झमाझम बारिश से मुड़ना नदी उफान पर, पुल के ऊपर 7 फिट  पानी, दोनों तरफ लगा जाम

*उमरिया व सिंहपुर सड़क मार्ग हुआ बन्द, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में पानी भर गया*


शहड़ोल

शहडोल में लगातार हो रही बारिश के कारण शहर पानी पानी हो गया है। शहडोल से उमरिया को जोड़ने वाला पाली रोड, आकाशवाणी के समीप स्थित मुड़ना नदी दो दशक बाद पुल के ऊपर से बह रही है। दोनों तरह वाहन की लंबी कतारें लगी हुई हैं। जिले में पिछले करीब 10 घंटे से लगातार झमाझम बारिश हो रही है। जिससे चारों ओर तालाब जैसी स्थिति बन गई है। नदी-नालों के उफान पर आने के कारण कई गांवों का आवागमन अवरुद्ध हो गया है, साथ ही मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। मुड़ना नदी 20 साल बाद फिर से अपने विकराल रूप में नजर आ रही है। वहीं, बारिश के कारण प्रदेश के राज्यपाल का दौरा कार्यक्रम दूसरे दिन भी निरस्त करना पड़ा।

लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में घरों और दुकानों में पानी भर गया। नाले का पानी घरों में घुसने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। रात करीब 10 बजे से शुरू हुई बारिश अब भी जारी है। नदी के आसपास सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आकाशवाणी मुड़ना नदी, पांडव नगर मुड़ना पुल, एमपीईबी कॉलोनी मुड़ना पुल और पोंडा नाला, कोनी मुड़ना नदी में पानी ओवरफ्लो होने के कारण आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। बारिश के कारण कलेक्टर ने स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी है। 

*दो दशक बाद पुल के ऊपर पानी*

शहडोल से उमरिया को जोड़ने वाला पाली रोड, आकाशवाणी के समीप स्थित मुड़ना नदी दो दशक बाद पुल के ऊपर से बह रही है। नदी विकराल रूप में है, पुल से करीब 7 फीट ऊपर बहने से आवागमन रुक गया है। स्थानीय निवासी यूनुस खान का कहना है कि यह पुल दो दशक पहले बंद हुआ था। अब, शुक्रवार की रात हुई तेज बारिश के कारण शनिवार तड़के से मार्ग बंद हो गया है। यह मार्ग शहडोल से पाली और उमरिया को जोड़ने का मुख्य मार्ग है। सुबह से लोगों का हुजूम इकट्ठा हो रहा है और ओवरफ्लो चल रही नदी को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो रहे हैं।

*पानी के कारण सिंहपुर रोड बंद*

सिंगापुर रोड में स्थित पांडा नाला बीती रात से ही तेज बहाव में बह रहा है, जिसकी वजह से शहडोल-पंडरिया मार्ग अवरुद्ध हो गया है। यह मार्ग छत्तीसगढ़ के रायपुर को जोड़ता है, जिसमें पूरी तरह से आवाजाही बंद कर दी गई है। दोनों ओर पुलिस बल तैनात है और लोगों को आवाजाही से रोका जा रहा है।

*बांधवगढ़ मार्ग बंद*

कोनी में मुड़ना नदी उफान पर है, जिससे शहडोल से बांधवगढ़ जाने का मुख्य मार्ग भी बंद हो गया है। यह मार्ग शहडोल से बांधवगढ़ होकर मानपुर से गुजरता है। बीती रात से हो रही तेज बारिश के कारण यह मार्ग बंद कर दिया गया है। यह नदी दो जिलों, शहडोल और उमरिया, की सीमा को निर्धारित करती है। दोनों जिलों की पुलिस ने अपनी तैनाती लगाकर आवागमन रोक दिया है। यहां नए पुल का निर्माण चल रहा है, लेकिन पुराने पुल से कई घंटे से आवाजाही बंद है। हालांकि नए पुल से लोग पैदल आ-जा सकते थे, लेकिन अब नए पुल के ऊपर से भी पानी बहने लगा है, जिससे पूरी तरह से लोगों की आवाजाही बंद हो गई है और सैकड़ों गांवों का संपर्क मुख्यालय से टूट गया है।

*जान जोखिम में डालकर नदी देखने पहुंचे लोग*

नदी-नाले उफान पर हैं और लोग अपनी जान की परवाह किए बिना ही बहती नदी के पानी में खड़े होकर उसे देख रहे हैं। लोगों के साथ छोटे-छोटे बच्चे भी हैं, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं थे। इस दौरान यहां पुलिस की टीम भी मौजूद नहीं थी। 

*नदियों के दोनों ओर लगा लंबा जाम*

नदी-नाले उफान पर होने के कारण आवाजाही अवरुद्ध हो गई है और दोनों ओर काफी संख्या में वाहनों की लंबी लाइन लगी हुई है। लोग इंतजार कर रहे हैं कि पुल से पानी उतरने के बाद वे अपने घरों के लिए रवाना हो सकें।

*हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में पानी भर गया*

शहर के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में कई घरों में पानी भर गया है। बीती रात से ही लोग पंप लगाकर घरों से पानी निकालने की कोशिश कर रहे हैं। नगरपालिका ने हाल ही में नाली का निर्माण किया था, लेकिन तकनीकी खामियों के चलते बारिश का पानी नाली में न जाकर लोगों के घरों में घुस रहा है।

*स्कूली बच्चों की छुट्टी घोषित*

शहडोल में बीती रात से हो रही मूसलाधार बारिश की वजह से कलेक्टर ने पहली से आठवीं कक्षा के जिले के सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है। कलेक्टर केदार सिंह ने आदेश जारी करते हुए बताया कि अति वर्षा को देखते हुए यह अवकाश घोषित किया जाता है। इस दौरान सभी शिक्षक विद्यालय पहुंचकर शासकीय कार्य करेंगे।

अज्ञात वाहन ने गाय को मारी टक्कर, दो की मौत, दो घायल


शहडोल

जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत महाराणा प्रताप चौक के पास अज्ञात वाहन की ठोकर से दो गाय की मौत हो गई। जबकि दो अन्य गाय घायल हो गई। इस हादसे के बारे मे गौ सेवक गौरव मिश्रा ने बताया कि सुबह उनको 8 बजे करीब नगर पालिका के अमले के द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि अज्ञात वाहन चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए सड़क में बैठी हुई गायों को ठोकर मार दी हैं। जिससे दो गायों की स्थल पर मौत हो गई तो वहीं दो अन्य गाय घायल हो गई हैं। सूचना मिलने के बाद अटल कामधेनु गौ सेवा के गौ सेवक अमर सोनी, प्रकाश सेन तत्काल स्थल पर पहुंचकर घायल गायों का प्राथमिक उपचार कर उन्हें गौ शाला में भिजवाया।

बेटी के घर जा रही महिला की ट्रेन की चपेट में आने से हुई मौत


अनूपपुर

जिले के कोतमा थाना अंतर्गत 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत ट्रेने की चपेट में आने से हो गई। कोतमा रेलवे स्टेशन से लगभग दो किलोमीटर दूर चंगेरी के पास हादसा हुआ है। मौके पर आर.पी.एफ और पुलिस की टीम पहुंची है। प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला चंगेरी गांव निवासी सूखनी बाई चौधरी (75 वर्ष) पति जियावन चौधरी जो कि अपने बेटी के घर मौहार टोला जा रही थी। दोपहर में रेल लाइन पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आई गई। सुखनी बाई को सुनाई और दिखाई भी कम देता था। जिस कारण भी उक्त हादसा होने की संभावना जताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पीएम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget