को मध्य प्रदेश अनुसूचित जनजाति आयोग का अध्यक्ष बनाए जाने पर पवित्र नगरी अमरकंटक सहित पूरे अनूपपुर जिले के भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं एवं बधाई प्रेषित की है। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि श्री रौतेल के मनोनयन से जनजातीय समाज में नई आशा और विश्वास का संचार हुआ है तथा आम जनता में उत्साह का वातावरण बना है।
भाजपा नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि श्री रौतेल अपने अनुभव, सक्रियता और जनसेवा के माध्यम से जनजातीय समाज को साथ लेकर शासन की योजनाओं का प्रभावी लाभ दिलाने का कार्य करेंगे तथा समाज के उत्थान के लिए नई ऊर्जा के साथ कार्य करेंगे।
समाचार 09
पांच हजार रूपये का ईनाम घोषित
उमरिया
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार भागवानी ने थाना मानपुर जिला उमरिया के अपराध क्रमांक 106/2026 धारा 137 (2) बी एन एस अपह्ता ग्राम करौदी टोला बिजौरी कि दस्तयाबी या गिरफतारी पर उदघोषणा की है कि जो कोई व्यक्ति ऐसी सूचना देगा जिसके आधार दस्तयाबी या गिरफ्तारी संभव हो , उसे पांच हजार रूपये के पुरस्कार से पुरस्कृत किया जाएगा। इनाम वितरण के संबंध में पुलिस अधीक्षक उमरिया अंतिम निर्णय होगा।