245 लीटर 3 लाख की अवैध शराब जप्त, पुलिस ने 2 आरोपियो को किया गिरफ्तार

*18 लाख की लग्जरी कार भी जब्त*


अनूपपुर

जिले में कबाड़ और शराब सहित अन्य अवैध कारोबार पर एक बार पुलिस फिर से सख्त दिखाई दे रही है। नवागत पुलिस कप्तान मोती उर रहमान के जिले की कमान संभालते ही पुलिस ने सप्ताह भर में दर्जनों कारवाई कर डाली है। जिससे अवैध कारोबार से संबंधित कारोबारियों में खौफ का माहौल बना हुआ है। 25 अगस्त को जहां कोतवाली और फुनगा  चौकी पुलिस ने कबाड़ के गोडाउन पर कारवाई कर 80 लाख का कबाड़ तो फुनगा चौकी पुलिस ने कबाड़ लदा मालवाहक वाहन जब्त किया, वहीं 26अगस्त को जैतहरी पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ करवाई कर 3 लाख की अवैध देसी और अग्रेंजी शराब जब्त की है। बताया जाता है  कि जैतहरी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार की शाम यह करवाई की है। यहां लग्जरी कार में अवैध शराब के परिवहन करने के दौरान 245 लीटर देशी एवं अंग्रेजी शराब जब्त करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है । एसडीओपी सुमित केरकेट्टा ने जानकारी देते हुए बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि वार्ड क्रमांक 6 निवासी हरीश पिता तीरथ दीवानी उम्र 54 वर्ष जैतहरी शराब दुकान से किया लग्जरी कार में चालक अभिषेक पिता संतोष कुशवाहा उम्र 24 वर्ष के साथ शराब को अपने घर वार्ड क्रमांक 6 लेकर जा रहा है । इसी दौरान जैतहरी पुलिस ने एक टीम गठित कर दबिश दी तो मौके से 245 लीटर शराब कीमत लगभग 3 लाख एवं कार किया लग्जरी कार की कीमत लगभग 18 लाख कुल कीमत 21 लाख को जप्त करते हुए आबकारी एक्ट 34(2 )के तहत मामला पंजीबद्ध कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए जांच शुरू किया है ।एसडीओपी ने बताया कि जैतहरी शराब दुकान संचालक के विरुद्ध भी मामला दर्ज किया जाएगा।

संभागीय उपायुक्त ने प्रभारी प्राचार्य उदय नारायण सिंह को किया निलंबित


अनूपपुर 

संभागीय उपायुक्त जनजातीय कार्य विभाग शहडोल ने मध्यप्रदेश राजपत्र प्राधिकार से प्रकाशित 08 अगस्त 2018 की अनुसूची 01 के नियम 06 एवं म०प्र० सिविल सेवा (वर्गीकरण नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 09 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए उदय नारायण सिंह माध्यमिक शिक्षक (पी.टी.आई) प्रभारी प्राचार्य उ.मा.वि. खम्हरौध विकास खण्ड पुष्पराजगढ जिला अनूपपुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। निलंबन अवधि में उदय नारायण सिंह माध्यमिक शिक्षक (पी.टी.आई.) का मुख्यालय खण्ड शिक्षा अधिकारी जैतहरी जिला अनूपपुर नियत किया जाता है। निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

गौरतलब है कि उदय नारायण सिंह माध्यमिक शिक्षक (पी.टी.आई.) प्रभारी प्राचार्य उ.मा.वि. खम्हरौध वि.ख. पुष्पराजगढ जिला अनूपपुर के विरूद्ध दर्ज एफ.आई.आर अपराध कमांक 64(2) (बी) बी.एन.एस एवं 3 (2) (व्ही) एस.सी/एस.टी. का अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया है। श्री उदय नारायण सिंह माध्यमिक शिक्षक (पी.टी.आई) का उक्त कृत्य म०प्र०सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 03 के विपरीत एवं दण्डनीय है।

राज्य परिवहन निगम की बसें तत्काल प्रारंभ की मांग के साथ पूरे प्रदेश में आंदोलन की घोषणा- विजेंद्र सोनी

*प्रदेश के करोड़ों गरीब ग्रामीण और मध्य वर्गीय लोग भीषण तकलीफ और दुर्दशा के शिकार*


 अनूपपुर

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी मध्य प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य  विजेन्द्र सोनी एडवोकेट ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया है कि संपूर्ण मध्य प्रदेश में मध्य प्रदेश राज्य परिवहन की बसें तत्काल चालू किए जाने एवं यात्री समस्याओं से संबंधित अन्य मांगों को लेकर राज्यव्यापी आंदोलन प्रदेश के बस स्टैंड में किए जाने का फैसला लिया गया है।

 उसी तारतम्य में अनूपपुर एवं कोतमा बस स्टैंड के समक्ष भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी जिला परिषद अनूपपुर द्धारा राज्य परिवहन निगम की बसें तत्काल चालू किए जाने की मांग को लेकर जन जागरण अभियान के तहत बस स्टैंड के समक्ष पर्चा वितरण का कार्यक्रम करेगी कामरेड विजेन्द्र सोनी ने आगे कहा कि, मध्यप्रदेश रेल सेवाओं के मामले में अत्यंत पिछड़ा हुआ है। बहुत से जिले आज भी रेल सेवा से वंचित हैं।रेल विभाग ने कुछ सालों में सुनियोजित तरीके से सस्ती टिकट वाली पैसेंजर ट्रेन या तो बंद कर दी हैं या उन्हें महंगे किराए वाली एक्सप्रेस ट्रेन में बदल दिया है और एक्सप्रेस ट्रेन में जनरल और स्लीपर कोच लगातार घटा कर आम आदमी की पहुंच से बाहर एयरकंडीशन डब्बे बढा़ये जा रहे हैं। राज्य के जिलों को जोड़ने वाली ट्रेनें आये दिन किसी न किसी बहाने से निरस्त कर दी जाती हैं। ऐसे में आम जनता यातायात के लिए पूरी तरह निजी बस सेवा पर निर्भर हैं। छोटे मार्गों पर चलने वाली बसों में लोग जान जोखिम में डालकर यात्रा करने के लिए मजब़ूर हैं क्योंकि न तो इन गाड़ियों का कोई फिटनेस होता है न देखभाल।

कंडम हो चुकी बसों में मजब़ूर यात्रियों को जानवर की तरह ठूंसा जाता है और आये दिन ये बसें दुर्घटना का शिकार होकर निरीह यात्रियों की जान लेती रहती हैं।इन गाड़ियों को चलाने वाले अक्सर अप्रशिक्षित और बिना लाइसेंस वाले ड्राइवर होते हैं जो कई बार नशे में धुत होते हैं और यात्रियों की जान से खिलवाड़ करते हैं। यात्रियों से दुर्व्यवहार और मनमाना किराया वसूलना एक सामान्य बात हो गई है।इस बात की कोई गारंटी नहीं होती कि बस में बिठाने के बाद यात्रियों को गंतव्य स्थान तक छोड़ा ही जायेगा और कम पैसेंजर होने के बहाने से बीच में हीं उतार दिया जायेगा। चाहे जब कभी शादी विवाह के सीजन के नाम पर कभी चुनाव के लिए और कभी बड़े नेता की सभा में भीड़ जुटाने के लिए इन बस सेवाओ को निरस्त कर दिया जाता है और लोगों को भटकने के लिए छोड़ दिया जाता है। ख़ास बात यह कि अधिकांश बस मालिक भाजपा या कांग्रेस के नेता हैं और इसलिए    परिवहन विभाग के भ्रष्ट अधिकारी इन तमाम गड़बड़ियों और गैर कानूनी जनता विरोधी धांधलियों की ओर आंख मूंदे रहते हैं।

एक कल्याणकारी राज्य की यह जिम्मेदारी है कि वह आम जनता के लिए सस्ती सुलभ और सुरक्षित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराये। इसलिए आज भी अधिकांश राज्यों में सरकार द्वारा संचालित परिवहन निगम सफलता पूर्वक चल रहे हैं। लेकिन मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार ने परिवहन माफिया को लाभ पहुंचाने के लिए राज्य परिवहन निगम को समाप्त कर दिया, निगम की अरबों रुपए की संपत्ति की आपस में मिली भगत करके लूटमार कर ली और कर्मचारियों और उनके परिवारों को भूखा मरने और अपने बकाया पाने के लिए कोर्ट कचहरी में एड़ियां रगड़ने के लिए छोड़ दिया। भाजपा सरकार की भ्रष्ट जनविरोधी नीति के चलते आज प्रदेश के करोड़ों गरीब ग्रामीण और मध्य वर्गीय लोग भीषण तकलीफ और दुर्दशा का शिकार हैं।

इसलिए आज समय की मांग है कि प्रदेश में तत्काल राज्य परिवहन निगम को प्रारंभ किया जाये और जनता को फौरी राहत प्रदान की जाये। भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी आम जनता से आह्वान करती है कि परिवहन निगम को पुनः प्रारंभ करने के लिए उसके 30 अगस्त को होने वाले आंदोलन में सहयोग प्रदान करे ।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget