डम्फर से टकराई दो मालवाहक वाहन, 12 हुए घायल, 2 की स्थिति गंभीर, बरहो कार्यक्रम में जा रहा था परिवार


अनूपपुर 

जिले के फुनगा चौकी क्षेत्र में नेशनल हाइवे 43 पर गुरुवार रात करीब 10 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार डंपर द्वारा अचानक ब्रेक लगाए जाने से पीछे चल रहे दो मालवाहक वाहन आपस में टकरा गए। इस हादसे में मालवाहक पर सवार 12 लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की स्थिति गंभीर है।

सभी घायल अनूपपुर के निगवानी गांव के निवासी हैं, जो एक मालवाहक वाहन में सवार होकर करहीबाह गांव में आयोजित 'बरहो' कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। एनएच-43 पर डंपर के पीछे चल रही दो मालवाहक गाड़ियों में से पहली गाड़ी डंपर से टकराई, जिसे पीछे से आ रही दूसरी मालवाहक ने भी टक्कर मार दी।

हादसे की सूचना मिलते ही फुनगा चौकी प्रभारी सोने सिंह परस्ते अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू किया और अपने वाहनों से घायलों को निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुनगा पहुंचाया। घायलों में 13 वर्षीय प्रमिला से लेकर 70 वर्षीय राधा कोल तक शामिल हैं, जिनका उपचार जारी है।

घायलों में रामनंद कोल (40), शिवाजी कोल (17), बबली कोल (37), नारायणी कोल (50), देवकुमारी कोल (19), प्रमिला अगरिया (13), रामदीन कोल (50), सुनील कोल (17), कस्तूरी कोल (40), गोधनी (30), सुशीला कोल (32), ऋतुवती अगरिया (30) और राधा कोल (70) शामिल हैं।

हादसे के बाद घटनास्थल पर सहायक उप निरीक्षक कोमल अर्जरिया और प्रधान आरक्षक सूर्यभान सिंह सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इधर, स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से नेशनल हाईवे पर वाहनों की गति नियंत्रित करने और सुरक्षा इंतजाम पुख्ता करने की मांग की है।

डाकघर व पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर 13 सिलेंडर जप्त


शहडोल

उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब मुख्य डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और बीडीएस टीम मौके पर पहुंची और दोनों परिसरों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया।

शहडोल डाकघर अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें भोपाल स्थित हेड ऑफिस से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक अज्ञात ईमेल के माध्यम से पासपोर्ट कार्यालय और पोस्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। जिसमें यह साफ नहीं था कि वह प्रदेश के किस जिले के लिए है। शहडोल डाकघर अधीक्षक ने एहतियान सूचना मिलते ही उन्होंने तत्काल पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया। इसके बाद कोतवाली पुलिस और बम निरोधक दस्ता टीम हरकत में आई और शहर के मुख्य डाकघर सहित पासपोर्ट कार्यालय पहुंचकर जांच शुरू की।

शहर के व्यस्त इलाके में स्थित मुख्य डाकघर में जैसे ही पुलिस और बीडीएस टीम पहुंची, वहां मौजूद लोगों में हलचल मच गई। बम निरोधक दस्ते ने डॉग स्क्वॉड के साथ पूरे परिसर की बारीकी से जांच की। इसी तरह पासपोर्ट कार्यालय में भी व्यापक जांच की गई, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।

सीएसपी राजेंद्र मोहन दुबे ने बताया कि यह कार्रवाई एहतियात के तौर पर की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में इस तरह की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और सभी संवेदनशील स्थानों की जांच की जा रही है। हालांकि जांच के दौरान कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली है।

*घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर 13 सिलेंडर जप्त*


अनूपपुर कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी हर्षल पंचोली के निर्देशन में खाद्य विभाग द्वारा जिले के विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर आकस्मिक निरीक्षण एवं छापामार कार्यवाही की गई है। कार्यवाही के दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध रूप से व्यावसायिक उपयोग करते पाए जाने पर कुल 13 नग एचपी घरेलू गैस सिलेंडर जप्त किए गए हैं।

निरीक्षण दल द्वारा प्रमुख मार्गों पर स्थित ढाबों, होटल, रेस्टोरेंट एवं गैस वितरण केंद्रों की जांच कार्यवाही के दौरान चचाई रोड अनूपपुर स्थित इवनिंग प्वाइंट फैमिली ढाबा से 01 नग, अमरकंटक रोड अनूपपुर स्थित ग्रीन सिटी फैमिली रेस्टोरेंट से 03 नग, ग्राम भेजरी स्थित करण मिष्ठान भंडार से 03 नग तथा श्री राम सी.एस.सी. एवं गैस वितरण केंद्र दमहेड़ी से 06 नग एचपी घरेलू गैस सिलेंडर जप्त किए गए।

खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संबंधित संस्थानों द्वारा द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय और वितरण विनियमन) आदेश, 2000 के प्रावधानों का उल्लंघन किया गया है। उन्होंने बताया कि घरेलू उपयोग हेतु प्रदाय किए जाने वाले गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में उपयोग प्रतिबंधित है।

नपा ने स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई, 2 हजार का लगाया जुर्माना


शहडोल

नगर पालिका परिषद शहडोल द्वारा शहर में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु सतत अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को चौपाटी क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानदारों को गंदगी फैलाते हुए पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए 1 हजार का जुर्माना अधिरोपित किया गया। साथ ही, प्रतिबंधित पॉलिथीन के उपयोग पर सख्ती बरतते हुए संबंधित दुकानदारों को कड़ी चेतावनी भी दी गई।

नगर पालिका टीम द्वारा मौके पर ही दुकानदारों को निर्देशित किया गया कि वे अपनी दुकानों में अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखें एवं कचरे का निपटान केवल निर्धारित कचरा वाहन में ही करें। नियमों का पालन न करने की स्थिति में भविष्य में कठोर कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी गई।

इसी क्रम में बुढार चौक क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान दो दुकानदारों के पास से कुल 5.3 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलिथीन जप्त की गई। इस उल्लंघन पर संबंधित दुकानदारों से 1 हजार का जुर्माना वसूला गया। इस प्रकार स्वच्छता नियमों के उल्लंघन एवं प्रतिबंधित पॉलिथीन के उपयोग के प्रकरण में कुल 2 हजार की राशि वसूल की गई। नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वच्छता नियमों एवं पॉलिथीन प्रतिबंध का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget