4 स्मैक तस्कर को पुलिस ने किया गिरफ्तार, स्मैक की 34 पुड़िया कार सहित जप्त, मामला दर्ज
4 स्मैक तस्कर को पुलिस ने किया गिरफ्तार, स्मैक की 34 पुड़िया कार सहित जप्त, मामला दर्ज
अनूपपुर
जिले में की चचाई पुलिस ने स्मैक की तस्करी करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी चचाई सुंद्रेश सिंह के नेतृत्व में 3 फरवरी को यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि अमलाई की ओर से कार क्रमांक सीजी 04 एलपी 9997 के माध्यम से अवैध मादक पदार्थ स्मैक का परिवहन किया जा रहा है। सूचना की तस्दीक हेतु पुलिस टीम ने चचाई क्षेत्र में घेराबंदी की। जैसे ही संदिग्ध वाहन मौके पर पहुंचा, पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने तेज गति से वाहन भगाना शुरू कर दिया। पीछा करने पर चालक ने बाबा कुटी मंदिर के पास झाड़ियों की ओर वाहन मोड़ दिया, जहां पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया।
वाहन में सवार चार आरोपियों हरिकेश सिंह उर्फ मंत्री 35 वर्ष निवासी , अनूपपुर तहसील के पीछे (चालक), राकेश कुशवाहा 36 वर्ष निवासी पुरानी बस्ती रोड अनूपपुर, संग पटेल 25 वर्ष निवासी पुरानी बस्ती अनूपपुर, आकाश पटेल 27 वर्ष निवासी खोली थाना चचाई की तलाशी के दौरान आरोपी संग पटेल के पास से 34 पुड़िया स्मैक बरामद की गई, जिसका कुल वजन 5.67 ग्राम एवं अनुमानित कीमत 30 हजार बताई गई। इसके अतिरिक्त 4 हजार 940 नगद, पांच मोबाइल फोन तथा एक कार जब्त की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे संगठित रूप से शहडोल से स्मैक खरीदकर अनूपपुर में उसकी बिक्री करते थे। मामले में आरोपियों के विरुद्ध धारा 8(b)/22 एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 112(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही जिन व्यक्तियों से स्मैक खरीदी गई थी, उन्हें भी आरोपी बनाए जाने की प्रक्रिया जारी है। सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।


