समाचार 01 फ़ोटो 01
फर्जी प्रमाण पत्र से बन गए एसडीओ, हाई कोर्ट ने जारी किया नोटिस, अवैध संपत्ति को कुर्क करने की उठी मांग
अनूपपुर
जिले के जल संसाधन संभाग के अनुभाग राजेंद्रग्राम में पदस्थ अनुविभागीय अधिकारी जे.एल. नंदा के खिलाफ उच्च न्यायालय जबलपुर ने एक कड़ी कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी किया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने एक कूटचरित और पूरी तरह फर्जी आदिवासी जाति प्रमाण पत्र का उपयोग कर न केवल सरकारी नौकरी हथियाई, बल्कि दशकों तक ऊंचे पदों पर आसीन रहकर सरकारी व्यवस्था को ठगा है।
उच्च न्यायालय जबलपुर के समक्ष दायर रीट पिटीशन क्रमांक WP/11846/2026 (दीपक कुमार मिश्रा बनाम म.प्र. राज्य) की प्रारंभिक सुनवाई में ही मामले की गंभीरता को स्वीकार किया गया। न्यायमूर्ति ने कथित फर्जीवाड़े को आदिवासी वर्ग के संवैधानिक अधिकारों पर बड़ा हमला मानते हुए जे.एल. नंदा और संबंधित विभागीय अधिकारियों को चार सप्ताह के भीतर जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए हैं।
शिकायतकर्ता एडवोकेट दीपक कुमार मिश्रा ने बताया कि इस संबंध में पहले भी कलेक्टर, कमिश्नर और भोपाल स्थित छानबीन समिति को ठोस सबूत सौंपे गए थे। लेकिन उनको बचाने का प्रयास किया गया है।शहडोल और अनूपपुर संभाग लंबे समय से "बाहरी" लोगों द्वारा फर्जी सर्टिफिकेट के आधार पर नौकरियां हथियाने का केंद्र बना हुआ है। जे.एल. नंदा पर लगे आरोपों ने इस आग में घी डालने का काम किया है। ग्रामीणों का कहना है कि नंदा जैसे अधिकारियों ने न केवल एक गरीब और पात्र आदिवासी का हक छीना, बल्कि पद का दुरुपयोग कर भारी भरकम निजी संपत्ति भी इकट्ठा की है। लोगो की मांग कर है कि नंदा के कार्यकाल के दौरान खरीदे गए भूखंडों, मकानों और बैंक खातों की विशेष जांच कराई जाए। यदि आरोप सिद्ध होते हैं, तो न केवल उन्हें बर्खास्त किया जाए, बल्कि उनकी पूरी संपत्ति कुर्क कर सरकारी खजाने में जमा की जानी चाहिए।
समाचार 02 फ़ोटो 02
इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक हुआ ब्लास्ट, घर का सामान जलकर हुआ खाक
अनूपपुर
दो पहिया इलेक्ट्रिक वाहन में अचानक हुए ब्लास्ट से घर में रखा समान पूरी तरह जलकर खाक हो गए हैं यह हादसा उसे समय घटित हुआ जिस दौरान घर में कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। आंगन में खड़ी एक इलेक्ट्रिक बैटरी कंपनी की स्कूटी में हुए ब्लास्ट के चलते घर के कई इलेक्ट्रिक समान आगजनि का शिकार हो गए। घर वालो की माने तो गाड़ी बिना चार्जिंग के खड़ी हुई थी बावजूद के गाड़ी की बैटरी में धमाका हुआ इसके बाद घर के कई सामान जल गए। फिलहाल वाहन मालिक में आगजनी की शिकायत थाने में कर दी है। जैतहरी जनपद के ग्राम पंचायत धनगवा के वार्ड नंबर 5 निवासी राजेंद्र विश्वकर्मा को जरूरी काम से घर से बाहर गए हुए थे उनके घर के आंगन में एक बैटरी कंपनी की स्कूटी में मंगलवार की शाम 5:30 बजे के आसपास बैटरी में ब्लास्ट हो गया। गाड़ी में हुए धमाके के चलते घर के कई इलेक्ट्रिक सामान बुरी तरह झुलस गए हैं जिसमें फ्रिज, कूलर, वाशिंग मशीन व टेबल फैन बताया जा रहे हैं जिस समय बैटरी वाली गाड़ी में धमाका हुआ। उस समय घर में कोई भी मौजूद नहीं था राजेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि गाड़ी की बैटरी में ब्लास्ट होने के चलते घर का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया है। हैरानी इस बात की है की गाड़ी बिना चार्जिंग के खड़ी हुई थी। वाहन मालिक ने इस आगजनी की जानकारी जैतहरी थाने में दी है।
समाचार 03 फ़ोटो 03
दूषित पेय जल की आपूर्ति पर, जल समस्या निराकरण समिति ने अजय सिंह को सौंपा ज्ञापन
अनूपपुर
अजय सिंह राहुल अनूपपुर जिले की यात्रा के दौरान पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रामखेलावन राठौर के निवास पर पधारे तब यह ज्ञापन, अनूपपुर में नगरपालिका द्वारा दूषित पेय जल की आपूर्ति, नदियों में जिला अस्पताल सहित कई अस्पतालों सरकारी व ग़ैर सरकारी संस्थानों तथा तमाम वार्डों से निःसरित दूषित जल जोकि सीधे अनूपपुर की नदियों तिपान व चंदास में प्रवाहित किया जा रहा है जिससे नदियों का अस्तित्व ख़तरे में पड़ गया है, के संबंध में था। जल समस्या निराकरण समिति के संयोजक गिरीश पटेल ने ज्ञापन सौंपते हुए राहुल जी को बताया कि नदियों का अस्तित्व ख़तरे में है,तिपान तथा चंदास दोनों ही नदियाँ बहुत ही बुरी स्थिति में हैं और चंदास तो लगभग नाले के रूप में परिवर्तित हो गई है यदि समय रहते इस समस्या का निराकरण नहीं किया गया तो इनका अस्तित्व समाप्त हो जाएगा।तिपान नदी में ही नगरपालिका का साधारण फिल्टर प्लांट लगा है और वहीं पर अत्यंत अपशिष्ट पदार्थों से युक्त जल निरंतर प्रवाहित हो रहा है जोकि केवल फिटकरी और क्लोरीन से साफ कर पेयजल के रूप में प्रदाय किया जा रहा है, इस संबंध में नगर पालिका, स्वास्थ्य विभाग और कलेक्टर को लिखित रूप से अवगत कराया गया पर बड़े आश्वासन के बावजूद कलेक्टर ने न तो कोई कार्रवाई की और न ही अपने वादे के अनुसार उन नदियों को देखने गए जहां इनका हाल बदतर हो चुका है। यहां पर जो एस टी पी प्लांट लगाने की योजना बनाई गई है वो ऐसे स्थानों पर हैं जहां अभी इसकी तत्काल में ज़रूरत नहीं है और जहां ज़रूरत है वहाँ प्लांट कीं कोई योजना नहीं है। गंगा संवर्धन योजना के तहत सरकार से जिस राशि का आवंटन हुआ उसे आवश्यक जगह पर खर्च न करके ऐसे स्थानों पर खर्च किया गया और किया जा रहा है जहां इसकी फ़ौरी तौर पर कोई ज़रूरत नहीं थी, जहां पर खर्च हो रहा है वे स्थान क्रमानुसार बाद में आते है। ज्ञापन सौंपते हुए आयोजन समिति ने राहुल से माँग की कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को सूचित कर के कार्यवाही कराने की कृपा करें ताकि इस समस्या का निराकरण हो सके। राहुल ने पूरे ज्ञापन को गंभीरता पूर्वक पढ़ा और आश्वासन दिया कि वे इस पर ठोस कार्यवाही करवाने की पूरी कोशिश करेंगे। ज्ञातव्य है कि पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष जीवेंद्र सिंह ने नदियों का सर्वेक्षण कर आवश्यक रिपोर्ट प्रस्तुत की है।
समाचार 04 फ़ोटो 04
निर्माणाधीन सड़क बना हादसों का सड़क, तीन अलग-अलग घटनाओं में पांच घायल, महिला का हाथ कटा
शहडोल
पिपरिया से जयसिंहनगर मार्ग पर चल रहा निर्माण कार्य अब हादसों का कारण बनता जा रहा है। सड़क पर फैली धूल, गड्ढे और अव्यवस्थित ट्रैफिक के बीच तेज रफ्तार वाहनों ने बुधवार सुबह एक घंटे के भीतर तीन अलग-अलग दुर्घटनाओं को जन्म दिया। इन हादसों में पांच लोग घायल हुए, जिसमें एक महिला का हाथ गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है। लगातार हो रही घटनाओं ने सड़क सुरक्षा और निर्माण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
गोहपारू के सेमरा सिद्ध बाबा के पास पहली घटना हुई। कार क्रमांक एम पी 17 जेड डी 7948 में सवार राकेश जायसवाल अपने परिवार के साथ शादी समारोह से लौट रहे थे। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार दीपक ट्रेवल्स बस ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में राकेश समेत तीन लोग घायल हुए, जिनमें राकेश की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया है।
दूसरी घटना गोहपारू के बरहा के पास हुई, जहां नफीस कंपनी की बस में सवार रेशमा खैरवार का हाथ कट चकनाचूर हो गया,गर्मी के चलते महिला ने हाथ खिड़की से बाहर रखा था, तभी सामने से आ रही दूसरी बस से सटने पर उसका हाथ बुरी तरह चकनाचूर हो गया। घटना के बाद दोनों बस चालक मौके से फरार हो गए। घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।जहां डाक्टरों के अनुसार महिला का सीधा हाथ बुरी तरह चकनाचूर हुआ है। लेकिन पल्स आ रही है। हम हर संभव प्रयास कर रहे हैं कि महिला का हाथ ना काटे, हम महिला को हायर सेंटर भेजने की तैयारी कर रहे हैं।
तीसरी घटना गोहपारू के पास एक ढाबे के समीप हुई, जहां तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। थाना प्रभारी ने बताया कि तीन अलग-अलग हादसों में कुल 5 लोग घायल हुए हैं। महिला की हालत गंभीर है। सभी मामलों में जांच जारी है और फरार वाहनों की तलाश की जा रही है।
समाचार 05 फ़ोटो 05
बस स्टैंड में दो स्मैक तस्करो को पुलिस ने किया गिरफ्तार, 16.41 ग्राम 50 हजार की स्मैक जप्त
शहडोल
जिले के जैतपुर की रहस्यमयी घटना के बाद शहडोल पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। नशे के कारोबार पर लगाम कसते हुए ब्यौहारी बस स्टैंड में छापा मारकर दो युवकों को स्मैक के साथ पकड़ लिया गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि ब्यौहारी बस स्टैंड कॉम्प्लेक्स के पास दो व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जिया उल हक ने पुलिस टीम को मौके पर भेज कर घेराबंदी करवाई और दोनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवकुमार यादव (29) निवासी ग्राम नरवार, थाना पाली, जिला उमरिया और पवन नामदेव (27) निवासी पुरानी बस्ती, थाना कोतवाली, जिला शहडोल के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 16.41 ग्राम स्मैक बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा 1500 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 और 29 के तहत अपराध क्रमांक 281/26 दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी जियाउल हक के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा पुलिस अधीक्षक शहडोल के मार्गदर्शन में की गई।
समाचार 06 फ़ोटो 06
जर्जर पुल बना जानलेवा, हादसे का इंतजार, विभागीय लापरवाही से बढ़ा खतरा
अनूपपुर/कोतमा
एसईसीएल जमुना-कोतमा क्षेत्र अंतर्गत लहसुई कैंप कालरी की मीरा खदान के पास स्थित पुल वर्षों से क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ा है। मरम्मत कार्य नहीं होने के कारण यहां से गुजरने वाले लोगों को प्रतिदिन हादसे का जोखिम उठाना पड़ रहा है। पुलिया में लगी लोहे की सुरक्षा रेलिंग कबाड़ चोरों द्वारा काटकर ले जाने के बाद स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है। रेलिंग के अभाव में विशेषकर रात के समय वाहन चालकों और राहगीरों के लिए पुल से नीचे गिरने का खतरा बना रहता है। रात के समय अंधेरे में पुल का क्षतिग्रस्त हिस्सा स्पष्ट दिखाई नहीं देता, जिससे वाहन चालक अनजाने में खतरे के करीब पहुंच जाते हैं। वहीं पुल पर बने गड्ढे आवागमन को और अधिक जोखिमपूर्ण बना रहे हैं।
यह पुल गोविंदा कालरी, गोविंदा गांव, भालूमाड़ा और कोतमा कॉलेज सहित आसपास की कॉलोनियों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। प्रतिदिन सैकड़ों लोगों का आवागमन इस मार्ग से होता है, जिससे जोखिम और अधिक बढ़ जाता है। इसके बावजूद पुल की मरम्मत को लेकर अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
समय-समय पर मरम्मत की मांग उठाई जाती रही है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। क्षेत्रवासियों के अनुसार इस पुल पर आए दिन छोटी-बड़ी घटनाएं होती रहती हैं। मानसून के दौरान स्थिति और गंभीर होने की आशंका बनी रहती है। बारिश में पुल पर फिसलन और जलभराव के कारण दुर्घटनाओं की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। रेलिंग के अभाव में पुल से नीचे गिरने का खतरा लगातार बना रहता है, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
समाचार 07 फ़ोटो 07
मॉडल रोड में दरारें, जगह-जगह गड्ढे, गुणवत्ता पर उठ रहे सवाल, दो वर्ष में ही हो गयी खराब
अनूपपुर/कोतमा
कोतमा नगर की मॉडल रोड, जिसे क्षेत्रीय यातायात सुविधा को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विकसित किया गया था, निर्माण के 2 ही वर्षों के भीतर खराब स्थिति में पहुंच गई है। सड़क की सतह कई स्थानों पर उखड़ चुकी है, गिट्टियाँ बाहर आ गई हैं और दरारें स्पष्ट दिखाई देती हैं। जगह-जगह गड्ढों के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के लिए जोखिम बढ़ गया है और रात के समय दुर्घटना की आशंका और अधिक बनी रहती है।
निर्माण कार्य में तकनीकी मानकों को लेकर गंभीर अनियमितताएं सामने आ रही हैं। डिवाइडर की निर्धारित चौड़ाई 1 मीटर के स्थान पर कहीं-कहीं आधा फीट तक रह जाने, सड़क की चौड़ाई का एक समान न होना और कहीं 5 मीटर, कहीं 6 मीटर तथा कहीं 7 मीटर तक भिन्नता पाए जाने से निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। इसके अलावा कई स्थानों पर नालियों के ऊपर ही सड़क निर्माण कर दिए जाने और केराहा नाला क्षेत्र में संकरी व असुरक्षित पुलिया बनाए जाने की स्थिति भी सामने आई है।
सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े मामलों में भी खामियां देखी जा रही हैं। कई स्थानों पर बिजली और लोहे के खंभों को शिफ्ट किए बिना ही सड़क का निर्माण कर दिया गया है, जिससे ये खंभे आज भी मार्ग के बीचों-बीच स्थित हैं और संभावित दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। बस स्टैंड क्षेत्र में अघोषित पार्किंग और कुछ स्थानों पर सड़क किनारे अनियंत्रित वाहन खड़े रहने से यातायात जाम की स्थिति भी बनी रहती है। लोगो का कहना है की पूरे मामले की उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कराई जाए।
समाचार 08 फ़ोटो 08
पंचायत में कर्मचारियों के रिश्तेदारों के नाम लग रहें लाखों के बिल, बह रही भष्ट्राचार की गंगा
उमरिया
जिले के ग्राम पंचायतों में सामग्री क्रय करने के लिए शासन व्दारा भले ही मापदंडों का निर्धारण कर दिया गया हो लेकिन उसका पालन कही पर भी होता दिखाई नहीं देता, खरीदी तो उन्हीं लोगों से होगी जो कार्य एजेंसी के मन मुताबिक देयक और बढे हुई सामग्री का हिसाब बराबर चुकता करेंगे। उमरिया जिले की ग्राम पंचायतों में इस तरह के कईं वेंडर धारियों की निशाने में आये है, जिनकी न तो दूकानें है न फर्म और ना ही क्रेसर पर बिल दर्जनों ग्राम पंचायतों में बराबर देखने को मिलता है, न जाने ग्राम पंचायतों के इस धांधली भरे खेल पर कब और कौन रोका लगायेगा।जिले भर में ग्राम पंचायतों के देयको की झलकियाँ देखें तो पता चलता है की जिन लोगों की दुकानो का कही रता पता नहीं है, उनसे भी सामग्री क्रय बताकर लाखों रूपयों के शासकीय धन राशि का दोहन ग्राम पंचायतों के सरपंच और सचिव करते देखें जा रहे हैं। कुल मिलाकर देखा जाये की जिसकी जहाँ पर सेंटिग बैठ गयी उसी के नाम का देयक लगाये जाते हैं। ऐसी ही एक झलकी पाली जनपद पंचायत के मलहदू ग्राम पंचायत में देखने में आयी है। देखने में आया है की मलहदू ग्राम पंचायत में ग्राम रोजगार सचिव ने अपने सगे पिता के नाम का बिल ग्राम पंचायत में लगाकर लाखों रूपये का आहरण किया है। यद्यपि रोजगार सहायक के पास वित्तीय अधिकार तो नहीं है फिर भी इतना अधिकार तो है ही की पिता की दूकानदारी की चमक तो बढ़ा ही सकते हैं। सरपंच - सचिव को उनका कमीशन और बढी हुई सामग्री का बिल और उसकी राशि ईमानदारी से मिल जाये तो वह कोई भी विक्रेता बन सकता है।
ग्राम पंचायत मलहदू में हुई इस अवैध खरीदी की शिकायत अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के यहाँ की गयी है, जिसमें बताया गया है कि दुकान दार ने बिना जी एस टी के बिलों लगभग 18 देयको के माध्यम से 1,84,350 रूपये के सीमेंट के बिल लगाकर शासकीय धन राशि का दोहन किया गया है।
जिला जनसंपर्क कार्यालय उमरिया
समाचार 09
तीन दिवसीय पुस्तक मेले का कलेक्टर ने किया शुभारंभ
उमरिया
शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय उमरिया में आयोजित तीन दिवसीय पुस्तक मेले का शुभारंभ कलेक्टर राखी सहाय ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न पुस्तक स्टॉलों का अवलोकन किया और विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने अपने उद्बोधन में कहा कि पुस्तकें हमारे जीवन की सच्ची मार्गदर्शक होती हैं।उन्होंने कहा कि पुस्तकें हमारे ज्ञान,सोच और व्यक्तित्व विकास का सर्वाेत्तम माध्यम होती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि मोबाइल और डिजिटल माध्यमों के इस दौर में यदि आप स्वयं को आगे रखना चाहते हैं, तो पुस्तकों से दोस्ती करना बेहद जरूरी है। रोजाना थोड़ा समय पाठ्यक्रम से अलग पुस्तकें पढ़ने के लिए निर्धारित करेंकृयही आदत आपको भीड़ से अलग पहचान दिलाएगी।