20 हजार की नशीली इंजेक्शन की बड़ी खेप पर पुलिस की कार्यवाही, तीन तस्कर गिरफ्तार


शहडोल

सोहागपुर थाना पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन नशा सौदागरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 101 नग नशीली इंजेक्शन एवं तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग एक लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है। 

पुलिस के अनुसार आरोपी सोहागपुर क्षेत्र के कोटमा तिराहे के पास खड़े होकर नशीली इंजेक्शन बेचने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पहला नाम आदित्य उर्फ बेटू तिवारी पिता शारदा प्रसाद तिवारी, निवासी वार्ड क्रमांक 11, बीएसएनएल ऑफिस के पास, थाना कोतवाली शहडोल का है। दूसरा आरोपी उदय नारायण उर्फ गुड्डू शुक्ला पिता स्वर्गीय शेषनारायण शुक्ला, निवासी वार्ड क्रमांक 17, बाणगंगा कॉलोनी शहडोल है। तीसरा आरोपी अविनाश यादव उर्फ अभिलाष पिता स्वर्गीय शंकर यादव बताया गया है।

मामले का खुलासा करते हुए सोहागपुर थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे ने बताया कि तीनों आरोपी पैदल खड़े होकर नशीली इंजेक्शन बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने रविवार शाम प्रेस नोट जारी कर इस पूरी कार्रवाई की जानकारी दी। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशीली इंजेक्शन की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशे के कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

पवित्र माघ मास के प्रथम दिवस में उमड़ी श्रद्धालुओं की आस्था, मां नर्मदा में लगाई पुण्य डुबकी


अनूपपुर

प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक तीर्थ स्थल पवित्र नगरी अमरकंटक में पवित्र माघ मास के शुक्ल पक्ष प्रतिपदा, प्रथम दिवस के पावन अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का अनुपम दृश्य देखने को मिला। इस अवसर पर हजारों की संख्या में भक्त श्रद्धालु, तीर्थ यात्री, दर्शनार्थी एवं परिक्रमा वासी पतित पावनी पुण्य सलिला मां नर्मदा के पावन तटों पर पहुंचे और आस्था की पुण्य डुबकी लगाई।

श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा जी के रामघाट उत्तर एवं दक्षिण तट, कोटि तीर्थ, घाट कुंड तथा पुष्कर बांध में विधिपूर्वक स्नान कर धर्म लाभ अर्जित किया। इसके पश्चात भक्तों ने मां नर्मदा उद्गम स्थल मंदिर में विधि-विधानपूर्वक दर्शन, पूजन एवं अर्चन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

माघ मास के प्रथम दिवस के साथ ही एक माह तक चलने वाले माघ स्नान एवं कल्पवास का धार्मिक एवं आध्यात्मिक विधान भी विधिवत प्रारंभ हो गया। सुबह तड़के से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी, जो दिनभर लगातार बनी रही। मंदिर परिसर में भी दर्शनार्थियों की भारी भीड़ देखी गई। इस पावन अवसर पर छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश के अनूपपुर, शहडोल, डिंडोरी, जबलपुर, बालाघाट एवं छिंदवाड़ा जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अमरकंटक पहुंचे।

हालांकि मौसम में ठंड अपेक्षाकृत कम होने के कारण श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह एवं श्रद्धा भाव के साथ मां नर्मदा में स्नान किया। दिनभर घाटों और मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और सनातन आस्था का वातावरण बना रहा।

पर्यावरण संरक्षण विभाग द्वारा जनसुनवाई की सूचना, ग्रामीणों से सक्रिय सहभागिता की अपील


अनूपपुर

जिले के रक्सा–कोलमी क्षेत्र में प्रस्तावित औद्योगिक परियोजना के संबंध में पर्यावरणीय स्वीकृति प्रदान करने की प्रक्रिया के तहत पर्यावरण संरक्षण विभाग, मध्य प्रदेश द्वारा दिनांक 7 जनवरी 2026 को पर्यावरण जनसुनवाई का आयोजन किया जाना सुनिश्चित किया गया है। यह जनसुनवाई न्यू जोन इंडिया एवं (टोरंट पावर प्राइवेट लिमिटेड) द्वारा प्रस्तावित परियोजना के लिए आयोजित की जा रही है।

पर्यावरण संरक्षण विभाग द्वारा पर्यावरण प्रभाव आकलन अधिसूचना, 2006 के प्रावधानों के अंतर्गत यह जनसुनवाई आयोजित की जा रही है, जिसका उद्देश्य परियोजना से संभावित पर्यावरणीय, सामाजिक एवं स्थानीय प्रभावों पर आमजन की राय, सुझाव एवं आपत्तियाँ प्राप्त करना है।

पर्यावरण संरक्षण विभाग द्वारा जनसुनवाई की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने के लिए प्रचार वाहन के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत प्रभावित ग्राम रक्सा, कोलमी सहित आसपास के सभी ग्रामों में मुनादी एवं लाउडस्पीकर के माध्यम से सूचना प्रसारित की जा रही है।

प्रचार वाहन पर स्पष्ट रूप से यह जानकारी अंकित की गई है कि परियोजना हेतु पर्यावरणीय स्वीकृति के लिए लोक सुनवाई आयोजित की जा रही है, परियोजना प्रस्तावक न्यू जोन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड / टोरंट पावर प्राइवेट लिमिटेड स्थान— ग्राम रक्सा–कोलमी, जिला अनूपपुर (मध्य प्रदेश) दिनांक— 07 जनवरी 2026

पर्यावरण संरक्षण विभाग द्वारा परियोजना प्रभावित ग्रामीणों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे जनसुनवाई में उपस्थित होकर अपने विचार, सुझाव एवं आपत्तियाँ प्रस्तुत करें। जनसुनवाई में व्यक्त किए गए सभी सुझावों को अभिलेखित कर पर्यावरणीय स्वीकृति की प्रक्रिया में सम्मिलित किया जाएगा।

पर्यावरण संरक्षण विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनसुनवाई की प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, लोकतांत्रिक एवं विधिसम्मत है। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी परियोजना के क्रियान्वयन से पूर्व स्थानीय समुदाय की चिंताओं, अपेक्षाओं और पर्यावरणीय संरक्षण के पहलुओं पर गंभीरता से विचार किया जाए। पर्यावरण संरक्षण विभाग ने पुनः सभी नागरिकों  से अनुरोध किया है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर जनसुनवाई में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाएँ और पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास की दिशा में सहयोग प्रदान करें।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget