समाचार 01 फ़ोटो 01

महिला की हत्या का कातिल निकला पति, आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

अनूपपुर 

जिले के राजेन्द्रग्राम में 26 जनवरी को मिले नरकंकाल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस हत्या का कातिल कोई और नहीं, बल्कि मृतका का पति ही निकला। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपी रामकुमार उर्फ राजकुमार चंद्रवंशी अपनी पत्नी राजेश नंदिनी उर्फ सुरसा की हत्या कर दूसरी शादी करना चाहता था।

शादी के कई साल बाद भी संतान न होने की वजह से दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। जब पति ने दूसरी शादी की बात की, तो पत्नी ने इसका कड़ा विरोध किया। इसी विवाद के चलते आरोपी ने अपनी पत्नी को रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान बनाया।

वारदात वाले दिन आरोपी अपनी पत्नी को उसके मायके से घर ला रहा था। रास्ते में बरबसपुर के जोगी नाला के पास फिर से विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद आरोपी ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने के लिए उसने शव को जलाया और नाले के पास गड्ढे में दबा दिया। 26 जनवरी को जब ग्रामीणों ने वहां हड्डियां, जले हुए कपड़े और बाल देखे, तब मामले का खुलासा हुआ।

शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हत्या बताई गई। जांच के दौरान मृतका के मायके वालों ने जबड़े के दांतों और अधजले कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान की। परिजन ने पति पर शक जताया, जिसके बाद 29 जनवरी को पुलिस ने राजेन्द्रग्राम से उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती बरतने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।पुलिस ने आरोपी के पास से मृतका का मोबाइल फोन, आधार कार्ड और रेलवे टिकट बरामद कर लिया है।

समाचार 02 फ़ोटो 02

बेरोजगार नवयुवको के साथ नौकरी एवं लोन के नाम पर लाखों की  धोखाधड़ी के आरोपी गिरफ्तार

अनूपपुर

कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा कई बेरोजगार नवयुवको को शारदा ओ.सी.एम. बकहो कालरी (जिला शहडोल) में नौकरी दिलाने और बैंक से लोन दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी राजेश चौहान निवासी विवेकनगर, थाना चचाई के विरूद्ध धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।

पीड़ित आकाश प्रजापति पिता गंगाराम प्रजापति उम्र करीब 23 साल निवासी मंदाकनी होटल के पास, अनूपपुर द्वारा अपने साथ अन्य पीड़ित जनार्दन प्रसाद नापित निवासी जैतहरी, सूरज नापित निवासी संजय नगर,  थाना चचाई एवं अनिल नापित निवासी तहसील के पास अनूपपुर के साथ थाना कोतवाली अनूपपुर पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 29 अक्टूबर 2025 को इसकी जान पहचान राजेश चौहान निवासी विवेकनगर से अनूपपुर में हुई जो विश्वास दिलाया कि उसकी पंजाब नेशनल बैंक,  अनूपपुर में अच्छी जान पहचान है, पंजाब नेशनल बैंक अनूपपुर से दस लाख रूपये का लोन करा दूंगा जिसमें फाईल चार्ज और ऊपरी खर्चा 40000 रूपये लगेगा और दस दिन में लोन पास करा दूंगा। फरियादी आकाश प्रजापति ने राजेश चौहान की बातों पर विश्वास कर 40000 रूपये दें दिए। फिर कई दिन बीत जाने के बाद भी राजेश चौहान द्वारा लोन पास नहीं कराया और रूपये वापस करने के लिए भी टाल मटोल करता रहा। इसी तरह राजेश चौहान ने सूरज नापित निवासी ग्राम सकोला से शारदा माईन्स कालरी अमलाई में नौकरी दिलाने के नाम पर 27000 रूपये नगद लिया,  राजेश चौहान ने जनार्दन प्रसाद नापित निवासी ग्राम बकहो से शारदा माईन्स कालरी अमलाई में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी कर कुल तीस हजार रूपये ले लिये है। इसी तरह राजेश चौहान ने अनिल नापित निवासी चाई से शारदा माईन्स कालरी अमलाई में नौकरी दिलाने पर 85000 रूपये नगद लिया है जिनकी नौकरी भी नहीं लगी है। उक्त रिपोर्ट पर थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 58/26 धारा 331(4) बी.एन.एस. पंजीबद्ध किया जाकर टी.आई. कोतवाली अरविन्द जैन के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक शेख रसीद, प्रधान आरक्षक खेमराज मार्को, आरक्षक अब्दल कलीम की टीम के द्वारा आरोपी राजेश चौहान पिता रंजीत चौहान उम्र 28 साल निवासी विवेक नगर, थाना चचाई अनूपपुर को गिरफ्तार किया जाकर विवेचना की जा रही है।

समाचार 03 फ़ोटो 03

अवैध पशु परिवहन में 22 नग भैस के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार, देशी कट्टे के साथ 2 कारतूस जप्त 

अनूपपुर

थाना कोतमा की टीम के द्वारा पशु तस्करों के विरूध्द बड़ी कार्यवाही की है। पुलिस को विश्वनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि  भालूमाड़ा रोड़ से एक ट्रक जिस पर काले रंग की तिरपाल ढ़ककर बंधी है तथा ट्रक में भैंसों को ठूस-ठूंस कर भरा गया है । उक्त ट्रक भालूमाडा रोड से कोतमा होकर जंगल चौकी के सामने हाईवे से अनूपपुर तरफ निकलने वाला है । ट्रक के आगे आगे एक सफेद रंग की बालेनो कार रैकी कर रही है  । मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी कोतमा द्वारा तत्काल पुलिस टीम के साथ रवाना होकर मुखबिर के बतायें स्थान जंगल चौकी हाईवे रोड़ पर रोड से नीचे आड़ में पुलिस वाहन खड़ा कर नाके बंदी की जो कि कुछ देर बाद एक ट्रक जिस पर तिरपाल बंधी थी, कोतमा तरफ से आता दिखा जिसे  रोकने पर वह ट्रक नही रूका और तेजी से भागा जिसको पुलिस वाहन से पीछा करके थोडी दूर आगे पतेराटोला के पास हाईवे रोड़ में वाहन आगे लगाकर रोका गया जो कि ट्रक क्रमांक सीजी 04 एन एक्स 5617 में बैठे चालक सहित कुल तीन व्यक्ति ट्रक से कूद कर भागे जो नीचे सडक पर गिरे जिन्हे गिरते पड़ते दोडाकर दो व्यक्तियों को पकड़ा गया तथा तिसरा व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर तंगल तरफ भाग गया  । पकड़े गये दोनो व्यक्तियों के नाम उमेश केवट पिता स्व. दीनदयाल केवट निवासी पुरानी बस्ती कोतमा एवं अंकित द्विवेदी पिता रमेश कुमार द्विवेदी निवासी ग्राम झाली थाना कोठी जिला सतना (म.प्र.)  तथा भागने वाले व्यक्ति का नाम जय भान सिंह गोंड निवासी ज्योति पेट्रोल पम्प के पास कोतमा का होना बतायें । ट्रक को खुलवाकर देखा गया तो ट्रक के अंदर 22 नग भैंस  पाडे मवेशी नायलन की रस्सियों से क्रूरता पूर्वक ठूंस-ठूंस कर भरकर बांधे गये थे । ट्रक की केबिनमें देख कर तलाशी लेने पर  एक पन्नी में 315 बोर का एक देशी कट्टा तथा 02 नग जिन्दा कारतूस पाये गये ।आरोपियों के संयुक्त कब्जे से ट्रक क्रमांक सीजी 04 एन एक्स 5617  कीमती 15 लाख रूपये एव 22 नग मवेशी कीमती 11 लाख रूपये ,देशी कट्टा  व 02 नग जिन्दा कारतूस एवं दो नग मोबाईल जप्त कर गिरफ्तार किया गया।

समाचार 04 फ़ोटो 04

फ़ोटो खींचने पर धान खरीदी केंद्र प्रभारी ने की युवक से मारपीट, युवक की हुई मौत, आरोपी गिरफ्तार

शहडोल 

जिले के पपौंध थाना क्षेत्र के तिखवा गांव में धान खरीदी केंद्र के पास शुरू हुआ एक मामूली विवाद जानलेवा साबित हो गया। मोबाइल से फोटो लेने की बात पर हुए झगड़े में घायल युवक की इलाज के दौरान आठ दिन बाद मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी धान खरीदी केंद्र प्रभारी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक जमोड़ी निवासी अशोक पाल 22 जनवरी को अपने दोस्तों के साथ तिखवा स्थित धान खरीदी केंद्र के पास घूम रहा था। इसी दौरान अशोक ने अपने मोबाइल से कुछ तस्वीरें खींच लीं। यह देखकर धान खरीदी केंद्र प्रभारी शशिकांत शर्मा को शक हुआ कि वह केंद्र की फोटो ले रहा है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में विवाद और मारपीट में बदल गई।

बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर शशिकांत शर्मा ने अशोक पाल के साथ मारपीट शुरू कर दी। मौके पर मौजूद अशोक के दो साथी वहां से भाग गए और उन्होंने घटना की जानकारी अशोक के भाई दिनेश पाल को दी। सूचना मिलते ही दिनेश मौके पर पहुंचा और अपने भाई के साथ हो रही मारपीट का विरोध किया। इसी दौरान आरोप है कि धान खरीदी केंद्र प्रभारी ने दिनेश के सिर पर लोहे की रॉड से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

परिजन घायल दिनेश को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। हालत नाजुक होने पर उसे पहले रीवा और बाद में जबलपुर रेफर किया गया, जहां शनिवार दोपहर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जिसके शव को घर लाया जा रहा है। परिजनों का कहना है कि वह शव आने के बाद ब्यौहारी में चक्का जाम करेंगे। आरोपी धान खरीदी केंद्र प्रभारी शशिकांत शर्मा को हिरासत में ले लिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

समाचार 05 फ़ोटो 05

हथियारबंद बदमाशों ने घर मे घुसकर किसान दम्पत्ति को बंधक बना लाखो की चोरी

शहडोल

बुढार थाना क्षेत्र के धनगवां गांव में बीती रात हथियारबंद बदमाशों ने एक किसान परिवार के घर धावा बोलते हुए दंपती को बंधक बना लिया और घर में रखे लाखों रुपये के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। अचानक हुई इस वारदात से पूरे गांव में दहशत फैल गई है और लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

पीड़ित ओमप्रकाश केवट के अनुसार, देर रात पांच से अधिक बदमाश उनके घर में घुस आए। सभी बदमाश हथियारों से लैस थे, जिनके हाथों में बंदूक और चाकू थे। बदमाशों ने घर में घुसते ही अलमारी खंगालनी शुरू कर दी। इसी दौरान आहट होने पर ओमप्रकाश की पत्नी प्रति केवट की नींद खुल गई। महिला के जागते ही बदमाशों ने दंपती को धमकाते हुए उनके हाथ रस्सी से बांध दिए और मुंह पर टेप चिपका दिया, ताकि वे शोर न मचा सकें।

इसके बाद बदमाशों ने अलमारी में रखे करीब दो किलो चांदी, तीन तोला सोने के जेवरात और चार लाख रुपये नकद समेट लिए। बताया गया है कि यह नकदी हाल ही में धान बेचने के बाद घर में रखी गई थी। लूटपाट के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित दंपती ने किसी तरह खुद को बंधन से मुक्त किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बुढार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शनिवार सुबह तक जांच-पड़ताल जारी रही। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है।

समाचार 06 फ़ोटो 06

संत समाज, मातृशक्ति व संघ के लोगों की उपस्थिति में अतिरेक भवन में संपन्न हुआ भव्य हिंदू सम्मेलन

अनूपपुर        

अमलाई स्थित अतिरेक भवन में हिंदू सम्मेलन का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सम्मेलन में संत समाज, मातृशक्ति एवं संघ से जुड़े वक्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

संत समाज की ओर से सूर्यमणि जी ने धर्म और संस्कारों पर अपने विचार रखे उन्होंने अपने वक्तव्य में बताया कि कैसे हिंदू समाज पूर्व में संगठित था जिसमें जाति व्यवस्था तो थी लेकिन छुआ छूत की भावना नहीं थी और कैसे सनातन में सभी लोग एक दूसरे का सम्मान और सहयोग की भावना रखते थे        मातृशक्ति की प्रतिनिधि के रूप में सुश्री श्रुति तिवारी ने नारी शक्ति की भूमिका पर प्रभावशाली उद्बोधन दिया। वहीं संघ वक्ता के रूप में कुलदीप जी ने समाज को संगठित रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अध्यक्ष का दायित्व उपखंड स्तर पर राजेश कुमार गौतम द्वारा निभाया गया।

कार्यक्रम में देवहरा मंडल से संजय नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रही। विशेष रूप से जिला बौद्धिक प्रमुख एडवोकेट जयप्रकाश जी ने कार्यक्रम का नेतृत्व किया और संघ के सत्येंद्र जी, कुटुंब प्रबोधन प्रभाकर जी, एवं सोनम सोनी की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। श्रोताओं के रूप में अमलाई क्षेत्र के समाजसेवियों के समूह से जुड़े अनेक लोग उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से संदीप पुरी, पवन गलवानी, अजय सिंह, सुरेंद्र सोनी, राजेश गौतम, संजय दहिया, अजय दहिया, अखिलेश सिंह, रवि दुबे,यदुराज पनिका, प्रदीप मिश्रा दरोगा, दीनू पासी ,विजय तिवारी ,जीवन यादव, प्रकाश राय शामिल रहे। मातृशक्ति के रूप में तारा तिवारी, रंजना सोनी, रीना यादव, विमला दुबे, सोनम सोनी सहित अनेक महिलाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।सम्मेलन का उद्देश्य समाज में सांस्कृतिक चेतना, पारिवारिक मूल्यों एवं हिंदू एकता को सुदृढ़ करना रहा, जिसे उपस्थित जनसमूह ने सराहा।

समाचार 07 फ़ोटो 07

ओसीएम में केमिकल युक्त दूषित पानी पीने से 8 से अधिक गौवंशों की  मौत

शहडोल 

जिले से एक और गंभीर और चिंताजनक घटना सामने आई है। जिले के एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र अंतर्गत अमलाई ओसीएम परिसर में कथित तौर पर केमिकल युक्त दूषित पानी पीने से 8 से अधिक गौवंशों की दर्दनाक मौत हो गई। एक के बाद एक गौवंशों के तड़प-तड़पकर दम तोड़ने की घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, धनपुरी थाना क्षेत्र में स्थित अमलाई ओसीएम परिसर में 4 गाय, 3 बछड़े और एक बैल की आकस्मिक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों और गौ रक्षकों का आरोप है कि एसईसीएल परिसर में जमा दूषित और रासायनिक तत्वों से युक्त पानी पीने के कारण इन गौवंशों की जान गई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और गौ रक्षक मौके पर पहुंच गए और एसईसीएल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। 

घटना की जानकारी मिलते ही धनपुरी पुलिस मौके पर पहुंची और मृत गौवंशों का पंचनामा तैयार कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, इसके साथ ही बुढार से पशु चिकित्सा विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच की, पशु चिकित्सकों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही गौवंशों की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। 

समाचार 08 

नपा अध्यक्ष, भाजपा मंडल अध्यक्ष सहित 4 को न्यायालय ने सुनाई सजा

शहडोल

न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, ब्यौहारी (जिला शहडोल) की अदालत ने बहुचर्चित आपराधिक प्रकरण क्रमांक 105/2019 में महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए ब्यौहारी नगर पालिका अध्यक्ष राजन उर्फ श्रीकृष्ण गुप्ता, वर्तमान मंडल अध्यक्ष मोनू उर्फ विनय गुप्ता, पूर्व मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश उर्फ पिंकू सोनी तथा कारोबारी मनोज ताम्रकार को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई है। यह मामला मारपीट, अश्लील गाली-गलौज, चोट पहुंचाने और जान से मारने की धमकी से जुड़ा है।

न्यायालयीन अभिलेखों के अनुसार घटना 30 अक्टूबर 2017 को सुबह लगभग 11 बजे ब्यौहारी थाना क्षेत्र में डबला गुप्ता की दुकान के सामने घटित हुई थी। अभियोजन कथा के मुताबिक फरियादी राजेंद्र सिंह उर्फ अल्लू अपने घर से बस स्टैंड की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में चारों आरोपियों ने उसे रोक लिया। चुनावी रंजिश को लेकर विवाद हुआ और आरोपियों द्वारा मां-बहन की अश्लील गालियां दी गईं। इसके बाद हाथ-मुक्कों और नाखून से मारपीट की गई तथा जमीन पर गिराकर हमला किया गया। घटना के दौरान फरियादी के गले की सोने की चेन गिरने का भी उल्लेख केस डायरी में दर्ज है। प्रकरण में थाना ब्यौहारी में अपराध क्रमांक 773/2017 दर्ज कर भारतीय दंड संहिता की धाराएं 294, 323, 324, 506 एवं 34 के तहत मामला कायम किया गया था। 


शांति सिंह का स्वर्णिम प्रदर्शन, राज्य स्तरीय खेलो एमपी यूथ गेम्स में एक दिन में दो पदक जीतकर रचा इतिहास

*राष्ट्रीय चैंपियनशिप इवेंट में करेंगी प्रदेश का प्रतिनिधित्व*


उमरिया

उमरिया की प्रतिभाशाली धावक शांति सिंह ने दोहरी सफलता अर्जित कर अपने शानदार प्रदर्शन से प्रदेश और शहर का नाम रोशन किया है।
मध्य प्रदेश शासन द्वारा आयोजित खेलो एमपी यूथ गेम्स, भोपाल में 800 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक और 400 दौड़ में रजत पदक जीतकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट परिचय दिया। साथ ही यह अत्यंत गर्व का विषय है कि आगामी राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2026, के 800 मीटर इवेंट में वे मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। प्रदेश शासन खेल और युवा कल्याण विभाग के द्वारा आयोजित खेलो एम पी यूथ गेम्स 2025 का आयोजन सम्पूर्ण प्रदेश में ब्लाक स्तर से जिला और संभाग स्तर से राज्य स्तर तक लगभग 9 संभागों में आयोजित किया जा रहा हैं जिसका उद्घाटन प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के द्वारा विभिन्न मंत्रियों की उपस्थिति में टी टी नगर स्टेडियम भोपाल में प्रखर गायक कैलाश खेर की उपस्थिति में किया गया था।

खेलो एम पी यूथ गेम्स के राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता भोपाल के 800 मीटर दौड़ में उमरिया जिला विकासखंड मानपुर ग्राम बारहुत पिपरहा टोला निवासी शांति सिंह जिन्होंने स्वर्ण पदक जीत कर जिले को गौरवान्वित किया है। शांति ने एक साथ दो पदक अर्जित किए हैं 400 मीटर दौड़ में रजत पदक प्राप्त कर जिले की पहली बालिका एथलीट बनी, जिसने राज्य स्तर पर एक ही दिन में दो पदक प्राप्त किए हैं। शांति के पिता मोल सिंह कृषक और माता सुमित्रा बाई गृहणी का कार्य करती हैं शांति सिंह वर्तमान में मध्य प्रदेश राज्य एथलेटिक अकादमी भोपाल की छात्रा हैं जो राष्ट्रीय व अंतराष्ट्रीय  प्रतियोगिता में पदक जीतने के लिए प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। खेल और युवा कल्याण विभाग की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेकर शांति सिंह ने राज्य स्तर की पात्रता प्राप्त की थी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीताराम से मुलाकात कर जिले को राज्य स्तर पर पदक दिलाने का भरोसा दिया था। जिले की होनहार बेटी की उपलब्धि पर लोगो ने शांति को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है, वे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी देश व उमरिया का गौरव बढ़ाएँ।

सुलगते सवाल, सत्ता का मद या जनता की प्यास? मंत्री दिलीप जायसवाल के बिगड़े बोलों से बढ़ा विवाद

*अमर्यादित टिप्पणी बन सकता है गले की फांस*


अनूपपुर

नगरपालिका परिषद बिजुरी में दूषित पेयजल की समस्या अब केवल स्थानीय असुविधा नहीं, बल्कि राजनीतिक और सामाजिक बहस का मुद्दा बन चुकी है। काला पानी सप्लाई होने की शिकायतों के बीच जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी पर सवाल उठ रहे हैं। इसी दौरान राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल की पत्रकारों के प्रति कथित अमर्यादित टिप्पणी ने मामले को और तूल दे दिया है। जनता जहां पीने के साफ पानी की मांग कर रही है, वहीं इस मुद्दे पर दिए गए मंत्री के बयान को लेकर जनमानस और मीडिया जगत में नाराज़गी देखी जा रही है।

नगरवासियों का आरोप है कि बिजुरी में फिल्टर प्लांट और टैंकरों के माध्यम से जो पानी सप्लाई किया जा रहा है, वह साफ पेयजल की कसौटी पर खरा नहीं उतर रहा। कई वार्डों में गंदे, बदरंग पानी की शिकायतें सामने आई हैं। अनेक बोरवेल वर्षों से महज कुछ समय तक ही सुचारू रूप से पानी देकर बंद पड़ जाते हैं, जबकी लोग पूरी तरह नगरपालिका सप्लाई पर निर्भर हैं। पानी की गुणवत्ता को लेकर नियमित जांच और पारदर्शिता का अभाव है। कुछ नागरिकों ने पेट और त्वचा संबंधी समस्याएं बढ़ने की आशंका जताई है, हालांकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस पर कोई आधिकारिक रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है।

जब इस विषय पर मंत्री दिलीप जायसवाल से सवाल किया गया, तो उनके बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया। उपस्थित पत्रकारों के अनुसार, मंत्री ने कथित रूप से यह टिप्पणी की कि यह पानी बर्तन धोने या सब्जी-भाजी सींचने के उपयोग का है। यह बयान सामने आने के बाद सवाल उठ रहे हैं कि क्या जनता को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी नहीं है? यदि पानी पीने योग्य नहीं है, तो वैकल्पिक व्यवस्था क्या है — इस पर स्पष्टता अब तक नहीं मिल पाई है।

मामले को लेकर स्थानीय पत्रकारों का कहना है कि सवाल पूछने पर मंत्री का रवैया असहज और आक्रामक था। इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था में संवाद की स्वस्थ परंपरा के विपरीत बताया जा रहा है। लोकतंत्र में मीडिया को चौथा स्तंभ माना जाता है, और जनसमस्याओं को सामने लाना उसकी जिम्मेदारी है। ऐसे में जनप्रतिनिधियों की ओर से संयमित और जवाबदेह व्यवहार की अपेक्षा की जाती है।

बिजुरी में पेयजल संकट और मंत्री के बयान के बाद अब कई बुनियादी प्रश्न चर्चा में हैं क्या क्षेत्र में पेयजल गुणवत्ता की स्वतंत्र जांच कराई जाएगी? यदि पानी पीने योग्य नहीं, तो सुरक्षित पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था कब तक? क्या जनप्रतिनिधियों द्वारा मीडिया के प्रति कथित असम्मानजनक व्यवहार पर कोई स्पष्टीकरण आएगा? दशकों से एक ही राजनीतिक दल के प्रतिनिधित्व के बावजूद बुनियादी सुविधाओं का अभाव क्या प्रशासनिक विफलता नहीं दर्शाता। बड़ी आबादी नगरपालिका सप्लाई पर निर्भर है, वहां पानी केवल सुविधा नहीं, जीवन का प्रश्न है।राजनीतिक बयानबाज़ी से इतर, लोग ठोस समाधान चाहते हैं साफ पानी, पारदर्शी व्यवस्था और जवाबदेही। 

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget