खदान में फिर केबल चोरी, लाखों का नुकसान, उच्चस्तरीय जांच की मांग


अनूपपुर

जिले के भदरा 7-8 खदान में एक बार फिर केबल चोरी की घटना सामने आई है, जिससे कंपनी को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। इस मामले में क्षेत्रीय अध्यक्ष श्रीकांत शुक्ला ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 8 मार्च 2026 को भदरा 7-8 खदान से करीब 90 मीटर पावर केबल चोरी हो गई, जिसकी अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। बताया गया कि यह कोई पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी खदान से कई बार केबल चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

श्रीकांत शुक्ला ने आरोप लगाया कि कुछ माह पहले कंपनी का एक स्थायी कर्मचारी चोरी करते पकड़ा गया था, लेकिन संगठन के दबाव में प्रबंधन ने केवल चार्जशीट जारी कर औपचारिक कार्रवाई कर मामला शांत कर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि जिस शिफ्ट में पूर्व में आरोपी पकड़ा गया था, उसी शिफ्ट के दौरान यह नई चोरी की घटना हुई है।

प्रेस विज्ञप्ति में यह भी आरोप लगाया गया कि खदान प्रबंधन इस मामले को दबाने का प्रयास कर रहा है। श्रीकांत शुक्ला ने उच्च अधिकारियों से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि खदान में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर रोक लग सके और कंपनी को हो रहे आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके।

मिक्सर मशीन के नीचे दबा मजदूर, हुई मौत, लूट के वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों गिरफ्तार


शहडोल

जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बोदा टोला में नहर निर्माण कार्य के दौरान एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। काम के दौरान अचानक मिक्सर मशीन के नीचे दबने से मजदूर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार घोघरी गांव से नवगवां तक नहर निर्माण का कार्य चल रहा है। इसी निर्माण कार्य में छोटी घोघरी निवासी गोजे बैगा (48) मजदूरी कर रहा था। सोमवार दोपहर काम के दौरान किसी जरूरत के चलते वह मिक्सर मशीन को आगे बढ़ाने के लिए अकेले ही उसे ढकेलने लगा। बताया जा रहा है कि निर्माण स्थल पर ढलान होने के कारण मशीन अचानक तेजी से आगे बढ़ने लगी और गोजे बैगा उसकी चपेट में आ गया।

मिक्सर मशीन के नीचे दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को देख वहां मौजूद अन्य मजदूर तुरंत मौके पर पहुंचे और किसी तरह मशीन को हटाकर उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मजदूरों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही जैतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि नहर निर्माण के दौरान मिक्सर मशीन की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हुई है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। 

*लूट के वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार*



शहडोल

जिले के ब्यौहारी थाना पुलिस ने दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात का महज 48 घंटे में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन और घड़ी बरामद की है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने नशे और महंगे शौक पूरे करने के लिए वारदात की साजिश रची थी।

पुलिस के मुताबिक ब्यौहारी थाना क्षेत्र के खरपा गांव का एक युवक अपनी मोटरसाइकिल से बरकछ गांव अपनी महिला मित्र को छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान शहडोल–ब्यौहारी मुख्य मार्ग पर स्थित वन बिहार ढाबे के आगे तीन बदमाशों ने युवक की बाइक रुकवा ली और उसके साथ लूटपाट की। आरोपियों ने युवक और युवती से मोबाइल फोन, घड़ी और नकदी सहित करीब 40 हजार रुपये का मशरूका लूट लिया और मौके से फरार हो गए।

घटना के समय सड़क पर लोगों की आवाजाही कम थी, जिसका फायदा उठाकर बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद भाग निकले। घटना के बाद पीड़ित युवक सीधे ब्यौहारी थाने पहुंचा और पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने पीड़ित युवक को साथ लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और रीवा की ओर जाने वाले मार्ग में लगे कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।जांच के दौरान पुलिस को एक आरोपी की पहचान मिल गई। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने अपने दो अन्य साथियों के नाम भी उजागर कर दिए।

स्मार्ट फोन एवं नगदी रूपये के लूट के मामले के चार आरोपी गिरफ्तार, अवैध रेत उत्खनन पर 2 ट्रैक्टर जप्त


अनूपपुर

कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा हैदराबाद से मजदूरी कर लौट रहे राहगीर से स्मार्ट फोन एवं नगदी रूपये के लूट के मामले में चार आरोपियों धर्मेन्द्र वंशकार निवासी पटौराटोला अनूपपुर, राज वंशकार निवासी पटौराटोला अनूपपुर, भीमसेन उर्फ भिम्मा वंशकार निवासी बुढार और राहुल वंशकार निवासी केशवाही जिला शहडोल को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त किया गया है।

08 मार्च 2026 को राकेश कुमार केवट पिता रामगरीब केवट उम्र करीब 34 साल निवासी ग्राम बैहाटोला थाना बिजुरी जिला अनूपपुर का थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराया गया, कि हैदराबाद से मजदूरी करके अपने साथी चमनलाल केवट के साथ ट्रेन से अनूपपुर लौटा था, जो घर बिजुरी जाने के लिए ट्रेन विलम्ब होने से पुरानी सब्जी मण्डी में स्थित सार्वजनिक सुलभ शौचालय काम्पलेक्स फ्रेश होने गये थे, जहां धर्मेन्द्र वंशकार निवासी पटौराटोला अनूपपुर, राज बंशकार निवासी पटौराटोला अनूपपुर, भीमसेन उर्फ भिम्मा वंशकार निवासी बुढार और राहुल वंशकार निवासी केशवाही शहडोल ने मिलकर बियर की बोतल तोड़कर पेट में अड़ाकर धमकी देते हुए राकेश कुमार केवट का वीवो कंपनी का 19000 रूपये का मोबाईल व 1400 रूपये लूट कर मोटर सायकल से फरार हो गये है। कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 142/26 धारा 309(4), 3(5) बी.एन.एस. पंजीबद्ध किया। टी आई के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन कर आरोपियो की पता तलाश कर आरोपी धर्मेन्द्र वंशकार पिता स्व. कंधीलाल वंशकार उम्र 31 वर्ष निवासी वार्ड न. 02 चंदासटोला अनूपपुर, राज वंशकार पिता बृजेश वंशकार उम्र 21 वर्ष निवासी वार्ड न. 02 पटौराटोला अनूपपुर, भीमसेन उर्फ भिम्मा बंशकार पिता स्व. मुन्ना वंशकार उम्र 31 वर्ष निवासी वार्ड न. 15 बुहार थाना बुढार जिला शहडोल और राहुल वंशकार पिता सुरेश वंशकार उम्र 28 वर्ष निवासी वार्ड न. 15 केशवाही थाना जैतपुर जिला शहडोल से लूट में प्रयुक्त मोटर सायकल व लूट की गई वीबो कंपनी का 19000 रूपये कीमती का मोबाईल तथा लूट की राशि 1400 रूपये जप्त कर आरोपियो को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों के विरूद्ध पूर्व से चोरी, अवैध उगाही, लड़ाई झगड़ा एवं मारपीट, धमकी के अनेक आपराधिक प्रकरण दर्ज है। पुलिस अधीक्षक अनूपपुर द्वारा उक्त आदतन आरोपियों का जिला बदर कराए जाने का आदेश दिया गया है।

*अवैध रेत उत्खनन पर 2 ट्रैक्टर जप्त, मामला हुआ दर्ज*


अनूपपुर के कोतवाली को मुखबिर की सूचना प्राप्त होने पुलिस ने ग्राम कांसा से महेन्द्रा कंपनी का बिना नम्बर लाल रंग के ट्रेक्टर मय ट्राली में लोड रेत अवैध परिवहन करते हुए रंगे हाथो पकड़ा जाकर ट्रेक्टर चालक अरुण सिहं मरावी पिता परसादी सिहं गोड़ उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम पंगना के विरूद्ध थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 143/26 धारा 303(2), 317(5) बी.एन.एस.4/21 खान खनिज अधिनियम का पंजीबद्ध किया जाकर अवैध रेत एवं परिवहन में उपयुक्त ट्रेक्टर ट्राली कुल कीमती 5,05,000 रूपये की जप्त किया जाकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। वही बिजुरी पुलिस द्वारा ग्राम छतई में बिछियाटोला केवई नदी घाट में घेराबंदी कर एक नीले सफेद रंग का स्वराज कंपनी का ट्रेक्टर क्र0 CG16 CT 3941 के  ट्रेक्टर  से अवैध रेत खनिज उत्खनन कर परिवहन करने पर रेड कार्यवाही करते हुए उक्त ट्रेक्टर ट्राली को जप्त कर कब्जे पुलिस लिया गया तथा आरोपी चालक ओमप्रकाश तिवारी पिता स्व. इन्द्रदत तिवारी निवासी बिछिया टोला थाना केल्हारी जिला एमसीबी छ.ग. के विरुद्ध अपराध क्र. 82/2026 धारा 303(2), 317(5) बीएनएस 4/21 खान खनिज अधिनियम, 130/177(3) एम.व्ही  एक्ट का पंजीबद्ध कर अनुसंधान किया जा रहा है।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget