आरटीओ कार्यालय में फर्जीवाड़ा, झारखंड के फर्जी एनओसी से हुआ पंजीयन, दो बाबू गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार

*पुलिस ने वाहन को किया जब्त, गाड़ी के चेचिस नंबर से की गई छेड़छाड़*


शहडोल

आरटीओ कार्यालय शहडोलमें फर्जीवाड़े का बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें 15 साल से अधिक पुरानी कबाड़ बस को फर्जी दस्तावेजों के सहारे नया नंबर और वैध पंजीयन दे दिया गया। झारखंड की एक फर्जी एनओसी के आधार पर इस गाड़ी को नया जीवन देने वाले खेल में आरटीओ कार्यालय के दो कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी फरार है।

पूरा मामला तब उजागर हुआ जब शिकायतकर्ता ने इस संदिग्ध बस की जानकारी पुलिस को दी और जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए। वाहन एमपी 18 6155 जो 1992-93 मॉडल की थी और जिसकी उम्र परिवहन नियमों के अनुसार परमिट के योग्य नहीं थी, को झारखंड के रांची आरटीओ की फर्जी एनओसी के जरिए पुष्पेन्द्र मिश्रा नामक व्यक्ति के नाम पर शहडोल में रजिस्टर कराया गया। आरटीओ कार्यालय में कार्यरत बाबू अनिल खरे ने इस फर्जी एनओसी को जांचने का नाटक किया और फाइल को बिना आरटीओ के हस्ताक्षर के आगे बढ़ा दिया। इसके बाद बाबू एम.पी. सिंह बघेल ने दस्तावेजों पर दस्तखत किए और डिस्पैच सेक्शन की नीलमणि द्वारा एनओसी वाहन स्वामी को बाई हैंड सौंप दी गई। इतना ही नहीं, वाहन स्वामी ने खुद ही फर्जी सत्यापन पत्र भी तैयार कर लिया, जिसे स्वीकार कर लिया गया।

शिकायत मिलने पर पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया और टाटा कमर्शियल टीम से जांच कराई। जांच में यह सामने आया कि गाड़ी के चेचिस नंबर से छेड़छाड़ कर हथौड़े से नया नंबर पंच किया गया है। जब रांची आरटीओ से इस एनओसी की पुष्टि कराई गई तो सामने आया कि न तो वह नंबर झारखंड की किसी बस का है और न ही कोई एनओसी जारी की गई थी। बल्कि जिस नंबर (JH 01 P 4872) का उल्लेख था, वह वास्तव में मारुति वैगन आर के नाम पर पंजीकृत है। इस मामले में अनिल खरे और एम.पी. सिंह बघेल को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मास्टरमाइंड पुष्पेन्द्र मिश्रा अभी फरार है। पुलिस का कहना है कि यह फर्जीवाड़ा एक संगठित रैकेट की तरह काम कर रहा था, जिसमें आरटीओ कार्यालय के अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी शामिल हो सकते हैं। यदि जांच निष्पक्ष और गहराई से की गई तो एक दर्जन से अधिक कर्मचारियों पर कार्रवाई संभव है।

कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन ने मनाया गौरवशाली 28वाँ स्थापना दिवस, 27 वर्षों की उत्कृष्ट शिक्षा यात्रा

*सम्मान समारोह के साथ भव्य आयोजन*


अनूपपुर

आध्यात्मिक नगरी अमरकंटक में रविवार को कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन विद्यालय ने अपना 27वाँ वर्षगांठ और 28वाँ स्थापना दिवस उत्साह एवं धूमधाम के साथ मनाया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें अनुविभागीय अधिकारी राजस्व  सुधाकर सिंह बघेल मुख्य अतिथि, प्रबंधन्यासी हिमाद्रि मुनि महाराज तथा पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अमरकंटक की प्राचार्य अनुजा मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा मां वीणापाणी सरस्वती जी की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर समारोह का शुभारंभ किया गया। विद्यालय परिवार ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। तत्पश्चात विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

विद्यालय के विद्यार्थियों ने विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। महिला सशक्तिकरण पर आधारित नृत्य-नाटिका ‘द्रौपदी और सीता’, भक्ति-प्रधान ‘देवीमाई’, ‘शिवमहिमा’ और उल्लासपूर्ण ‘उत्सव नृत्य’ ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके साथ ही विद्यालय की विकास यात्रा पर आधारित संक्षिप्त डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी प्रदर्शित की गई, जिसे देखकर सभी अतिथि एवं दर्शक गहराई से प्रभावित हुए।

पूर्व प्राचार्य आर. एस. कुशवाहा ने विद्यालय की स्थापना कथा सुनाते हुए बताया कि 3 अगस्त 1998 को परम पूज्य महाराज कल्याण दास के आशीर्वाद से यह विद्यालय प्रारंभ हुआ था। उस समय विद्यालय में मात्र चार कक्षाएं, चार शिक्षक और 51 विद्यार्थी थे तथा मिडिल स्कूल स्तर तक ही शिक्षा दी जाती थी। अभिभावकों को प्रवेश के लिए प्रेरित करने हेतु आसपास के क्षेत्रों में जाना पड़ता था। महाराज श्री ने भविष्यवाणी की थी कि यह विद्यालय एक दिन वटवृक्ष बनेगा, और आज यह शिक्षा, संस्कार और संस्कृति का प्रमुख केंद्र बन चुका है। वर्तमान में यहाँ प्रवेश के लिए प्रतीक्षा सूची लगती है

प्रधानाचार्य कमलेश मिश्रा ने कहा कि यह विद्यालय केवल किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि नैतिकता, मित्रता और जीवन मूल्यों का भी पाठ पढ़ाता है। उन्होंने इसे अपने लिए गर्व और सौभाग्य का क्षण बताया कि वे इस संस्थान में सेवा दे रहे हैं। कल्याण सेवा आश्रम के अंतर्गत संस्थान कल्याण सेवा आश्रम के तत्वावधान में संचालित संस्थानों में कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन स्कूल, अमरकंटक कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन स्कूल, राजेंद्रग्राम (ICSE मान्यता प्राप्त) मां कल्याणिका पब्लिक स्कूल, पेंड्रारोड (छत्तीसगढ़) कल्याणिका बी.एड. महाविद्यालय, अमरकंटक शामिल हैं। इसके अलावा राजनांदगांव में एक नया विद्यालय निर्माणाधीन है और भविष्य में अनूपपुर में भी विद्यालय खोलने की योजना है। प्रबंधन्यासी हिमाद्रि मुनि महाराज ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट किया।

भारत विकास परिषद ने पीआरटी कॉलेज में पौधरोपण कर संरक्षित करने का भी लिया संकल्प


अनूपपुर 

सम्पर्क, सहयोग संस्कार, सेवा और समर्पण इन पांच सूत्रों के साथ स्वस्थ समर्थ संस्कारित भारत ध्येय वाक्य के साथ काम करनेवाली पूर्ण राष्ट्रीय सामाजिक संगठन भारत विकास परिषद, जो सेवा संस्कार और पर्यावरण के क्षेत्र में वर्षों से कार्य कर रही है और जिसके सम्पूर्ण भारत वर्ष में लगभग 20 लाख सदस्य हैं कि अनूपपुर शाखा ने वृहद पौधारोपण किया। पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से भारत विकास परिषद शाखा अनूपपुर के द्वारा पीआरटी महाविद्यालय बरीं अनूपपुर प्रांगण में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहाँ विशेष उल्लेखनीय है कि परिषद पौधों को लगाने के साथ साथ उन्हे संरक्षित करने का भी काम कर रही है।

जब - जब गर्मी का भीषण कहर पडता है, तब - तब हम हजारों पौधे लगाने का संजीदा सा संकल्प लेते हैं। बारिश आते ही सेल्फी, फोटो, वीडियो के प्रोत्साहन के साथ हजारों, लाखों की संख्या मे सरकारी, गैर सरकारी पौधे लगाए जाते हैं। लेकिन इसके बावजूद हमारे आसपास पौधे, वृक्ष का स्वरुप लेते नहीं दिखलाई पडते।

भारत विकास परिषद अनूपपुर इस मामले मे अपवाद साबित हुआ है। विगत सात-आठ वर्ष मे परिषद द्वारा लगाए गये सभी पौधे सुरक्षित और बड़े हो रहे हैं। इस वर्ष रविवार, 3 अगस्त को भारत विकास परिषद अनूपपुर द्वारा पी आर टी कालेज परिसर बरीं मे वृहद पौधारोपण किया गया।

भारत विकास परिषद विंध्य प्रांत के अध्यक्ष डा देवेन्द्र तिवारी, संघ के जिला संघ चालक राजेन्द्र तिवारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. आर के वर्मा, मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज द्विवेदी, भारत विकास परिषद अनूपपुर शाखा के अध्यक्ष राज किशोर तिवारी, हरिशंकर वर्मा, बाल भारती विद्यालय जैतहरी की उन्नति बी जोशी, वीरेन्द्र सिंह, शब्द आधारी सिंह, आनंद पाण्डेय, अजय तिवारी, अरविन्द पाठक, विजय तिवारी, जीवेन्द्र तिवारी, महेश दीक्षित, पुष्पेन्द्र पाण्डेय, रमाकांत तिवारी, विमल पाण्डेय के साथ पी आर टी महाविद्यालय के छात्र छात्राओ सहित अन्य लोगों ने परिसर मे आम, अशोक, आँवला, नीम, जामुन गोलमोहर के लगभग डेढ सौ पौधे लगाए । इन पौधों को लगाने के बाद सभी ने पौधा संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। संस्थान ने उपस्थित लोगों को तुलसी का पौधा भेंट किया।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget