समाचार 01 फ़ोटो 01

चार नए श्रम कानूनों के विरोध में व्यापक हड़ताल, 10 हजार टन कोयला उत्पादन हुआ प्रभावित

*काम मे पहुँचे 43 मजदूर*

अनूपपुर 

जिले के कोयलांचल क्षेत्रों में गुरुवार को केंद्र सरकार के चार नए श्रम कानूनों के विरोध में व्यापक हड़ताल देखी गई। संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर बुलाई गई एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल के कारण साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की 12 खदानों में कोयला उत्पादन और परिवहन पूरी तरह ठप्प हो गया। इनमें जमुना-कोतमा और हसदेव क्षेत्र की खदानें शामिल हैं। हड़ताल को सफल बनाने के लिए एटक, एचएमएस, इंटक और सीटू के पदाधिकारी सुबह से ही खदानों के प्रवेश द्वार पर मौजूद रहे।

प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और काम पर आ रहे मजदूरों को समझाकर वापस लौटा दिया। हालांकि, भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) ने इस प्रदर्शन से खुद को अलग रखा, फिर भी खदानों में कर्मचारियों की भारी कमी दर्ज की गई।

हड़ताल का सर्वाधिक असर कुरजा, बिजुरी और बहेराबांध जैसे उपक्षेत्रों में देखा गया। कॉलरी प्रबंधन ने हड़ताल रोकने के लिए बुधवार को संयुक्त सलाहकार समिति (जेसीसी) की बैठक बुलाई थी। श्रमिक संगठनों से काम पर लौटने की अपील की थी, लेकिन यह प्रयास विफल रहा। कुरजा क्षेत्र में जहां बुधवार को 536 कामगार उपस्थित थे, वहीं गुरुवार की पहली पाली में केवल 43 कर्मचारी ही पहुंचे।

संयुक्त मोर्चा के अनुसार, नए लेबर बिल लागू होने से मजदूरों के अधिकार छिन जाएंगे। इन कानूनों में बिना एएलसी को सूचना दिए और सुनवाई के दौरान हड़ताल करने पर जेल और जुर्माने का प्रावधान है।साथ ही, कंपनियों को जरूरत खत्म होने पर कभी भी मजदूर को हटाने की छूट मिलेगी। औद्योगिक वार्ता के लिए 51 प्रतिशत सदस्यता की अनिवार्यता से छोटे श्रमिक संगठनों का अस्तित्व खतरे में पड़ जाएगा।

गुरुवार को अनूपपुर जिले की कुल 18 खदानों में से सक्रिय 12 खदानों में काम बंद रहने से लगभग 10 हजार टन कोयला उत्पादन प्रभावित माना जा रहा है, इनमें हसदेव उपक्षेत्र में ही लगभग 8164.02 टन कोयला उत्पादन प्रभावित हुआ। उत्पादन के साथ-साथ परिवहन (डिस्पैच) न होने के कारण रेलवे और कॉलरी प्रबंधन को भारी आर्थिक क्षति होने का अनुमान है।

समाचार 02 फ़ोटो 02

हाथी ने तोड़ा दीवाल, मलवा में दबने से वृद्ध घायल, खांडा के जंगल में तीसरे दिन ठहरा एक हाथी, दहशत में ग्रामीण

अनूपपुर

बुधवार एवं गुरुवार की मध्य रात जिला मुख्यालय से 3 किलोमीटर दूर स्थित बरबसपुर में एक आदिवासी के घर अचानक पहुंचे एक हाथी ने घर की दीवाल तोड़ी जिस दौरान घर के अंदर जमीन में सो रहे 70 वर्षीय वृद्ध दीवाल के मलवे में दबने से घायल हो गये जिसे उपचार हेतु जिला चिकित्सालय में भर्ती किया गया है रात भर बरबसपुर इलाके में विचरण करते हुए खेतों में लगे फसलों एवं घरों में तोड़फोड़ करते सुबह होने पर यह हाथी आज तीसरे दिन खांड़ा गांव से लगे जंगल में पहुंचकर विश्राम कर रहा है।

बुधवार को दूसरे दिन एक दांत वाला नर हाथी वन परिक्षेत्र,थाना एवं तहसील अनूपपुर के ग्राम पंचायत खांड़ा के गांव से लगे जंगल में दूसरे दिन बिताते शाम होने पर खांड़ा बांध से खांड़ा के मौहारटोला निवासी मझलू पिता गोरे साहू के घर की दीवार तोड़ते हुए पोंरी के जंगल से देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग को पार कर जिला मुख्यालय अनूपपुर से 3 किलोमीटर दूर पर स्थित ग्राम पंचायत एवं ग्राम बरबसपुर के वार्ड क्रमांक 5 कपिलधारा कॉलोनी के पीछे घर के पास अचानक पहुंचकर दीवार तोडा जिस पर घर के अंदर जमीन पर सो रहे 70 वर्षीय वृद्ध विशाल भैना दीवार के गिरने से मलवा में दब गए जिसे परिजनों ने बाहर निकाला इस दौरान आधे घंटे से अधिक समय तक हाथी घर के पास रह कर घर के अंदर रखे धान की बोरी को बाहर निकाल कर धान को खाया,फैलाया ग्रामीणों के इकट्ठा होने एवं भगाए जाने पर यह हाथी रामसहाय कोल के घर के पास झाड़ियो में छिपा कर अचानक नारायण सिंह पिता बाबू सिंह के खेत में पहुंचकर खेत में लगे गेहूं की फसल को देर रात तक खाता रहा ग्रामीणों के भगाए जाने पर फिर से रामसहाय कोल के घर पहुंच कर घर की दीवार में तोड़फोड़ कर रामप्रसाद पाठक के खेत में लगे गेहूं एवं टमाटर की फसल को खाते हुए गुरुवार की सुबह पोड़ी गांव के बांधा के पास से राष्ट्रीय राजमार्ग पारकर गुरुवार के तीसरे दिन पोंड़ी एवं खांड़ा गांव के बीच के स्थित सिद्धबाबा पहाड़ी जंगल में पहुंचकर विश्राम कर रहा है।

जिले के जैतहरी एवं अनूपपुर इलाके में हाथियों द्वारा दिन के समय जंगल में बिताने बाद रात होते ही जंगल से निकल कर अनेको ग्रामीण अंचलों के ग्रामीणो के घर,खेत बाडियों में पहुंचकर संपत्तियों के नुकसान करने से ग्रामीण जन भयभीत एवं दहशत की स्थिति में जीवन व्यतीत करने को बाध्य हो रहे है यह हाथी रात के समय अचानक छिपते हुए कितने भी समय अचानक घरों में पहुंचकर तोड़फोड़ कर अनाज की तलाश करता है।

समाचार 03 फ़ोटो 03

प्रस्तुत होने वाले बजट में मिले विशेष पैकेज जनहित मे मुख्यमंत्री को किया पत्राचार 

अनूपपुर

म.प्र.विधानसभा में आगामी 16 फरवरी से शुरू होकर 18 फरवरी को पेश होने वाले बजट में अनूपपुर जिले के जिला योजना समिति के सदस्य और नगर परिषद डूमरकछार के अध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार चौरसिया ने प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री एवं वित्तमंत्री को पत्राचार कर अनूपपुर जिले के कोयलॉंचल क्षेत्र की ज्वलंत जनसमस्याओं को प्रस्तुत होने वाले बजट में समुचित प्रावधान सहित शामिल किए जाने का आग्रह किया है।

जिले के कोयलांचल क्षेत्र एवं उससे जुड़े व्यापक कोयलांचल (कोयला खनन प्रभावित) क्षेत्र के नागरिकों की ओर से मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री का ध्यान उन गंभीर समस्याओं की ओर श्री चौरसिया ने आकृष्ट कराया है,जो वर्षों से लंबित होने के कारण अब जनजीवन,स्वास्थ्य, पर्यावरण तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहे हैं।

कोयलांचल क्षेत्र जमुना -कोतमा,बिजुरी,रामनगर,राजनगर कालरी,डूमर कछार,आमाडांड,डोला एवं आसपास के समस्त क्षेत्र देश के महत्वपूर्ण कोयला उत्पादक क्षेत्रों में आते हैं,इस क्षेत्र ने दशकों से प्रदेश एवं राष्ट्र की ऊर्जा की आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है,किन्तु विडम्बना यह है कि ऊर्जा देने वाला यह क्षेत्र स्वयं बुनियादी सुविधाओं से आज भी वंचित है।

श्री चौरसिया ने प्रस्तुत होने वाले बजट में विशेष पैकेज प्रदाय करने की मांग सम्बंधित पत्राचार करते हुए क्षेत्र के लिए जनहितैषी निम्न कार्यो को बजट में शामिल करने का आग्रह किया है। कोयला उत्खनन के उपरांत कोयला खदानों के लगातार बंद होने से क्षेत्र में बेरोजगारी और पलायन की समस्या बढ़ रही है,बन्द कोयला खदानों के द्वारा अर्जित शेष भूभाग एवं शेष उपयोगी भूमि पर कल कारखाने,उद्योग धंधो की स्थापना की जाए,ताकि सेवानिवृत हो चुके श्रमिकों,उनके आश्रितों और क्षेत्र के नागरिकों रोजगार मिल सके और इन्हें क्षेत्र से पलायन ना करना पड़े साथ ही बेरोजगारी की समस्या से भी निजात मिल सके।

कोयला खदानों के बंद होने से लगातार पलायन जारी है,इस पलायन से हजारों की संख्या में विभिन्न क्षेत्रों में कोल इंडिया के आवासीय मकान खाली पड़े हुए हैं,इन मकानों को राज्य सरकार अपने अधिपत्य में लेकर सेवानिवृत हो चुके कोल इंडिया के कर्मचारियों,आंशिक सुधार कराकर मुख्यमंत्री आवास और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जरूरतमंद हितग्राहियों को प्रदाय किया जाए,ताकि जरूरतमंद नागरिकों का अपना घर होने का सपना साकार हो सके।

समाचार 04 फ़ोटो 04

अवैध उत्तखनन पर कार्यवाही करके लौट रही वन अमले पर हुआ हमला, खनन माफियाओं के हौसले बुलंद

शहडोल

शहडोल में कानून को खुली चुनौती, जंगल की हिफाजत करने निकली फॉरेस्ट टीम पर कोल माफिया ने जानलेवा हमला कर दिया। रेंजर सहित वन अमले को बंधक बनाकर मारपीट की गई। इस दौरान 30 से ज्यादा लोगों की भीड़ ने अपनी दबंगई दिखाई। अब सवाल यह है कि आखिर कब तक खनन माफियाओं के हौसले यूं ही बुलंद रहेंगे? क्या अब जंगल बचाने वाले ही असुरक्षित हो गए हैं।

दरअसल जिले में अवैध उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई करना वन विभाग के लिए अब जानलेवा साबित होता जा रहा है। ताजा मामला सोहागपुर थाना क्षेत्र के बडखेरा अंतर्गत खितौली बीट सीमा स्थित सोन नदी का है, जहां अवैध कोयला उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई कर लौट रही वन टीम पर दबंगों ने हमला कर दिया, हमले में शहडोल रेंजर राम नरेश विश्वकर्मा सहित वन अमले के कर्मचारियों को घेरकर बंधक बनाया गया और मारपीट की गई। 

बताया जा रहा है कि सोन नदी के किनारे कोल माफिया लंबे समय से अवैध उत्खनन कर कोयले का परिवहन कर रहे थे। वन विभाग को इसकी सूचना मिलने पर टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। कार्रवाई के बाद जब अमला वापस लौट रहा था, तभी करीब 30 से अधिक लोगों ने संगठित होकर रास्ता रोक लिया और हमला बोल दिया। सूत्रों के अनुसार दो दिन पूर्व भी माफियाओं ने रेंजर के साथ बदतमीजी करते हुए धमकी दी थी। घटना की शिकायत वन विभाग द्वारा सोहागपुर थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।  

वन मंडलाधिकारी दक्षिण, श्रद्धा पंद्रे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि वन कर्मियों पर हमला बेहद गंभीर विषय है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस पूरे मामले में सोहागपुर थाना प्भरी अरुण पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि वन विभाग की तरफ से एक शिकायत आई है , जिस पर मामलें की जांच करा उचित कार्रवाई की जाएगी।

समाचार 05 फ़ोटो 05

अवैध खनन व परिवहन पर 2 डम्पर व 1 ट्रैक्टर जब्त, खनिज विभाग की कार्यवाही

शहडोल 

अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो डम्परों को जब्त किया गया। जांच के दौरान ग्राम कंचनपुर के पास गिट्टी खनिज का अवैध परिवहन करते हुए डम्पर क्रमांक MP18 GA 1824 को रोका गया। वाहन चालक बबलू बैगा, निवासी जमुई द्वारा मौके पर वैध रॉयल्टी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके पश्चात वाहन को शासकीय अभिरक्षा में खड़ा कराते हुए चालक एवं वाहन मालिक के विरुद्ध अवैध खनिज परिवहन का प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।

इसी क्रम में खनिज अमले द्वारा डम्पर क्रमांक MP18 ZF 0497 को रेत खनिज के परिवहन के दौरान रोका गया। चालक द्वारा रेत परिवहन की ISTP प्रस्तुत की गई, किंतु जांच में वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक खनिज भरा पाया गया। इस पर उक्त डम्पर को भी शासकीय अभिरक्षा में लेते हुए चालक एवं वाहन मालिक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया।

इसी अनुक्रम में थाना देवलोंद पुलिस को अवैध रेत परिवहन की सूचना प्राप्त हुई। जिस पर थाना देवलोंद पुलिस द्वारा के  ग्राम झिरिया मौहार के पास दबिश दी गई। मौके पर एक लाल रंग का बिना नंबर का मैसी फर्गुसन ट्रैक्टर व ट्राली में आधी ट्राली रेत भरा हुआ पाया गया। मौके पर पूछताछ करने पर चालक ने अपना नाम ददोल बैस पिता मंगलदीन बैस, निवासी ग्राम झिरिया थाना देवलोंद जिला शहडोल बताया। रेत परिवहन संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। उक्त ट्रैक्टर-ट्राली एवं रेत जप्त किया गया, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 4,83,500 रूपये (ट्रैक्टर-ट्राली 4,80,000 रूपये एवं रेत 3,500 रूपए) है।

समाचार 06 फ़ोटो 06

मोटर पंप चोरी के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा न्यायिक हिरासत में

अनूपपुर

राजेन्द्र कुमार साहू पिता संतोष साहू उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम तरसिली का उस्थित थाना आकर रिपोर्ट दर्ज कराया कि दिनांक 09 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 12.00 बजे कोठी से उमरदा मुख्य सड़क पर पुल के किनारे कोठी मे नहर मे मेरा सिंचाई का किसान क्राउन कंपनी का लाल रंग का वाटर पेट्रोल पंप कोई अज्ञात व्यक्ति चोरी करके ले गया है फरियादी की रिपोर्ट पर अपराध धारा 303(2) बीएनएस का कायम कर अनुसंधान मे लिया गया।

बिजुरी पुलिस टीम द्वारा ग्राम तरसिली से संदिग्ध व्यक्ति रमेश साहू उर्फ कल्लू पिता  रामधारी  साहू उम्र 31 वर्ष निवासी तरसिली को पकडकर  पूछताछ पर आरोपी ने दोपहर 12.00 बजे  कोठी उमरदा मुख्य सडक  पर नहर के पास बने पुल नाला के पास से क्राउन कंपनी का लाल रंग का वाटर पेट्रोल पंप चोरी करना बताया और चोरी का मोटर पम्प बरामद कराया जिसे पुलिस ने ज़ब्त कर आरोपी रमेश साहू को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय पेश किया। इसी प्रकार आरोपी के कब्जे से क्राउन कंपनी का लाल रंग का वाटर पेट्रोल पंप कीमत लगभग 10 हजार रुपये है।

समाचार 07

संकल्प से समाधान अभियान में 11206 आवेदन का निराकरण

उमरिया

शासन द्वारा प्रदाय की जा रही सेवाओं का लाभ प्रदान करने के लिए प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन हेतु शासन द्वारा संकल्प से समाधान अभियान संचालित किया गया है। संकल्प से समाधान अभियान के तहत अभी तक जिले में 18201 आवेदन प्राप्त  हुए हैं। जनपद पंचायत करकेली में 2275 आवेदन, पाली जनपद में 4305 आवेदन, मानपुर जनपद में 3654 आवेदन,उमरिया नगरपालिका में 1124 आवेदन,चंदिया नगरपरिषद में 2623 आवेदन, पाली नगरपालिका में 1923 आवेदन, नौरोजाबाद नगरपरिषद में 1830 आवेदन एवं मानपुर नगरपरिषद में 467 आवेदन प्राप्त हुए हैं।            

प्राप्त आवेदनों में से जनपद पंचायत करकेली में 725 आवेदन, पाली जनपद में 1766 आवेदन, मानपुर जनपद में 2991 आवेदन, उमरिया नगरपालिका में 463 आवेदन, चंदिया नगरपरिषद में 2623 आवेदन, पाली नगरपालिका में 1196 आवेदन, नौरोजाबाद नगरपरिषद में 1037 आवेदन एवं मानपुर नगरपरिषद में 405 का निराकरण किया जा चुका है।

समाचार 08

धर्मकांटे में गड़बड़ी पर पूजा वेयर हाउस के मालिक को कारण बताओ नोटिस जारी

उमरिया

खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के दौरान में उपार्जित धान का पूजा वेयर हाउस गोदाम बरबसपुर पाली जिला उमरिया की धान उपार्जन समिति प्रबंधकों से प्राप्त शिकायत पर पूजा वेयर हाउस गोदाम पाली जिला उमरिया में धर्मकांटे में गडबडी एवं धान के स्टॉक के वजन में अंतर आने की शिकायत के संबंध में 3 जनवरी को रोहित सिंह, जिला आपूर्ति अधिकारी उमरिया, अभय सिंह, सहायक आयुक्त, सहकारी संस्थाएं उमरिया,  निरपत सिंह कीर निरीक्षक, नाप-तौल उमरिया, प्रवीण तिवारी, नोडल अधिकारी, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित उमरिया  मुन्नालाल चौधरी, गुणवत्ता निरीक्षक, एम0पी0स्टेट सिविल सप्लाईज कार्पाेरेशन उमरिया, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी, पाली जिला उमरिया द्वारा संयुक्त रूप से जांच की गयी, जांच के दौरान पायी गई अनियमितताएं के संबंध में पूजा वेयर हाउस के मालिक पूजा गुप्ता पति नटराज गुप्ता एवं वेयर हाउस केयर टेकर  नटराज गुप्ता पिता आर के गुप्ता, पूजा धर्मकांटा एण्ड वेयर हाउस बरबसपुर पाली जिला उमरिया के विरूद्ध प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।

खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में पूजा वेयर हाउस बरबसपुर पाली जिला उमरिया में भण्डारण के लिये भेजी गयी धान तौल में कमी आने के कारण प्राप्त शिकायत की उपरोक्तानुसार संयुक्त रूप से जांच कर पूजा वेयर हाउस के मालिक पूजा गुप्ता पति  नटराज गुप्ता एवं वेयर हाउस केयर टेकर नटराज गुप्ता पिता आर के गुप्ता, पूजा धर्मकांटा एण्ड वेयर हाउस बरबसपुर पाली जिला उमरिया के विरूद्ध प्रकरण पंजीबद्ध कर प्रकरण में कारण बताओ सूचना पत्र जारी का उत्तर चाहा गया है एवं प्रकरण में निमयानुसार कार्यवाही प्रचलित है।

दीवार गिरने से किसान की दबकर हुई मौत, मवेशी बांधते समय हुआ हादसा


 शहडोल

ब्यौहारी थाना क्षेत्र के आखेटपुर गांव में एक दर्दनाक हादसे में 53 वर्षीय किसान की मौत हो गई। किसान मवेशी को घर के पास स्थित एक पुराने सार की दीवार में बांध रहा था तभी उसी समय अचानक दिवाल गिरने से उसके नीचे दब गया, जिससे उसकी जान चली गई। घटना से गांव में शोक की लहर है।

पुलिस के अनुसार आखेटपुर निवासी अयोध्या कोल पिता स्व. रामप्यारे कोल मंगलवार सुबह रोज की तरह मवेशियों को जंगल चराने ले गए थे। देर शाम करीब 7 बजे वे मवेशियों को लेकर घर लौटे और उन्हें सार में बांधने लगे। एक मवेशी को उन्होंने दिवाल में लगे लोहे के सहारे बांध दिया था। इसी दौरान मवेशी ने अचानक जोरदार झटका दिया और रस्सी छुड़ाने की कोशिश की। झटके के कारण कमजोर दिवाल अचानक भरभराकर किसान के ऊपर गिर गई।

दिवाल के मलबे में दबने से अयोध्या कोल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला। आनन-फानन में अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही ब्यौहारी थाना प्रभारी जिया उल हक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बुधवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस का कहना है कि पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।इस दुखद घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सहायता देने की मांग की है।

तालाब में नहा रहे अधेड़ की डूबने से हुई मौत, एसडीईआरएफ ने रेस्क्यू कर निकाला शव


शहडोल

पपौंध थाना क्षेत्र के निपनिया गांव में हादसे में 52 वर्षीय व्यक्ति की तालाब में डूबने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार निपनिया निवासी लल्लू उर्फ ललुआ कोल मंगलवार दोपहर अपने घर के पास स्थित तालाब में नहा रहे थे। इसी दौरान वे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें डूबते देखा तो तुरंत शोर मचाया और तालाब में उनकी तलाश शुरू की, लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण उन्हें बाहर निकालना संभव नहीं हो सका। बुधवार सुबह शव को पानी से बाहर निकाला लिया गया है।

घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पपौंध थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। देर शाम तक तलाश जारी रही, लेकिन गहराई और पानी की स्थिति के चलते सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद एसडीईआरएफ (राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल) की टीम को सूचना दी गई।

शाम हो जाने के कारण एसडीईआरएफ द्वारा रेस्क्यू अभियान शुरू नहीं किया जा सका। बुधवार सुबह टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू दल ने लल्लू उर्फ ललुआ कोल का शव तालाब से बरामद कर बाहर निकाला। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। थाना प्रभारी विजेंद्र मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आगे की विवेचना की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget