मवेशी चराने गई महिला पर जंगल मे भालू ने किया हमला, हुई मौत, दूसरे दिन मिला शव


शहडोल 

जिले के केशवाही वन परिक्षेत्र अंतर्गत कूड़ेली जंगल में भालू के हमले से एक महिला की मौत हो गई। मवेशी चराने जंगल गई महिला का शव अगले दिन घर से करीब तीन किलोमीटर दूर जंगल में मिला है। मृतका की पहचान कूड़ेली गांव निवासी विमला सिंह गोड (32) पति पप्पू सिंह के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार विमला सिंह मंगलवार दोपहर रोज की तरह अपने मवेशियों को जंगल चराने गई थी। शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। फिर से परिजन जंगल की ओर खोजबीन के लिए निकले, तभी दोपहर के समय महिला का शव जंगल में मिला। शव पर भालू के हमले के गहरे और बड़े घाव पाए गए। सूचना मिलने पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच के बाद पुष्टि की कि महिला की मौत भालू के हमले से हुई है।

केशवाही रेंजर अंकुर तिवारी ने बताया कि मृतका के परिजनों को तत्काल राहत के रूप में 10 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई है। इसके अलावा शासन से मिलने वाले 8 लाख रुपये के मुआवजे की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, जो परिजनों के खाते में भेज दी जाएगी।

वन विभाग ने बताया कि कूड़ेली जंगल और आसपास के क्षेत्रों में भालुओं की मौजूदगी पहले से ज्ञात थी। इसी को देखते हुए कुछ दिन पहले गांवों में मुनादी कराई गई थी और लोगों को जंगल की ओर न जाने की सलाह दी गई थी। रेंजर ने कहा कि केशवाही वन परिक्षेत्र में भालुओं की संख्या अधिक है, इसलिए विभाग लगातार गश्त कर रहा है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है।

गौरतलब है कि लगभग तीन माह पहले भी इसी वन परिक्षेत्र में खेत में काम कर रही एक महिला पर भालू ने हमला कर उसकी जान ले ली थी। ताजा घटना उस स्थान से करीब 15 किलोमीटर दूर जंगली रास्ते पर हुई है।

शोले वाले स्टाइल में पानी की टंकी चढ़ा, कर रहा था 100 रुपए की मांग, सकुशल किया रेस्क्यू


शहडोल 

जिले के धनपुरी थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वार्ड क्रमांक 3 विलियस नंबर-1 निवासी मो. गोलू ने शोले फिल्म के वीरू की तरह पानी की टंकी पर चढ़कर हाई-वोल्टेज ड्रामा शुरू कर दिया। मानसिक रूप से कमजोर बताए जा रहे इस युवक ने टंकी के ऊपर से कभी पानी में कूदने तो कभी नीचे छलांग लगाने की धमकी देकर इलाके में सनसनी फैला दी।

मो. गोलू हाल ही में अपनी मां और भाई पर कुल्हाड़ी लेकर हमला करने दौड़ा था, इसी के चलते परिवार के लोग उसकी हरकतों से परेशान होकर उसके हाथ-पांव रस्सी से बांधकर रखते थे। .मंगलवार को वह किसी तरह खुद को रस्सियों से मुक्त कराकर घर से भाग निकला और स्टेट हॉस्पिटल के पीछे स्थित पानी की टंकी पर जा चढ़ा। परिवार द्वारा हाथ-पांव बांधने से नाराज गोलू ऊपर चढ़कर लगातार हंगामा करता रहा और तरह-तरह की मांगें करता रहा। 

मामले की सूचना मिलते ही धनपुरी थाना प्रभारी खेम सिंह पेंद्रो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे,पुलिस ने उसे समझाने-बुझाने के लिए हर संभव प्रयास किए। कभी बातचीत तो कभी प्रलोभन देकर नीचे उतरने की कोशिश की गई, लेकिन युवक टंकी में भरे पानी में कूदने और ऊपर से छलांग लगाने की धमकी देता रहा। रेस्क्यू के प्रयासों में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन वह काफी देर तक टस से मस नहीं हुआ,इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और यह नजारा कौतूहल का विषय बना रहा। गौरतलब है कि इससे पहले 17 जनवरी को भी मो. गोलू इसी तरह पास के मोनाली टावर पर चढ़ गया था और 100 रुपये की मांग कर रहा था। तब थाना प्रभारी ने सूझबूझ दिखाते हुए 100 रुपये देकर उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया था।

कुएं में गिरा पति की हुई मौत, बचाने के लिए कूदी पत्नी हुई घायल, अस्पताल में भर्ती


शहडोल 

जिले के सीधी थाना क्षेत्र से पति-पत्नी के बीच गहरे प्रेम और साहस को दर्शाने वाली एक मार्मिक घटना सामने आई है। ग्राम तेन्दुडोल में कुएं में गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पति को बचाने के लिए कुएं में कूदने वाली पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका उपचार अस्पताल में जारी है। मृतक गांव का पंच था।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सीधी थाना क्षेत्र के ग्राम तेन्दुडोल निवासी राकेश सिंह पिता दशरथ सिंह (32), जो गांव के पंच भी थे, अपने घर में स्थित कुएं से पानी निकाल रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ा और वे कुएं में गिर गए। घटना के समय उनकी पत्नी सुमिला सिंह कुएं के पास ही मौजूद थीं। पति को कुएं में गिरता देख सुमिला ने बिना किसी परवाह के अपनी जान की बाजी लगाते हुए उन्हें बचाने के लिए कुएं में छलांग लगा दी।

कुएं से आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से सुमिला सिंह को किसी तरह कुएं से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन राकेश सिंह को बाहर निकालने में देर हो गई। जब तक उन्हें बाहर निकाला गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

सीधी थाना प्रभारी शिवेंद्र राम भगत ने बताया कि राकेश सिंह की मौत कुएं में डूबने से हुई है। महिला को परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। बुधवार को पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। गांव के पंच की असामयिक मौत से ग्रामीणों में गहरा दुख है। वहीं पत्नी द्वारा दिखाए गए साहस और प्रेम की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget